Neeti Mohan Father Death: सिंगर नीति मोहन के पिता का हुआ निधन, सोशल मीडिया पर शेयर किया इमोशनल पोस्ट

Neeti Mohan Father Death: सिंगर नीति मोहन अपने पिता बृज मोहन शर्मा के निधन से टूट गई हैं। पिता का निधन 15 अक्टूबर को हुआ था। गायिका ने सोशल मीडिया पर यह दुखद खबर साझा की और अपने पिता को श्रद्धांजलि देते हुए एक भावुक नोट लिखा। नीति ने अपने पिता को एक प्यार करने वाले अभिभावक, मार्गदर्शक और परिवार का आधार स्तंभ बताया। अपने नोट में उन्होंने यह भी लिखा कि परिवार को उनकी कमी कितनी गहराई से खलेगी।

इंस्टाग्राम पर अपने पिता की एक तस्वीर साझा करते हुए नीति मोहन ने लिखा, “बहुत गहरे दुख और भारी मन के साथ, हम अपने प्यारे पिता, श्री बृज मोहन शर्मा के निधन की दुखद खबर साझा कर रहे हैं, जो 15 अक्टूबर 2026 को इस दुनिया से विदा हो गए। वे एक बेहतरीन पति और पिता, हमारे मार्गदर्शक और हमारे परिवार का आधार स्तंभ थे। उनकी समझदारी, दयालुता, संस्कार और निस्वार्थ प्रेम हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे। भले ही वे अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद, उनकी सीख और उनकी खूबसूरत यादें जीवन भर हमारा मार्गदर्शन करती रहेंगी।”

उन्होंने आगे लिखा- “उनके जाने से एक ऐसा खालीपन आ गया है, जिसे कभी भरा नहीं जा सकता। लेकिन उनका प्यार हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेगा। ईश्वर उनकी नेक आत्मा को शांति प्रदान करे। हम आपको बहुत याद करेंगे पापा।” कई मशहूर हस्तियों ने नीति मोहन और उनके परिवार को सांत्वना संदेश भेजे हैं। मनीष पॉल ने कमेंट किया- “ओम शांति।” नेहा धूपिया ने भी अपना प्यार जताते हुए लिखा, “नीति तुम्हें और पूरे परिवार को मेरा प्यार और हिम्मत मिले।”

बृज मोहन शर्मा सरकारी अधिकारी थे और साथ ही एक लेखक भी थे। नीति और उनकी बहनें – शक्ति, मुक्ति और कृति – उन्हें अपने परिवार की रीढ़ मानती थीं। बता दें कि नीति मोहन एक जानी-मानी प्लेबैक सिंगर हैं, जिन्होंने कई लोकप्रिय बॉलीवुड गानों में अपनी आवाज दी है। उनके हिट ट्रैक में स्टूडेंट ऑफ द ईयर से इश्क वाला लव, जब तक है जान से जिया रे, गुंडे से तूने मारी एंट्रियां, ब्रदर्स से सपना जहां, बार बार देखो से सौ आसमान, पद्मावत से नैनोवाले ने, गंगूबाई काठियावाड़ी से मेरी जान और कलंक से फर्स्ट क्लास शामिल हैं।

आखिरी गाने से फिर गूंजेगी आशा ताई की आवाज! उनके 93वीं जयंती पर

एवरग्रीन सिंगर आशा भोसले की सुरीली आवाज का जादू आज भी म्यूजिक लवर के बीच कायम है। 8 सितंबर को उनकी 93वीं जयंती पर सभी उन्हें याद कर रहे है। उनके निधन के बाद यह पहली बर्थ एनिवर्सरी है, इसलिए यह दिन उनके चाहने वालों के लिए बेहद भावुक है। इस मौके पर उनका आखिरी रिकॉर्ड किया गया फिल्मी गाना भी रिलीज किया जा रहा है। साथ ही, मुंबई में उनके यादगार गानों के जरिए उन्हें खास अंदाज में श्रद्धांजलि दी जा रही है।

संगीत की दुनिया में आशा ताई का शानदार सफर

आशा भोसले के फैंस के लिए उनकी जयंती का दिन बेहद खास है। इस दिन उनका आखिरी रिकॉर्ड किया गया फिल्मी गाना “ऐ मेरी जिंदगी, तू छुपी है कहां” रिलीज हो रहा है। यह गाना साल 2023 में रिकॉर्ड किया गया था और फिल्म ‘ओम का हरि’ का हिस्सा है। आशा ताई ने यह गाना अपनी तबीयत खराब होने से पहले शंकर महादेवन और निलाद्री कुमार के साथ तैयार किया था। आशा भोसले की जयंती पर मुंबई के विले पार्ले दीनानाथ मंगेशकर नाट्यगृह में ‘दिल में आशा’ नाम से खास म्यूजिकल ट्रिब्यूट कार्यक्रम रखा गया है। इस इवेंट में उनकी म्यूजिकल जर्नी को याद किया जा रहा है। जिसमे 12 घंटे तक आशा जी के 93 सुपरहिट हिंदी गाने पेश किए जा रहे हैं। इस तरह उनके जन्मदिन को उनके ही सदाबहार गानों के साथ यादगार बनाया जा रहा है।

हजारों गानों से बनाई अलग पहचान

आशा भोसले का जन्म 8 सितंबर 1933 को महाराष्ट्र के सांगली में हुआ था। उनका परिवार संगीत से गहराई से जुड़ा हुआ था। उनके पिता दीनानाथ मंगेशकर जाने-माने शास्त्रीय गायक और रंगमंच कलाकार थे। बड़ी बहन लता मंगेशकर भी संगीत की दुनिया की महान गायिका बनीं। ऐसे माहौल में आशा जी ने बचपन से ही संगीत सीखा और धीरे-धीरे अपनी अलग पहचान बनाई। आशा भोसले ने अपने लंबे संगीत करियर में कई भाषाओं में गाने गाए। करीब 8 दशकों तक उन्होंने अपनी आवाज से फिल्मी संगीत को नई पहचान दी। उन्होंने 20 से ज्यादा भाषाओं में 12 हजार से ज्यादा गानों को अपनी आवाज दी। रोमांटिक गीतों से लेकर कैबरे, गजल और भाव भरे गीतों तक उन्होंने अलग-अलग तरह के गाने गाकर अपनी पहचान शाबित की।

संगीत की दुनिया में उनके लंबे और शानदार योगदान को देखते हुए आशा भोसले को कई बड़े सम्मान मिले। उन्हें दादासाहब फाल्के पुरस्कार और पद्म विभूषण जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा गया। उनकी आवाज और गाने आज भी कई जनरेशन के बीच पॉपुलर हैं। आशा भोसले ने अपनी सुरीली आवाज से संगीत की दुनिया में ऐसी पहचान बनाई, जिसे भुला पाना आसान नहीं है। उनके गाने आज भी लोगों को पुराने खूबसूरत पलों की याद दिलाते हैं। उनकी आवाज में हर तरह के गीत को खास बना देती थी। शायद यही कारण है कि आशा ताई हमारे बीच न होते हुए भी अपने संगीत से हमेशा लोगों के बीच मौजूद रहेंगी।

Shreya Ghoshal: श्रेया घोषाल ने बॉलीवुड की ‘पुरुष-प्रधान’ म्यूजिक इंडस्ट्री पर सवाल उठाए, बोलीं- यह Patriarchal और जेंडर बेस्ड मामला है

Shreya Ghoshal: बॉलीवुड के कुछ सबसे बड़े हिट गानों में ऐसे बोल भी रहे हैं, जिन पर महिलाओं को आपत्ति हो सकती है। श्रेया घोषाल का कहना है कि उन्होंने पहले भी ऐसे गाने करने से मना किया है, भले ही वे बाद में बहुत लोकप्रिय हुए हों। इस मशहूर प्लेबैक सिंगर के लिए, यह मामला कुछ आपत्तिजनक लाइनों से कहीं बड़ा है, क्योंकि यह उस म्यूजिक इंडस्ट्री की ओर इशारा करता है, जिसे वह आज भी “पुरुष-प्रधान” मानती हैं।

‘द मेल फेमिनिस्ट पॉडकास्ट’ के साथ एक इंटरव्यू में, श्रेया घोषाल से उन गानों को मना करने के बारे में पूछा गया जिनके बोल आपत्तिजनक थे। सिंगर ने कहा, “गाने के बोल तो एक बात है। इसके अलावा कंपोज़िशन और गाने का अंदाज़ भी मायने रखता है। कुछ ऐसे लोकप्रिय गाने थे जो बहुत सफल रहे, लेकिन मैंने उन्हें गाने से मना कर दिया।

अच्छी बात यह है कि अब ऐसे गाने काफी कम हो गए हैं। एक समय के बाद, फिल्मों में गाने ऐसे हो गए कि महिला सिंगर्स को सिर्फ़ उसी तरह के गाने दिए जाने लगे। बाकी गाने पुरुषों के होते थे, और कुछ रोमांटिक डुएट होते थे।”

उन्होंने आगे कहा, “तो हमें यह देखना होगा कि यह सब कहां से शुरू हो रहा है। यह समस्या गायिकाओं, अभिनेत्रियों और इस इंडस्ट्री से जुड़े हर व्यक्ति के लिए है। यह थोड़ा पितृसत्तात्मक और जेंडर-आधारित मामला है। लेकिन अच्छी बात यह है कि अब इंडिपेंडेंट म्यूज़िक की वजह से इसमें बदलाव आ रहा है। फिर भी, मुझे लगता है कि यह बहुत ज़्यादा पुरुष-प्रधान है। मैंने पहले भी इस बारे में खुलकर बात की है, और मुझे कोई फ़र्क नहीं पड़ता कि इसे किस नज़रिए से देखा जाता है – अच्छा या बुरा।”

वहीं, 2025 में लिली सिंह से बातचीत के दौरान, श्रेया ने माना था कि उन्होंने अपने करियर में कुछ बोल्ड गाने गाए हैं, जिनमें ‘चिकनी चमेली’ भी शामिल है। हालांकि, उन्होंने कहा कि आज वह ऐसे गाने नहीं गाएंगी। श्रेया ने कहा था, “सेंसुअल या सेक्सी होने और पूरी तरह से ऑब्जेक्टिफ़ाई होने या आम तौर पर महिलाओं को ऑब्जेक्टिफ़ाई करने के बीच एक बहुत बारीक फ़र्क होता है।

समय के साथ मैं ज़्यादा जागरूक इसलिए हुई हूं क्योंकि मैं छोटी बच्चियों को इन गानों का मतलब समझे बिना गाते हुए देखती हूं। वे बस इन गानों पर डांस करती हैं और मेरे पास आकर कहती हैं, ‘ओह, हमें आपका गाना बहुत पसंद है! क्या हम आपके लिए इसे गा सकते हैं?’ और मुझे बहुत शर्मिंदगी महसूस होती है। पांच या छह साल की छोटी बच्ची जब ऐसे बोल गाती है तो यह सही नहीं लगता।”

Shaan: शान और उनकी पत्नी राधिका मुंबई के बांद्रा में 3 लग्जरी फ्लैट के बने मालिक, 47.64 करोड़ में हुई डील

Shaan: शान के नाम से मशहूर शांतनु मुखर्जी और उनकी पत्नी राधिका मुखर्जी ने बांद्रा वेस्ट में तीन अपार्टमेंट खरीदे हैं। CRE Matrix के हाथ लगे प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक, ये प्रॉपर्टीज़ टर्नर रोड पर ‘पामेरा डेवलपमेंट’ का हिस्सा हैं और इन्हें डेवलपर NVK रियल्टी LLP से खरीदा गया है।

ये तीनों घर इस लग्ज़री प्रोजेक्ट की ऊपरी मंजिलों पर हैं और इनका कुल एरिया 6,267.87 स्क्वेयर फ़ीट है। रजिस्ट्रेशन डॉक्यूमेंट्स से पता चलता है कि इस खरीद के लिए कपल ने ₹47.64 करोड़ चुकाए, जिसमें हर अपार्टमेंट की कीमत लगभग ₹15.88 करोड़ थी।

यह डील आधिकारिक तौर पर 20 अगस्त, 2026 को रजिस्टर हुई थी और इसमें ₹2.70 करोड़ की स्टाम्प ड्यूटी का भुगतान किया गया था। इस खरीद के साथ नौ कार पार्किंग की जगहें भी मिली हैं। तीन अलग-अलग घरों के बजाय, इन अपार्टमेंट्स को मिलाकर एक बड़ा घर बना दिया गया है। अब यह घर उस कपल की प्रॉपर्टी का हिस्सा बन गया है।

पामेरा प्रोजेक्ट का बॉलीवुड के इतिहास से भी कनेक्शन है। डेवलपर की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, टर्नर रोड वाली इस प्रॉपर्टी में पहले मशहूर एक्ट्रेस माला सिन्हा रहती थीं। स्क्वायर यार्ड्स द्वारा देखे गए प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन डॉक्यूमेंट्स के अनुसार, 2025 में शान और उनकी पत्नी ने पुणे के प्रभाचीवाड़ी में ₹10 करोड़ में एक लग्ज़री बंगला खरीदा था।

इस डील में प्लॉट और बंगला दोनों शामिल थे। प्लॉट का साइज लगभग 0.4 हेक्टेयर या करीब 4,787.92 वर्ग गज है, जबकि बना हुआ एरिया (बिल्ट-अप एरिया) लगभग 5,500 वर्ग फुट है, जो करीब 511.04 वर्ग मीटर के बराबर है। इस खरीद पर ₹50 लाख की स्टाम्प ड्यूटी और ₹30,000 की रजिस्ट्रेशन फीस लगी। शान ‘कल हो ना हो’, ‘तनु वेड्स मनु’ और ‘दस’ जैसी फिल्मों के गानों समेत कई पॉपुलर बॉलीवुड गानों के लिए जाने जाते हैं।

इससे पहले 2026 में, सिंगर श्रेया घोषाल ने अपने माता-पिता शमीष्ठा घोषाल और बिस्वजीत घोषाल के साथ मिलकर वर्ली में ₹29.70 करोड़ में एक अपार्टमेंट खरीदा था। जैपकी.कॉम (Zapkey.com) द्वारा देखे गए रजिस्ट्रेशन डॉक्यूमेंट्स के अनुसार, जुबिन नौटियाल ने भी मध आइलैंड इलाके में ₹4.94 करोड़ में 4 BHK अपार्टमेंट खरीदा था।

स्क्वायर यार्ड्स को मिले डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक, सिंगर स्टेबिन बेन ने अपने परिवार के सदस्यों बेन अलेक्जेंडर और ज्योत्सना बेन के साथ मिलकर पिछले साल बांद्रा में ₹6.67 करोड़ में एक डुप्लेक्स अपार्टमेंट खरीदा था। वहीं, स्क्वायर यार्ड्स को मिले प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन डॉक्यूमेंट्स के अनुसार, कंपोजर और सिंगर अनु मलिक और उनकी पत्नी अंजू मलिक ने सांताक्रूज वेस्ट में लगभग ₹14.49 करोड़ में दो अपार्टमेंट बेचे।

Kumar Sanu: ‘मुझे बहुत परेशान किया गया, मूवी माफिया ने अश्लील गाने गाने का दवाब बनाया ‘, कुमार सानू ने 90 के दशक को किया याद

Kumar Sanu: जाने-माने सिंगर कुमार सानू अश्लील गानों के खिलाफ हैं और उन्होंने यह बात साफ तौर पर कही है। एक नए इंटरव्यू में, उन्होंने उन गानों के बारे में बात की जो उन्होंने 1990 के दशक में अपने करियर के पीक पर गाए थे। उन्होंने कहा कि वे ऐसे गाने गाने से बचते थे जो अच्छे नहीं बल्कि अश्लील होते थे, हालांकि, कभी-कभी ‘मूवी माफिया’ के दबाव में उन्हें ऐसा करना पड़ता था।

ज़ूम के साथ एक इंटरव्यू में कुमार सानू ने कहा, “मेरा एक उसूल था कि मैं अपने गानों में अश्लीलता नहीं लाऊंगा। लेकिन एक-दो बार ऐसा हुआ जब मैं इस बात पर कायम नहीं रह पाया क्योंकि मुझ पर इतना दबाव था कि मुझे लगा कि मुझे वे गाने गाने ही होंगे, वरना काम नहीं चलेगा।”

उन्होंने आगे कहा कि ‘फिल्म माफिया’ के दबाव के बावजूद, वह अपने सिद्धांतों पर अडिग हैं और बोले, “मेरे पास एक-दो ऐसे गाने हैं। मेरे एक-दो गाने, जैसे ‘राज गया तबला तबले में…’, इसी श्रेणी में आते हैं। इसके अलावा, मैंने हमेशा से ही अश्लील गानों से परहेज किया है, और आज भी करता हूं। मैं आज तक इसी सिद्धांत पर कायम हूं। तो उसमें एक चीज होती है कि पता नहीं मेरा नुकसान तो बहुत हुआ लेकिन मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता।”

हाल ही में कुमार सानू ने पिछले साल पार्श्व गायक उदित नारायण से जुड़े विवाद पर तंज कसा था। द लल्लनटॉप के साथ हाल ही में हुई बातचीत में, सानू से 1990 के दशक में महिला प्रशंसकों के बीच उनकी लोकप्रियता के बारे में पूछा गया, जिस पर उन्होंने प्रशंसकों को किस के बारे में एक तीखे कमेंट के साथ जवाब दिया।

‘आशिकी’ गायक ने कहा, “नहीं मुझे किसी ने किस नहीं। न मैंने किसी को किस किया। न तो मैंने किस दिया, न लिया। मैंने वो सब नहीं किया।”

यह टिप्पणी उदित नारायण के उस वायरल कॉन्सर्ट वीडियो के बाद आई है, जिसमें उन्हें महिला प्रशंसकों को चूमते हुए दिखाया गया था, जिसमें वे एक प्रशंसक को होंठों पर चूमते हुए भी दिखे थे। इस वीडियो को लेकर उन्हें व्यापक आलोचना का सामना करना पड़ा था।

कुमार सानू को हिंदी फिल्म संगीत में सबसे प्रसिद्ध आवाजों में से एक माना जाता है। उनकी 1990 के दशक की हिट फिल्मों में मेरा दिल भी कितना पागल है, एक लड़की को देखा, दो दिल मिल रहे हैं, तुम मिले दिल खिले, तुझे देखा तो ये जाना सनम, आंखों की गुस्ताखियां, चुरा के दिल मेरा, बाजीगर ओ बाजीगर, ये काली काली आंखें और धीरे-धीरे से मेरी जिंदगी में आना शामिल हैं।