चक्रवात अर्नब से 8 फीट ऊंची लहरों का खतरा! 2000 प्रेगनेंट महिलाओं को PEC, CEC में किया गया शिफ्ट, इन राज्यों के लिए IMD ने दिया अलर्ट

चक्रवात अर्नब अपने साथ बड़ी तबाही लेकर आगे की ओर बढ़ रहा है अब तो समंदर में 8 फीट यानी 2.5 मीटर तक ऊंची लहरें उठने का खतरा बन गया है। बंगाल की खाड़ी में उठा ये तूफान बुधवार सुबह आंध्र प्रदेश के बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तट से टकराना शुरू हो गया है। IMD के मुताबिक लैंडफॉल की प्रक्रिया अगले 3 घंटे तक चलेगी और इस दौरान 150 KM प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल रही हैं।

आंध्र के काकीनाडा और विशाखापत्तनम में तेज हवा से पेड़ उखड़ गए हैं और बिजली के खंभे गिर गए हैं। वहीं तूफान के खतरे को देखते हुए ओडिशा में बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित जगह भेजा गया है। सरकार ने 2000 गर्भवती महिलाओं को PEC और CEC सेंटर में शिफ्ट किया है और 313 रेस्क्यू टीमें तैनात की हैं।

आंध्र तट पर क्या है अर्नब के लैंडफॉल की मौजूदा स्थिति?

IMD ने बताया कि तूफान पिछले 3 घंटे से सिर्फ 3 KM प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। लैंडफॉल पॉइंट यानम के दक्षिण में है। जमीन से टकराते वक्त भी हवा की रफ्तार 125 से 135 KM बनी हुई है। आंध्र के कई इलाकों में एक रात में 200 MM से ज्यादा बारिश हो चुकी है।

काकीनाडा और यानम में हाई अलर्ट क्यों?

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 4 से 5 घंटे में समंदर का पानी सामान्य ज्वार से 1.5 से 2.5 मीटर ऊपर उठ सकता है। यानी करीब 8 फीट ऊंची लहरें काकीनाडा और यानम के निचले इलाकों में घुस सकती हैं। इससे तटीय गांवों में पानी भरने का खतरा है।

ओडिशा में लोगों की सुरक्षा के लिए ये किए गए हैं इंतजाम

ओडिशा के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि हालात काबू में हैं और अब तक कोई मौत नहीं हुई है। राज्य में ODRAF, NDRF और फायर ब्रिगेड की 313 टीमें लगाई गई हैं। हजारों लोगों को पहले ही शेल्टर होम में पहुंचा दिया गया है।

इन राज्यों के लिए भी IMD ने जारी किया अलर्ट

IMD ने ओडिशा के 6 जिलों गजपति, गंजाम, रायगढ़ा, कोरापुट, नबरंगपुर, मलकानगिरी में सबसे ज्यादा बारिश का अलर्ट दिया है, यहां 90 KM तक हवा चल सकती है। 10 जिलों में ऑरेंज और 14 जिलों में येलो अलर्ट है जो 29 अक्टूबर रात तक रहेगा। पश्चिम बंगाल में भी भारी बारिश और तेज हवा का असर देखा जा रहा है।

IMD का कहना है कि लैंडफॉल के बाद भी अर्नब का असर अगले 12 घंटे तक बना रहेगा और यह धीरे-धीरे कमजोर होकर डिप्रेशन में बदल जाएगा। लोगों से अपील है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और सरकारी दिशा-निर्देशों का ही पालन करें और मछुआरों को अगले 2 दिन तक समंदर में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।

IMD Weather Alert: बंगाल की खाड़ी में उठेगा खतरनाक तूफान! इन राज्यों के लिए खतरे की घंटी

IMD Weather Update: भारत में आने वाले कुछ दिनों में मौसम में काफी बदलाव होने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बन रहा मौसमी सिस्टम अब चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के आसपास के तटीय इलाकों के लिए चक्रवाती तूफान को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य और दक्षिण-पूर्वी हिस्से में एक मौसमी सिस्टम बन रहा है। जो 28 अक्टूबर 2026 तक बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की आशंका है।

इस दौरान 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक हवाएं चलने और तेज झोंकों की रफ्तार 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। ऐसे में तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। आइए जानते हैं कैसा होगा आज का मौसम

28 अक्टूबर को टकराएगा तूफान

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना मौसमी सिस्टम पहले दक्षिण दिशा में आगे बढ़ सकता है और फिर धीरे-धीरे अपनी दिशा बदल सकता है। इसके 26 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। इसके बाद 27 अक्टूबर को इसकी ताकत और बढ़ सकती है और यह गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 28 अक्टूबर की सुबह तक यह आंध्र प्रदेश के तट के पास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुमान के मुताबिक, चक्रवाती तूफान 28 अक्टूबर की दोपहर तक आंध्र प्रदेश के बापटला और विशाखापत्तनम के बीच यनम सहित तटीय इलाकों से टकरा सकता है। तूफान के तट से टकराने के दौरान हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की आशंका है, जबकि तेज झोंकों की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनियों का पालन करने की जरूरत है।

चाचा के घर से चुराया 15 तोला सोना, बेचकर 10 लाख की खरीदी थार; पूजा में बुलाने पर ऐसे खुली पोल