SBI की 444 दिन की ‘स्पेशल FD’, इस दिवाली पर गारंटीड रिटर्न वाली इस स्कीम में लगाए पैसा! जानें इसकी हर एक डिटेल्स

SBI Amrit Vrishti Scheme: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की स्पेशल फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) योजना ‘अमृत वृष्टि’ सुरक्षित और गारंटीड रिटर्न चाहने वाले निवेशकों के बीच बेहद लोकप्रिय है। 444 दिनों की खास अवधि वाली इस स्कीम में आम नागरिकों से लेकर सीनियर और सुपर सीनियर नागरिकों के लिए आकर्षक ब्याज दरें ऑफर की जा रही हैं।

अगर आप भी अपनी गाढ़ी कमाई को बिना किसी बाजार जोखिम के एक निश्चित समय के लिए लॉक करना चाहते हैं, तो इस योजना की हर शर्त और नियम को विस्तार से समझना जरूरी है।

पहले जानिए ब्याज दरों का पूरा गणित

अमृत वृष्टि योजना में 444 दिनों की अवधि के लिए जमा राशि पर मिलने वाला ब्याज निवेशक की उम्र के आधार पर तय होता है:

निवेशक श्रेणीआयु सीमावार्षिक ब्याज दर (%)
सामान्य नागरिक60 वर्ष से कम6.45% p.a.
सीनियर सिटिजन्स60 वर्ष या उससे अधिक6.95% p.a. (0.50% एक्स्ट्रा)
सुपर सीनियर सिटिजन्स80 वर्ष या उससे अधिक7.05% p.a. (0.60% अतिरिक्त)

नोट: खाता बुक करते समय जो ब्याज दर तय हो जाती है, वह पूरे 444 दिनों के कार्यकाल के लिए लॉक रहती है। इस बात का ध्यान रखें कि इस अवधि के बीच में बैंक की ब्याज दरों में बदलाव होने पर भी आपकी दर पर कोई असर नहीं पड़ता।

कौन कर सकता है निवेश और क्या है सीमा?

पात्रता: देश के निवासी नागरिक, हिंदू अविभाजित परिवार (HUF) और गैर-आवासीय भारतीय (NRIs) इस योजना में खाता खुलवा सकते हैं।

न्यूनतम और अधिकतम राशि: आप न्यूनतम ₹1,000 से यह FD शुरू कर सकते हैं। यह स्कीम ₹3 करोड़ से कम की खुदरा जमा के लिए है।

किसे फायदा नहीं मिलेगा: यह टैक्स-सेविंग FD, रिकरिंग डिपॉजिट (RD), एन्युटी डिपॉजिट या मल्टी-ऑप्शन डिपॉजिट (MOD) के रूप में उपलब्ध नहीं है।

ब्याज भुगतान के विकल्प

निवेशक अपनी जरूरत के अनुसार दो मुख्य तरीकों से ब्याज का लाभ ले सकते हैं:

टर्म डिपॉजिट (TDR): अगर आपको नियमित आय चाहिए, तो आप मासिक, त्रैमासिक या अर्ध-वार्षिक आधार पर ब्याज का भुगतान ले सकते हैं।

स्पेशल टर्म डिपॉजिट (STDR): इस विकल्प में ब्याज पर तिमाही चक्रवृद्धि ब्याज का लाभ मिलता है और कुल मूलधन के साथ ब्याज की पूरी रकम 444 दिन पूरे होने यानी मैच्योरिटी पर एक साथ मिलती है।

प्री-मैच्योर विड्रॉल और पेनल्टी के नियम

अगर आपको समय से पहले पैसों की जरूरत पड़ जाए और आप 444 दिन पूरे होने से पहले FD तोड़ते हैं, तो बैंक के ये नियम लागू होते हैं:

7 दिनों से कम अवधि: अगर जमा करने के 7 दिन के भीतर ही पैसा निकाला जाता है, तो कोई ब्याज नहीं दिया जाएगा।

₹5 लाख तक की जमा पर: समय से पहले निकासी करने पर लागू ब्याज दर या अनुबंधित दर (जो भी कम हो) में से 0.50% की पेनल्टी काटकर भुगतान किया जाएगा।

₹5 लाख से अधिक और ₹3 करोड़ से कम पर: इस स्लैब की प्री-मैच्योर निकासी पर 1.00% की पेनल्टी लगेगी।

छूट: SBI के स्टाफ सदस्यों और एसबीआई पेंशनभोगियों पर प्री-मैच्योर पेनल्टी लागू नहीं होती।

लोन सुविधा और टैक्स नियम

लोन/ओवरड्राफ्ट: आपात स्थिति में आपको FD तोड़ने की जरूरत नहीं है; आप इस जमा राशि के विरुद्ध 90% तक का लोन या ओवरड्राफ्ट ले सकते हैं।

टैक्स (TDS): इस योजना से मिलने वाला ब्याज पूरी तरह कर योग्य है और आपकी इनकम टैक्स स्लैब के हिसाब से जुड़ता है। एक वित्त वर्ष में ब्याज आय एक तय सीमा (सामान्य नागरिकों के लिए ₹50,000 और वरिष्ठ नागरिकों के लिए ₹1,00,000) से अधिक होने पर बैंक नियमनुसार 10% TDS काटता है। टीडीएस से बचने के लिए पात्र ग्राहक फॉर्म 15G या 15H जमा कर सकते हैं।

कैसे बुक करें ‘अमृत वृष्टि’ FD?

इस स्पेशल FD को आप बेहद आसानी से इन माध्यमों से ले सकते हैं:

ऑनलाइन: SBI YONO ऐप या SBI नेट बैंकिंग में लॉगिन करें- ‘Deposits’ में जाएं- ‘Fixed Deposit’ चुनें और अवधि में 444 दिन दर्ज करें।

ऑफलाइन: अपने नजदीकी SBI बैंक शाखा में जाकर ‘Amrit Vrishti’ का फॉर्म भरकर आवेदन कर सकते हैं।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

FD Calculator: 10 लाख का FD 444 दिन की स्पेशल एफडी स्कीम में करने पर कितनी होगी कमाई? जानिए पूरा कैलकुलेशन

FD Calculator: शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव को रिस्की मानने वाले इनवेस्टर्स के लिए बैंकों की स्पेशल एफडी स्कीम अच्छी है। इसमें अच्छा रिटर्न मिल जाता है। 10 लाख रुपये का एफडी 444 दिन की स्पेशल एफडी स्कीम में निवेश करने पर अच्छी कमाई हो सकती है। यह स्कीम उन लोगों के लिए अट्रैक्टिव है जो एक साल से ज्यादा अवधि तक पैसा एफडी में रख सकते हैं। ज्यादातर सरकारी बैंक सीनियर सिटीजंस को एफडी पर अतिरिक्त इंटरेस्ट ऑफर करते हैं।

SBI की अमृत वृष्टि स्कीम में 6.45 फीसदी इंटरेस्ट

एसबीआई की 444 दिन की स्पेशल एफडी स्कीम 6.45 फीसदी इंटरेस्ट रेट ऑफर करती है। इस स्कीम का नाम अमृत वृष्टि स्कीम है। इस स्कीम में तिमाही कंपाउंडिंग के आधार पर इंटरेस्ट से होने वाली कमाई का कैलकुलेशन किया जा रहा है। 10 लाख रुपये पर सालाना 6.45 फीसदी इंटरेस्ट रेट से एक साल में कुल 64,500 रुपये का ब्याज मिलेगा। 444 दिन बाद पैसा मैच्योर करने पर इंटरेस्ट के रूप में कुल 80,944 रुपये मिलेंगे।

पीएनबी की स्कीम में 6.60 फीसदी इंटरेस्ट रेट

पीएनबी की 444 दिन की स्पेशल एफडी स्कीम में सालाना इंटरेस्ट रेट 6.60 फीसदी है। इसका मतलब है कि 10 लाख रुपये का निवेश इस एफडी में करने पर एक साल में 66,000 रुपये का इंटरेस्ट मिलेगा। 444 दिन के बाद स्कीम की मैच्योरिटी पर कुल ब्याज 82,886 रुपये बनेगा। इसका मतलब है कि 444 दिन बाद इनवेस्टर को कुल 10,82,886 रुपये हाथ में आएंगे।

सेंट्र्ल बैंक की एफडी स्कीम में सबसे ज्यादा कमाई

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की 444 दिन की स्पेशल एफडी स्कीम में इंटरेस्ट रेट 6.75 फीसदी है। इसका मतलब है कि 10 लाख रुपये इस स्कीम में लगाने पर एक साल में 67,500 रुपये का ब्याज मिलेगा। 444 दिन के बाद स्कीम की मैच्योरिटी पर ब्याज बढ़कर 84,832 रुपये हो जाएगा। इसका मतलब है कि स्कीम से 444 दिन बाद इनवेस्टर को कुल 10,84,832 रुपये मिलेंगे।

यह भी पढ़ें: Bank FD: इंडियन बैंक की 555 दिनों की स्पेशल एफडी पर बंपर ब्याज! ₹10 लाख फिक्स करने पर इतना मिलेगा रिटर्न

निवेश से पहले टैक्स के नियमों को जान लें

बैंकों की एफडी स्कीम में पैसे लगाने से पहले इससे मिलने वाले इंटरेस्ट पर टैक्स के नियमों को जान लेना जरूरी है। पहला, इंटरेस्ट के पैसे पर टैक्स लगता है। इसे ‘इनकम फ्रॉम अदर सोर्सेज’ माना जाता है। इस पैसे को इनवेस्टर की कुल इनकम में जोड़ दिया जाता है। इस पर इनवेस्टर के टैक्स स्लैब के हिसाब से टैक्स लगता है। टैक्स स्लैब के हिसाब से टैक्स लगने का मतलब है कि हाई टैक्स स्लैब में आने वाले इनवेस्टर को ज्यादा टैक्स चुकाना पड़ेगा।