नरक से निकले 12 मजदूर : डेढ़ साल तक सूखी रोटी, मारपीट और कैद, घर वापसी पर छलक पड़े आंसू

story of workers rescued from a factory in Muzaffarnagar

Muzaffarnagar Uttar Pradesh News : जब पुलिस की टीम फैक्‍टरी के भीतर पहुंची तो वहां मौजूद मजदूरों की आंखों में डर, थकान और बेबसी साफ दिखाई दे रही थी। ये वे लोग थे जो बेहतर भविष्य और परिवार की खुशहाली का सपना लेकर घर से निकले थे, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि रोजगार का यह वादा उन्हें एक ऐसी कैद में पहुंचा देगा, जहां इंसानियत भी शर्मसार हो जाएगी। मुजफ्फरनगर के तितावी क्षेत्र स्थित एक फैक्‍टरी से मुक्त कराए गए इन मजदूरों की कहानी सूदखोर महाजन की याद दिलाती है, आधुनिक युग में यह बंधुआ मजदूरी और मानव शोषण की काली तस्वीरें दिखाती है। 

 

बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, हरियाणा और राजस्थान से आए 12 मजदूरों की जिंदगी पिछले डेढ़ साल से किसी जेल से कम नहीं थी। उन्हें हर महीने वेतन, रहने और खाने की सुविधा का लालच देकर मुजफ्फरनगर की एक फैक्‍टरी में लाया गया था लेकिन यहां पहुंचते ही उनकी दुनिया बदल गई।

मजदूरों के अनुसार, उनसे दिन-रात काम कराया जाता था, जबकि खाने के नाम पर सिर्फ एक बार सूखी रोटी और नमक दिया जाता था। इन लोगों को न मेहनत की कमाई मिलती, न आजादी और न ही इंसानों जैसा व्यवहार।सबसे दर्दनाक बात यह रही कि जो मजदूर घर जाने की बात करता या अपनी मेहनत की कमाई मांगता, उसे लोहे की रॉड और डंडों से पीटा जाता था।

बीमार पड़ने पर इलाज तो दूर, उन्हें आराम तक नहीं करने दिया जाता था। कुछ नाबालिग बच्चों के भी इस अमानवीय व्यवस्था का हिस्सा होने की बात सामने आई है लेकिन उम्मीद की एक किरण तब जगी, जब एक श्रमिक किसी तरह वहां से निकल भागा।

आखिरकार एक श्रमिक हिम्मत जुटाकर किसी तरह फैक्‍टरी से निकलने में सफल हुआ और पुलिस तक पहुंच गया। उसकी सूचना पर पुलिस, श्रम विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर फैक्‍टरी में बंधक बनाकर रखे गए सभी 12 मजदूरों को मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

 

पुलिस, श्रम विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने फैक्‍टरी पर छापा मारकर सभी मजदूरों को मुक्त कराया। जब इन श्रमिकों के गले में फूलों की मालाएं डाली गईं तो उनकी आंखों में खुशी और राहत के आंसू थे। लंबे समय बाद उन्हें अपने परिवारों से मिलने और सामान्य जीवन में लौटने की उम्मीद दिखाई दे रही थी। श्रमिकों के लिए यह सिर्फ एक पुलिस कार्रवाई नहीं थी, बल्कि उन लोगों के लिए नई शुरुआत थी जिन्होंने महीनों तक दर्द, भूख और अत्याचार सहा था।

 

मुक्त कराए गए एक श्रमिक ने भावुक होते हुए बताया कि उसे अपने परिवार की याद तो हर दिन आती थी, लेकिन बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं था। फैक्‍टरी से भागने की कोशिश करने वालों पर पालतू पिटबुल कुत्ता छोड़ दिया जाता था। डर और अत्याचार का ऐसा माहौल था कि मजदूरों ने अपनी किस्मत को ही कैद मान लिया था।

 

इन मजदूरों के लिए आज़ादी सिर्फ फैक्‍टरी से बाहर निकलना नहीं है, बल्कि अपने परिवारों के पास लौटना, अपने बच्चों को गले लगाना और फिर से सम्मान के साथ जिंदगी जीने का अवसर है। यह घटना समाज को यह सोचने पर मजबूर करती है कि आधुनिक दौर में भी बंधुआ मजदूरी जैसी अमानवीय प्रथाएं किस तरह लोगों की जिंदगी को निगल रही हैं।

 

आज ये 12 मजदूर आज़ाद हैं, लेकिन उनकी आंखों में कैद के दिनों की दहशत अभी भी बाकी है। फिर भी, उनके चेहरों पर लौटती मुस्कान इस बात का संकेत है कि उम्मीद और इंसानियत की जीत आखिरकार हुई, साथ ही उनकी मुक्ति इस बात का संदेश भी देती है कि अन्याय कितना भी बड़ा क्यों न हो, साहस और संवेदनशील कार्रवाई उसके खिलाफ सबसे बड़ी ताकत बन सकती है।
Edited By : Chetan Gour

योगी सरकार की बड़ी सौगात: कृषि विभाग में 3446 प्राविधिक सहायक चयनित, UPSSSC ने जारी किया रिजल्ट

योगी सरकार में युवाओं को सरकारी सेवा के अपने सपने को पूरा करने का फिर अवसर मिला। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी पद पर 3446 अभ्यर्थियों को चयनित किया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने 13 जुलाई 2025 को इसकी लिखित परीक्षा कराई थी। मंगलवार (23 जून) को परिणाम घोषित किया गया। कृषि निदेशक रिक्त पदों के अनुरूप जनपदों में इन अभ्यर्थियों को नियुक्त करेंगे। 

 

चयनित अभ्यर्थियों को कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि सामान्य वर्ग के 1813, अनुसूचित जाति के 509, अनुसूचित जनजाति के 151, अन्य पिछड़ा वर्ग के 629, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग पर 344 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने भी सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी।

 

किसानों की आय बढ़ाने में मिलेगी मदद

कृषि सचिव इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि यह भर्ती बहुत समय से प्रतीक्षित थी। अब कृषि विभाग का फील्ड स्तर पर काम और बेहतर हो पाएगा। इससे एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को हासिल करने में विभाग प्रदेश सरकार को अहम सहयोग दे पाएगा। साथ ही किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। चयनित अभ्यर्थियों को प्रमुख सचिव (कृषि) रविंद्र, कृषि निदेशक डॉ. पंकज त्रिपाठी आदि ने भी शुभकामनाएं दीं। Edited by : Sudhir Sharma

Weather Update : मानसून ने पकड़ी रफ्तार, मुंबई में भारी बारिश, कई राज्यों में अलर्ट, जानें देशभर का मौसम

Meteorological Department has issued warning for heavy rain and strong winds in several states

Weather Update News : देशभर में मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। मुंबई, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और कर्नाटक समेत कई इलाकों में बारिश का असर दिखने लगा है। मौसम विभाग ने आज उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार समेत 19 राज्यों में भारी बारिश-आंधी की चेतावनी जारी कर दी है। पूरे महाराष्ट्र में दक्षिण-पश्चिम मानसून पहुंच चुका है। मुंबई में मानसून के पहुंचने के साथ ही भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है रातभर हुई तेज बारिश के कारण मुंबई शहर के कई इलाकों में पानी भर गया है। सड़कें लबालब हैं, कई जगह जलजमाव है। अंधेरी इलाका सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां भारी बारिश के कारण अंधेरी सबवे (अंडरपास) पूरी तरह पानी से भर गया है।

 

19 राज्यों में भारी बारिश-आंधी की चेतावनी

देशभर में मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। मुंबई, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और कर्नाटक समेत कई इलाकों में बारिश का असर दिखने लगा है। मौसम विभाग ने आज उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार समेत 19 राज्यों में भारी बारिश-आंधी की चेतावनी जारी कर दी है। पूरे महाराष्ट्र में दक्षिण-पश्चिम मानसून पहुंच चुका है।

ALSO READ: Weather Update : 23 जून से बदलेगा मौसम, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, क्‍या गर्मी से मिलेगी राहत?

मुंबई समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मुंबई में मानसून के पहुंचने के साथ ही भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है रातभर हुई तेज बारिश के कारण मुंबई शहर के कई इलाकों में पानी भर गया है। सड़कें लबालब हैं, कई जगह जलजमाव है। अंधेरी इलाका सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां भारी बारिश के कारण अंधेरी सबवे (अंडरपास) पूरी तरह पानी से भर गया है। मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

यहां एक ही दिन में 171 मिलीमीटर बारिश

महाराष्ट्र का 'चेरापूंजी' कहे जाने वाले सतारा के पाथरपुंज में एक ही दिन में 171 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सबसे अधिक है। इस भारी बारिश के बाद पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र “Ozarde Waterfall” भी अपनी पूरी रौनक के साथ बहने लगा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर-पूर्वी अरब सागर, गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों और छत्तीसगढ़ व झारखंड के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है।

ALSO READ: Weather Update : भारी बारिश और आंधी का तांडव! IMD ने इन राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट

आगे बढ़ रहा दक्षिण-पश्चिम मानसून

अगले 2-3 दिनों के दौरान उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के बाकी हिस्सों और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के और आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल हैं। इसके बाद 2-3 दिनों में गुजरात, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ और हिस्सों और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी इसके आगे बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, कोंकण-गोवा, असम, मेघालय और सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।

 

कैसा है मध्य प्रदेश का मौसम?

बिहार, ओडिशा, तेलंगाना, मराठवाड़ा और आंध्र प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भी भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश के सोलन, कांगड़ा, मंडी, चंबा, किन्नौर, कुल्लू, हमीरपुर और बिलासपुर में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है। मध्य प्रदेश के भोपाल, धार, विदिशा, कटनी, होशंगाबाद, मुरैना, श्योपुर, उज्जैन, मंदसौर, अशोक नगर, होशंगाबाद, आगर-मालवा और विदिशा में बारिश और तूफान का यलो अलर्ट है। दिल्ली में आज भारी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। 

ALSO READ: Weather Update : देश में कहां तक पहुंचा मानसून, यहां आंधी-बारिश की चेतावनी, क्‍या गर्मी से मिलेगी राहत?

भारी बारिश और तूफान की चेतावनी 

झारखंड के रांची, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, धनबाद, देवघर, गिरिडीह, दुमका, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पलामू और सरायकेला में आज भारी बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की गई है। राजस्थान के जयपुर, सवाई माधोपुर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, बीकानेर, अजमेर, सीकर, पाली और उदयपुर में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, आंधी और तूफान की चेतावनी जारी की गई है। तमिलनाडु में अगले 2 दिनों के दौरान कई हिस्सों में बारिश होने का अनुमान है।
Edited By : Chetan Gour

कोलकाता में निर्माणाधीन तीन मंजिला गोदाम ढहा, कई मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार दोपहर एक निर्माणाधीन तीन मंजिला गोदाम अचानक ढह गया। हादसे के समय वहां कई मजदूर काम कर रहे थे, जिसके चलते दर्जनों लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और बचाव एजेंसियां युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। मीडिया खबरों के मुताबिक घटना में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। 50 से 55 लोगों के दबे होने की आशंका है। मलबे में दबे 13 लोगों का रेस्क्यू कर बाहर निकाला जा चुका है। इनमें से 9 घायलों को इलाज के लिए एसएसकेएम अस्पताल के ट्रॉमा केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है।

ALSO READ: Electric Scooter खरीदने से पहले 14 जरूरी बातें जो आपके लिए जानना जरूरी

कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हादसे के बाद अब तक 10 लोगों को सुरक्षित निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी के अनुसार, तारातला क्षेत्र में ब्रेस ब्रिज के पास ट्रांसपोर्ट डिपो रोड स्थित गोदाम की छत दोपहर के आसपास अचानक भरभराकर गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे के समय कई मजदूर निर्माण कार्य में लगे हुए थे।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माण के दौरान लोहे की बड़ी-बड़ी बीम और कंक्रीट के हिस्से अचानक गिर पड़े। मलबे में फंसे लोगों की मदद के लिए पुकारें भी सुनाई दे रही थीं। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि भूतल पर निर्माण कार्य चल रहा था, जबकि पहली और दूसरी मंजिल का आरसीसी ढांचा पहले ही तैयार हो चुका था। अचानक पूरा ढांचा ढह गया और मलबे में तब्दील हो गया।

 

अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने दावा किया कि छत ढलाई (कास्टिंग) के दौरान गिरी और निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल की आशंका है। हालांकि इसकी आधिकारिक जांच अभी बाकी है। घटना के बाद कोलकाता पुलिस, डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप, सिविल डिफेंस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की टीमें राहत कार्य में जुट गईं। सेना के जवान भी बचाव अभियान में सहयोग कर रहे हैं। मलबा हटाने के लिए क्रेन, भारी मशीनों और गैस कटर का इस्तेमाल किया जा रहा है।

ALSO READ: EV स्कूटर कैसे चुने, खरीदने से पहले इन बातों की करें जांच, वरना पड़ेगा पछताना

बचाव दल के सदस्य मलबे के नीचे से आ रही आवाजों के आधार पर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए वर्टिकल ड्रिलिंग तकनीक का भी उपयोग किया जा रहा है। हादसे के बाद राज्य सरकार ने सचिवालय में डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप के कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिए हैं। वहीं, स्थानीय लोगों ने इलाके में लंबे समय से अवैध निर्माण गतिविधियां चलने का आरोप लगाया है।

 

मंत्री इंद्रनील खान ने कहा कि हादसे के कारणों और किसी भी प्रकार की अनियमितता की जांच की जाएगी, लेकिन फिलहाल प्राथमिकता अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित निकालना है। शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल और कोलकाता नगर निगम की आयुक्त स्मिता पांडे ने भी घटनास्थल का दौरा कर राहत कार्यों का जायजा लिया। Edited by : Sudhir Sharma

PM मोदी को ईरान से बड़ा न्योता, अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने का मिला निमंत्रण

pm modi Masoud Pezeshkian

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार और दफन समारोह में शामिल होने के लिए औपचारिक निमंत्रण भेजा है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने राजनयिक सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है।

ALSO READ: Electric Scooter खरीदने से पहले 14 जरूरी बातें जो आपके लिए जानना जरूरी

रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति पेजेशकियन ने प्रधानमंत्री मोदी को अंतिम संस्कार संबंधी कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। ईरान में 4 जुलाई से 9 जुलाई तक विभिन्न शहरों में आयोजित होने वाले इन समारोहों में लाखों लोगों के शामिल होने और कई देशों के गणमान्य व्यक्तियों के पहुंचने की उम्मीद है।

 

ईरान सरकार ने बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत राजधानी तेहरान से होगी और समापन मशहद में होगा, जहां खामेनेई को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। मशहद उनका जन्मस्थान होने के साथ-साथ शिया मुस्लिमों का एक प्रमुख धार्मिक केंद्र भी है।

 

गौरतलब है कि 28 फरवरी को तेहरान पर हुए संयुक्त अमेरिका-इजराइल हमलों में अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी। ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, 4 और 5 जुलाई को खामेनेई के पार्थिव शरीर को तेहरान के ग्रैंड मोसल्ला परिसर में आम जनता के अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद 6 जुलाई को राजकीय अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। समारोहों के दौरान तेहरान प्रांत में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।

 

समारोहों की निगरानी कर रहे इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कमांडर हसन हसनजादेह ने बताया कि 4 और 5 जुलाई को तेहरान में श्रद्धांजलि और नमाज-ए-जनाजा का आयोजन होगा, जबकि 6 जुलाई को अंतिम संस्कार किया जाएगा।

 

तेहरान के अलावा क़ोम और मशहद जैसे प्रमुख धार्मिक शहरों में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 7 जुलाई को क़ोम में विशेष समारोह होगा, जबकि 9 जुलाई को मशहद स्थित इमाम रज़ा दरगाह परिसर में खामेनेई को दफनाया जाएगा। इन अवसरों पर दोनों शहरों में सार्वजनिक अवकाश भी रहेगा। पड़ोसी देश इराक में भी 8 जुलाई को विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नजफ और कर्बला जैसे प्रमुख शिया धार्मिक शहरों में विशेष प्रार्थनाएं की जाएंगी, जो क्षेत्र में खामेनेई के प्रभाव को दर्शाती हैं।

 

खामेनेई के निधन के बाद भारत ने भी शोक व्यक्त किया था। भारत सरकार की ओर से विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास पहुंचकर शोक पुस्तिका में अपनी संवेदनाएं दर्ज की थीं। बताया गया है कि अंतिम संस्कार मार्च में प्रस्तावित था, लेकिन मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और अमेरिका-इजराइल हमलों के बाद उत्पन्न परिस्थितियों के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। Edited by : Sudhir Sharma

इंदौर में पीएनजी गैस पाइप लाइन में कर दी बोरिंग, धमाके के साथ लगी आग, 3 लोग झुलसे, हाईकोर्ट पहुंचा मामला

avantika gas leak

इंदौर के विजय नगर के सुमन नगर में मंगलवार को वाटर रिचार्जिंग पिट की ड्रीलिंग के दौरान गैस पाइपलाइन में धमाके के साथ आग लग गई। इसमें जिनी झाला निवासी गीताभवन, सुभाष ठाकुर निवासी काजी की चाल और गोपाल मालाकर झुलस गए। तीनों आईसीयू में भर्ती हैं। एक बाइक व एक्टिवा भी खाक हो गई। लोगों का कहना है कि वार्ड 31 के पार्षद बालमुकुंद सोनी बोरिंग करवा रहे थे। घटना स्थल से 50 मीटर दूर गैस कंपनी के बोर्ड पर इन्होंने ध्यान नहीं दिया।

घटना दोपहर 3:30 बजे हुई। इलाके में अवंतिका गैस की 125 मिमी की हाई-प्रेशर पाइपलाइन बिछी है। ड्रिलिंग से पाइपलाइन फट गई और आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने 400 लीटर फोम और पानी का उपयोग कर आग पर काबू पाया।

हाईकोर्ट में याचिका दायर : अधिवक्ता रितेश ईनाणी ने हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की है, जिसमें विजय नगर क्षेत्र में रिचार्जिंग के लिए की जा रही खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन फटने से हुए गंभीर हादसे का संज्ञान लेने की मांग की गई है। याचिका में उल्लेख किया गया है कि दुर्घटना में कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उन्हें गंभीर शारीरिक क्षति पहुंची है। ऐसे में राज्य शासन की जिम्मेदारी है कि सभी घायलों एवं पीड़ितों को समुचित चिकित्सा सहायता और उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। जनहित याचिका के माध्यम से कोर्ट से निवेदन किया गया है कि दुर्घटना के कारणों की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कराई जाए और जिन व्यक्तियों, एजेंसियों तथा अधिकारियों की लापरवाही इस घटना में पाई जाए, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

क्‍या हुआ था हादसे के वक्‍त : एक प्रत्‍यक्षदर्शी ने बताया कि स्कूटर से नानी के घर जा रही थी। जैन मंदिर के पास पहुंची तो बड़ा धमका हुआ। उससे लगी आग से मैं झुलसने लगी। सड़क किनारे पानी से भरे गड्‌ढे में कूदी और खुद को बचाया। एक ने बताया कि वे डॉक्‍टर के पास जा रहे थे। तभी अचानक धमाका होते ही आग लगी। मैं बाइक सहित गिर पड़ा। जब तक उठ पाता, मेरे दोनों पैर हाथ और पीठ भी बुरी तरह जल गए।
Edited By: Naveen R Rangiyal

Google, Nvidia और Blackstone के साथ योगी का ग्रोथ मंत्र, यूपी को बनाएंगे AI और Innovation Hub

cm yogi

विकसित उत्तर प्रदेश के विजन को वैश्विक टेक्नोलॉजी और निवेश जगत के साथ जोड़ने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेंगलुरु दौरे के दौरान गूगल क्लाउड के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर-सीटीओ) तरुण पंत और उनकी टीम के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। राउंड टेबल बैठकों और रोड शो से पहले आयोजित इस संवाद में मुख्यमंत्री ने आम नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने, किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने, स्टार्टअप संस्कृति को मजबूत करने तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को नई टेक्नोलॉजी से जोड़ने संबंधी राज्य सरकार के विजन को विस्तार से साझा किया।

 

बैठक के दौरान सीटीओ तरुण पंत और गूगल टीम के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), क्लाउड टेक्नोलॉजी, डिजिटल गवर्नेंस और डेटा आधारित समाधानों के माध्यम से विकास कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने गूगल की टीम के साथ इस बात पर भी विचार-विमर्श किया कि टेक्नोलॉजी के माध्यम से सरकारी सेवाओं की पहुंच और प्रभावशीलता को कैसे बढ़ाया जा सकता है। किसानों, युवाओं, स्टार्टअप्स, एमएसएमई क्षेत्र और आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए नवाचार आधारित समाधानों पर भी चर्चा हुई।

 

गूगल टीम के प्रतिनिधियों ने बैठक को अत्यंत सकारात्मक और सार्थक बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के विकास का स्पष्ट और दूरदर्शी रोडमैप साझा किया। उन्होंने किसानों, एमएसएमई, स्टार्टअप्स और युवाओं के लिए निर्धारित लक्ष्यों एवं प्राथमिकताओं की जानकारी दी तथा यह भी चर्चा की कि एआई और आधुनिक टेक्नोलॉजी के माध्यम से इन लक्ष्यों को और तेजी से कैसे हासिल किया जा सकता है। गूगल इंडिया की ओर से कहा गया कि कंपनी भारत के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उत्तर प्रदेश सरकार के साथ मिलकर इन लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के अवसर को लेकर उत्साहित है।

 

वैश्विक निवेशकों के साथ भी हुआ व्यापक संवाद

इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेंगलुरु में देश और दुनिया की अग्रणी निवेश एवं टेक्नोलॉजी कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ भी विशेष संवाद किया। इनमें वेस्टब्रिज कैपिटल के मैनेजिंग पार्टनर संदीप सिंघल, एक्सेल पार्टनर्स के प्रशांत प्रकाश, इनमोबी के संस्थापक पीयूष शाह, यूलू के संस्थापक अमित गुप्ता, एनवीडिया दक्षिण एशिया के प्रबंध निदेशक विशाल धूपर, सर्वानएआई के प्रतिनिधि तथा ब्लैकस्टोन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। बैठक में उत्तर प्रदेश में निवेश, टेक्नोलॉजी, नवाचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्टार्टअप इकोसिस्टम और रोजगार सृजन की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश में तेजी से विकसित हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेशक-अनुकूल वातावरण की सराहना करते हुए राज्य को भविष्य के विकास का प्रमुख केंद्र बताया।

 

निवेश और नवाचार के नए केंद्र के रूप में उभर रहा उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश लगातार निवेश, नवाचार और टेक्नोलॉजी आधारित विकास का नया केंद्र बनकर उभर रहा है। एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, औद्योगिक गलियारों, डिजिटल सेवाओं और निवेशक-अनुकूल नीतियों ने राज्य को देश के सबसे आकर्षक निवेश गंतव्यों में शामिल कर दिया है। बेंगलुरु में गूगल और वैश्विक निवेशकों के साथ हुए संवाद ने यह संकेत दिया कि उत्तर प्रदेश अब टेक्नोलॉजी, एआई, स्टार्टअप, निवेश और रोजगार सृजन का राष्ट्रीय केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। Edited by : Sudhir Sharma

 

मोबाइल छाप आशिक के लिए करोड़पति मंगेतर का कत्‍ल, कितनी शातिर है 20 साल की सिया गोयल?

siya ketan chetan

पुणे में अग्रवाल परिवार के बेटे केतन अग्रवाल के मर्डर की खौफनाक कहानियां सामने आ रही हैं। गोयल परिवार की बेटी सिया से केतन की सगाई हुई थी, अग्रवाल परिवार करोड़पति है, 17 करोड़ में तो सिर्फ उन्‍होंने शादी के लिए राजस्‍थान में महल ही बुक करवाया था, अंदाजा लगाया जा सकता है कि शादी में क्‍या भव्‍यता होती, वो कैसे परिवार की बहू बनकर जा रही थी, लेकिन सिया ने मोबाइल की दुकान चलाने वाले एक फोकटिये आशिक के लिए करोड़पति मंगेतर को ही मौत के घाट उतार दिया।

ALSO READ: कौन है सिया का प्रेमी चेतन चौधरी, 6 महीनों में 2004 कॉल, 238 घंटे बातचीत और मर्डर के 3 प्लान

बात सिर्फ धन की नहीं, सवाल यह भी है कि वो इस रिश्‍ते के लिए मना भी कर सकती थी। केतन के पिता का बयान सामने आया है, जिसमें उन्‍होंने बिलखते हुए कहा है कि सिया मना करती तो एक सेकंड में रिश्‍ता तोड़कर उसे आजाद कर देते, लेकिन उसने मेरे बेटे की जान ही ले ली।

सिया की इस बेवकूफी की पूरे देश में चर्चा हो रही है। इसे बेवकूफी कहें या अपनी मति की मारी कि सिया ने एक सड़कछाप आशिक के लिए न सिर्फ अपना भविष्य बर्बाद कर लिया बल्‍कि एक संभ्रात परिवार से उनका बेटा भी छीन लिया।

ALSO READ: पुणे में इंदौर से भी ज्यादा खौफनाक हत्या, सिया ने ही बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर की थी मंगेतर केतन की हत्या

'सोनम रघुवंशी' और 'मेघालय हनीमून मर्डर' से तुलना: इंटरनेट पर लोग इस मामले की तुलना देश के कुछ पुराने कुख्यात मामलों से कर रहे हैं, जहां लड़कियों ने शादी या हनीमून के दौरान अपने प्रेमियों के साथ मिलकर पतियों की हत्या कर दी थी।

“धोखा देने के बजाय मना क्यों नहीं किया?”: लोगों में सबसे बड़ा सवाल और गुस्सा इस बात का है कि अगर सिया इस शादी से खुश नहीं थी या किसी और से प्यार करती थी, तो वह शादी के लिए मना कर सकती थी। एक बेकसूर इंसान की जान लेने की क्या ज़रूरत थी? केतन उससे बेइंतहा प्यार करता था, और इस प्यार का ऐसा अंत देख लोग स्तब्ध हैं।

ALSO READ: 'आपके अंकल प्रेसिडेंट भी हों तब भी चालान कटेगा', कौन हैं ये कहने वाली IPS अनु बेनीवाल?

सोशल मीडिया का दिखावा : लोग इस बात को लेकर हैरान हैं कि कोई हत्या करने के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर इतना भावुक होने का नाटक कैसे कर सकता है। इसे समाज में बढ़ते “क्राइम माइंडसेट” और संवेदनशीलता की कमी के तौर पर देखा जा रहा है।

पुणे (लोनावला) के केतन अग्रवाल हत्याकांड की पूरी कहानी, पुलिस जांच और खुलासों के आधार पर सिलसिलेवार तरीके से (क्रोनोलॉजिकल ऑर्डर में) इस प्रकार है:

सिया और केतन की सगाई
फरवरी 2026
पुणे के बड़े रियल एस्टेट कारोबारी के बेटे केतन अग्रवाल (25 वर्ष) की सगाई सिया गोयल (20 वर्ष) से हुई। केतन का परिवार बेहद संपन्न था (नेटवर्थ करीब 600 करोड़)। लेकिन सिया इस शादी से खुश नहीं थी क्योंकि वह अपने पुराने प्रेमी चेतन चौधरी से प्यार करती थी।

हत्या की साजिश और लोहागढ़ का प्लान
जून 2026 के शुरुआती हफ्ते
सिया ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। सिया के जन्मदिन (19 जून) से ठीक एक दिन पहले, 18 जून को उन्होंने केतन को ट्रैकिंग के बहाने पुणे के ऐतिहासिक लोहागढ़ किले पर बुलाने का प्लान बनाया।

वारदात का दिन (मर्डर)
18 जून 2026 (दोपहर)
सिया और केतन लोहागढ़ किले पर ट्रैकिंग के लिए पहुंचे। सिया का प्रेमी चेतन भी पहले से वहां घात लगाकर बैठा था। किले के एक सुनसान और गहरे पॉइंट पर मौका देखकर सिया और चेतन ने मिलकर केतन को करीब 350-400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया। पहाड़ी से गिरने के कारण केतन की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे का नाटक और सोशल मीडिया पोस्ट
19 जून 2026
सिया के जन्मदिन वाले दिन केतन की मौत की खबर सामने आई। सिया ने पुलिस और परिवार के सामने इसे 'पैर फिसलने से हुआ हादसा' बताया। हमदर्दी बटोरने के लिए उसने इंस्टाग्राम पर एक भावुक स्टोरी डाली, जिसमें लिखा कि तुम मुझे मेरे जन्मदिन पर ही क्यों छोड़कर चले गए, जब हम शादी के इतने करीब थे…”।

शक की शुरुआत और तकनीकी जांच
20 – 21 जून 2026
शुरुआत में पुलिस इसे हादसा मान रही थी, लेकिन केतन के परिवार को शक हुआ। पुलिस ने गहराई से जांच शुरू की और सिया व उसके करीबियों के मोबाइल के CDR (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) और लोकेशन खंगाली। जांच में सामने आया कि घटना के वक्त और उससे पहले सिया की एक नंबर (चेतन) से लगातार बात हो रही थी और वारदात के समय चेतन की लोकेशन भी लोहागढ़ किले पर ही थी।

सच का खुलासा और गिरफ्तारी
22 – 23 जून 2026
पुख्ता सबूत हाथ लगने के बाद पुलिस ने सिया को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की, जिसके बाद वह टूट गई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी दोनों को हत्या और साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

केस का मौजूदा स्टेटस : पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर लिया है। अदालत में इस मामले की फास्ट-ट्रैक सुनवाई और तकनीकी सबूतों (लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड्स) के आधार पर सख्त सजा दिलाने की तैयारी चल रही है।
Edited By: Naveen R Rangiyal

एयर इंडिया का विमान पाकिस्तानी एयरस्पेस में घुसा, पाक ने चेतावनी देकर लौटाया, दिल्ली से अमृतसर जा रहा था विमान

Air India Flight Pakistan Airspace

Air India Flight Pakistan Airspace: भारतीय विमानन क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली और संवेदनशील खबर सामने आई है। दिल्ली से अमृतसर के लिए उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का एक यात्री विमान एयरबस ए-321 तकनीकी खराबी के चलते अपना रास्ता भटक गया और अचानक पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र (Airspace) में दाखिल हो गया। इस अनपेक्षित घटना के बाद दोनों देशों के एविएशन कंट्रोल रूम्स में हड़कंप मच गया। पाकिस्तानी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने तुरंत विमान को चेतावनी जारी की, जिसके बाद सूझबूझ दिखाते हुए पायलट ने विमान को सुरक्षित भारतीय सीमा में वापस मोड़ लिया।

अचानक आई तकनीकी खराबी

जानकारी के मुताबिक, विमान ने दिल्ली से अमृतसर के लिए अपनी सामान्य उड़ान भरी थी। लेकिन पंजाब के आसमान के करीब पहुंचते ही विमान के नेविगेशन सिस्टम (Navigation System) या रडार मैकेनिज्म में अचानक कोई गंभीर तकनीकी खराबी आ गई। इस खराबी के कारण पायलट को विमान की सटीक दिशा का अंदाजा लगाने में दिक्कत हुई। तेज रफ्तार विमान रास्ता भटकते हुए अंतरराष्ट्रीय सीमा को पार कर सीधे पाकिस्तान के एयरस्पेस में प्रवेश कर गया।

पाकिस्तान ATC की चेतावनी और पायलट का एक्शन

भारतीय विमान को देखते हुए पाकिस्तानी सुरक्षा और एविएशन एजेंसियां सतर्क हो गईं। पाकिस्तानी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने तुरंत एयर इंडिया के पायलट से संपर्क साधा। उन्होंने विमान को अनधिकृत प्रवेश की चेतावनी दी और तुरंत अपना रूट बदलने को कहा। हालांकि एयर इंडिया के पायलट ने बिना वक्त गंवाए स्थिति को संभाला, तकनीकी गड़बड़ी की जानकारी साझा की और विमान को वापस भारतीय हवाई क्षेत्र की तरफ मोड़ दिया।

DGCA ने दिए जांच के आदेश

भारत और पाकिस्तान के बीच के संवेदनशील रिश्तों को देखते हुए एयरस्पेस का उल्लंघन एक बेहद गंभीर मामला माना जाता है। हालांकि, तकनीकी खराबी की बात स्पष्ट होने के कारण स्थिति बिगड़ने से बच गई।  इस बीच, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और एअर इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। पहले विमान को दिल्ली लाया गया फिर विमान को अमृतसर भेजा गया। तकनीकी टीम को इस मामले की जांच सौंप दी गई है कि आखिर नेविगेशन सिस्टम ने ऐन वक्त पर काम करना क्यों बंद किया। इस घटना के दौरान विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं।

Edited by: Vrijendra Singh Jhala 

Gold-Silver Price Crash: बाजार खुलते ही सोना धड़ाम, 3 दिनों में ₹11,000 सस्ती हुई चांदी! जानें अपने शहर के ताजा रेट्स

‍gold silver

Gold Price Crash: अगर आप भी शादी-ब्याह के सीजन या निवेश के लिए सोना और चांदी खरीदने का मन बना रहे थे, तो आपके लिए बहुत बड़ी खुशखबरी है। घरेलू और वैश्विक सर्राफा बाजार से आज एक बहुत बड़ी गिरावट की खबर आ रही है। लगातार बढ़ रही कीमतों के बाद अचानक सोने और चांदी के दामों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। 

 

सर्राफा बाजार खुलते ही जहां सोना काफी नीचे फिसल गया, वहीं चांदी की कीमतों में पिछले 3 दिनों के दौरान तकरीबन ₹11,000 प्रति किलोग्राम तक की भारी कटौती देखने को मिली है। आइए जानते हैं मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) और आपके शहर के रिटेल मार्केट का ताजा लाइव अपडेट। 

क्या है आज गिरावट की असली वजह?

ग्लोबल मार्केट में अमेरिकी डॉलर की मजबूती और फेडरल रिजर्व (US Fed) द्वारा ब्याज दरों को लेकर आने वाले बयानों के बाद सर्राफा बाजार में बिकवाली का दौर हावी हो गया है। इसके साथ ही वैश्विक स्तर पर चल रहे भू-राजनीतिक बदलावों के चलते निवेशकों ने कीमती धातुओं से अपना पैसा निकालना शुरू कर दिया है, जिससे भारतीय बाजारों में भी कीमतें तेजी से गिरी हैं। 

MCX लाइव डेटा: आज क्या चल रहे हैं वायदा भाव?

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, आज सोने और चांदी दोनों के वायदा अनुबंधों (Futures) में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है: 

  • MCX गोल्ड (अगस्त वायदा) : लगभग 1.28% टूटकर ₹1,44,654 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर ट्रेड कर रहा है। 
  • MCX सिल्वर (जुलाई वायदा) : इसमें सबसे भारी गिरावट आई है, चांदी का वायदा भाव ₹3,400 से ज्यादा की गिरावट के साथ ₹2,22,421 प्रति किलोग्राम के पास आ गया है। पिछले कुछ सत्रों के उच्चतम स्तर से तुलना करें तो इसमें करीब ₹11,000 तक की बड़ी रिकवरी (कमी) देखी गई है। 

22 कैरेट और 24 कैरेट सोने की कीमतों में अंतर (Live Retail Rates)

रिटेल मार्केट और ज्वेलरी शॉप्स पर 22K (ज्वेलरी के लिए इस्तेमाल होने वाला) और 24K (शुद्ध सोना) के दाम प्रति 10 ग्राम इस प्रकार हैं: 

Gold rate

नोट: ऊपर दिए गए खुदरा रेट्स में 3% GST और मेकिंग चार्ज (ज्वेलरी बनाने का शुल्क) शामिल नहीं हैं। अंतिम बिलिंग के समय आपके शहर में यह थोड़े अलग हो सकते हैं। 

 

भारत के मुख्य शहरों में चांदी का ताजा भाव (Silver Rates Today)

हाजिर बाजार में भी चांदी की कीमतें टूटने के बाद अब स्थिर नजर आ रही हैं। देश के महानगरों में प्रति किलो चांदी का रेट इस प्रकार है: 

  • मुंबई / दिल्ली / कोलकाता / बेंगलुरु: ₹2,45,000 प्रति किलोग्राम 
  • चेन्नई / हैदराबाद: ₹2,50,000 प्रति किलोग्राम

निवेशकों के लिए एक्सपर्ट की सलाह : कमोडिटी एक्सपर्ट्स का मानना है कि बाजार में आई यह गिरावट उन लोगों के लिए बेहतरीन मौका है जो लॉन्ग टर्म के लिए सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड, डिजिटल गोल्ड या फिजिकल ज्वेलरी खरीदना चाहते हैं। हालांकि, खरीदारी करने से पहले अपने नजदीकी हॉलमार्क प्रमाणित ज्वेलर्स से लाइव रेट्स जरूर क्रॉस-चेक कर लें।

(नोट : सोना-चांदी के इन भावों में समय के अनुसार बदलाव संभव है)