तिलक का आउट होना मैच का ‘टर्निंग पॉइंट’ रहा: सैमसन

भारतीय सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन का मानना है कि चौथे टी-20 मैच में वेस्टइंडीज खिलाफ तिलक वर्मा का आउट होना मैच का टर्निंग पॉइंट था।

नयी तैयार की गई पिच पर 248 रनों का पीछा करते हुए, भारत 12वें ओवर तक 130 रनों पर 5 विकेट गंवा चुका था, लेकिन तिलक और नीतीश कुमार रेड्डी ने टीम को मुकाबले में बनाए रखा। इन दोनों ने मिलकर स्थिति ऐसी ला दी थी कि 19 गेंदों पर 48 रनों की जरूरत थी, तभी रोमारियो शेफर्ड ने तिलक को आउट कर दिया।

वेस्टइंडीज के खिलाफ 24 रनों से हराने के बाद संजू सैमसन ने कहा मैच का टर्निंग पॉइंट तब आया जब तिलक आउट हुए। हम अच्छी तरह से आगे बढ़ रहे थे और प्रति ओवर 10-12 रन आसानी से बना रहे थे। रेड्डी और तिलक दबाव वाली स्थिति में बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। मुझे लगता है कि उस पल तक हम लक्ष्य का पीछा करने की स्थिति में थे। पांच विकेट गिरने के बाद इस तरह का कंट्रोल होना वाकई बहुत बड़ी बात है – दो युवा क्रिकेटरों ने दबाव को संभाला और वेस्टइंडीज की गेंदबाजी लाइन-अप का डटकर सामना किया। इससे पहले, सैमसन ने खुद 23 गेंदों में 56 रन बनाकर टीम के लिए एक मजबूत आधार तैयार किया था।

Also Read : असल जिंदगी में बिल्कुल नॉन-ड्रामैटिक हैं आदित्य धर: यामी गौतम

उन्होंने कहा जब आप हारने वाली टीम की तरफ होते हैं, तो आप जो कुछ भी करते हैं उसका अहसास बिल्कुल अलग होता है, इसलिए इस समय मैं काफी निराश हूँ। मैं निश्चित रूप से जीतना चाहता था। मुझे बल्लेबाजी करने में बहुत मज़ा आया। जब आप इस तरह के स्कोर का पीछा कर रहे होते हैं, तो कोई दूसरा विचार नहीं आता – आपको बस अपनी सूझबूझ और अपनी ताकत पर भरोसा करना होता है, और मैंने बिल्कुल वैसा ही किया। इसलिए मुझे अपनी पारी में मज़ा तो आया, लेकिन काश हम जीत जाते।

जब उनसे पूछा गया कि क्या गेंदबाजी में भारत को जसप्रीत बुमराह की कमी खल रही है, तो सैमसन ने कहा जसप्रीत बुमराह का कोई विकल्प नहीं है। वे अपनी पीढ़ी के एक असाधारण गेंदबाज हैं, और हम बहुत भाग्यशाली हैं कि वे हमारी टीम में हैं। लेकिन हमारे पास कुछ बहुत अच्छी युवा प्रतिभा भी हैं। अर्शदीप सिंह बहुत अच्छा काम कर रहे हैं, और पिछले कुछ मैचों में प्रिंस यादव ने जिस तरह से गेंदबाजी की है, वह भी काफी प्रभावशाली है। मुझे लगता है कि हमारे पास वाकई बहुत अच्छा टैलेंट है। हम उन्हें जितना ज़्यादा खिलाएंगे और उन पर जितना ज़्यादा भरोसा दिखाएंगे, वे उतने ही बेहतर होते जाएंगे।

सीरीज का फैसला करने वाले पांचवें टी-20 मैच से पहले भारत के सामने एक और समस्या आ खड़ी हुई है। लक्ष्य का पीछा करते हुए आखिरी ओवर में, शमार जोसेफ की एक शॉर्ट गेंद अर्शदीप के बाएं कंधे पर लग गई। वे काफी दर्द में दिख रहे थे, लेकिन फिर भी एक और गेंद का सामना करने के बाद वे ‘रिटायर्ड हर्ट’ होकर मैदान से बाहर चले गए। सैमसन ने बताया अर्शदीप अपने कंधे पर बर्फ लगा रहे हैं। उम्मीद है कि वे जल्द ही ठीक हो जाएंगे। सीरीज काआखिरी टी-20 मैच शनिवार को बेंगलुरु में खेला जाएगा।

Pic Credit : UNI

असल जिंदगी में बिल्कुल नॉन-ड्रामैटिक हैं आदित्य धर: यामी गौतम

बॉलीवुड अभिनेत्री यामी गौतम ने अपने पति और फिल्मकार आदित्य धर को असल जिंदगी में बेहद शांत और सहज स्वभाव का बताया है। सोनी मराठी के कार्यक्रम ‘कोण होणार करोडपति’ के आगामी एपिसोड में यामी अपनी फिल्म ‘नयी नवेली’ के प्रचार के दौरान अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के साथ बातचीत में अपनी प्रेम कहानी से जुड़े दिलचस्प किस्से साझा करेंगी।

इस एपिसोड में यामी गौतम और अभिनेता आदिनाथ कोठारे माधुरी दीक्षित के सामने हॉट सीट पर नजर आएंगे। इस दौरान यामी बताएंगी कि माधुरी की फिल्मों में दिखाई गई प्रेम कहानियों ने उनके प्यार को लेकर नजरिये को किस तरह प्रभावित किया।

माधुरी की फिल्मों की प्रेम कहानियों को याद करते हुए यामी कहती हैं आपकी फिल्में देखकर हमें लगता था कि प्रेम कहानी हो तो ऐसी हो। हर लड़की ऐसे ही किसी लम्हे का सपना देखती है, जिसमें मन ही मन लगे-‘पलट, पलट!’ लेकिन असल जिंदगी में आदित्य और मुझमें एक बात एक जैसी है। हम दोनों ही बहुत कम खुलने वाले और बिल्कुल नॉन-ड्रामैटिक लोग हैं।

Also Read : विद्या बालन करेंगी पर्थ के पहले भारतीय फिल्म महोत्सव का उद्घाटन

यामी ने बताया कि उनकी पहली मुलाकात फिल्म ‘उरी’ के सेट पर हुई थी। उस समय आदित्य फिल्म का निर्देशन कर रहे थे और यामी अभिनय कर रही थीं। शूटिंग के दौरान दोनों के बीच ज्यादा बातचीत नहीं हुई, लेकिन फिल्म के प्रचार के दौरान साथ में इंटरव्यू देते हुए उन्हें एक-दूसरे को बेहतर ढंग से जानने का मौका मिला।

यामी के अनुसार, बातचीत के दौरान उन्हें महसूस हुआ कि जिंदगी, परिवार और संस्कारों को लेकर दोनों की सोच काफी मिलती है। आदित्य का शांत स्वभाव, सभी के प्रति सम्मान और काम के प्रति जुनून उन्हें बेहद पसंद आया।

यामी ने कहा हमारी पहली मुलाकात ‘उरी’ के सेट पर हुई थी। शूटिंग के दौरान हमारी ज्यादा बातचीत नहीं हुई। लेकिन प्रमोशन के समय जब हम साथ इंटरव्यू देते थे, तो एक-दूसरे के जवाब भी सुनते थे। तभी मुझे लगा कि इनके उसूल और पारिवारिक संस्कार मेरे जैसे हैं। आदित्य की यही बात मुझे बहुत अच्छी लगी। सेट पर मैं पहले ही देख चुकी थी कि वह कैसे इंसान हैं। ऐसे लोग बहुत कम मिलते हैं। वह कभी किसी पर गुस्सा नहीं करते थे, सबकी इज्जत करते थे और अपने काम को लेकर बेहद जुनूनी थे। साथ ही, बहुत शांत और सुलझे हुए भी थे।

इस पर माधुरी दीक्षित ने मुस्कुराते हुए कहा बिल्कुल आपकी तरह। यामी ने अपने जीवनसाथी के बारे में कहा ऐसा साथी मिलना बहुत बड़ी बात होती है। मैं बहुत खुशकिस्मत हूं कि आदित्य मेरे पति हैं। ‘कोण होणार करोडपति’ का यह विशेष एपिसोड सोनी मराठी पर सोमवार से शनिवार रात नौ बजे प्रसारित होता है। दर्शक इसे सोनी लिव पर भी देख सकते हैं।

Pic Credit : UNI

Aditya Dhar-Yami Gautam: आदित्य धर-यामी गौतम ने छोड़ा मुंबई, हिमाचल प्रदेश में शिफ्ट हुआ कपल!

Aditya Dhar-Yami Gautam: ‘फ्री प्रेस जर्नल’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक यामी गौतम धर और फिल्ममेकर आदित्य धर ने अपना स्थायी ठिकाना हिमाचल प्रदेश में बना लिया है। उन्होंने मुंबई की लगातार पब्लिक अटेंशन से दूर एक शांत जिंदगी चुनी है। यह कपल अब काम के सिलसिले में ही मुंबई आता जाता रहता है।

यामी गौतम और आदित्य धर का हिमाचल कनेक्शन

यामी के लिए हिमाचल प्रदेश लंबे समय से सिर्फ घूमने-फिरने की जगह से कहीं ज्यादा रहा है। शादी से पहले एक्ट्रेस ने मंडी के गोहर में 25 एकड़ जमीन पर बना 100 साल पुराना हेरिटेज घर खरीदा था, जो उनके परिवार और बचपन की यादों से गहराई से जुड़ा हुआ है। जून 2021 में वहां शादी करने के बाद यह प्रॉपर्टी कपल के लिए और भी खास हो गई। हिमाचल में उनका घर लकड़ी और पत्थर से बना है और इसके चारों ओर बगीचे हैं, जहां सेब, आलू, आलूबुखारा और अदरक उगाए जाते हैं।

खबरों के मुताबिक धर परिवार ने इस प्रॉपर्टी को किसी बड़े सेलिब्रिटी होम में बदलने के बजाय इसे सादा ही रखना पसंद किया है। वे फिल्मों पर काम न करने के दौरान लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करते हैं। बॉलीवुड के जाने-माने कपल्स में से एक होने के बावजूद, यामी और आदित्य अपनी पर्सनल जिंदगी को शायद ही कभी पब्लिक चर्चा का हिस्सा बनाते हैं। वे ज्यादातर फिल्म शूट, प्रमोशन और इंडस्ट्री के जरूरी इवेंट्स में ही नजर आते हैं।

‘धुरंधर’ के बाद आदित्य ने पब्लिक में अपनी मौजूदगी काफी कम रखी है। इस साल की शुरुआत में उन्हें मुख्य रूप से प्रोफेशनल कामों के सिलसिले में ही पब्लिक में देखा गया, जिसमें गुजरात के एकता नगर में हाल ही में हुआ नेशनल फिल्म अवॉर्ड समारोह भी शामिल है, जहां उन्हें और यामी को ‘आर्टिकल 370’ के लिए नेशनल अवॉर्ड मिले। आदित्य को प्रोड्यूसर के तौर पर सम्मानित किया गया, जबकि यामी ने लीड एक्ट्रेस के तौर पर अपनी परफॉर्मेंस के लिए अवॉर्ड जीता।

मुंबई वाले घर का ‘धुरंधर’ से कनेक्शन है

हिमाचल प्रदेश में अपना स्थायी ठिकाना बनाने से पहले, यामी और आदित्य मुंबई के खार वेस्ट में एक बड़े किराए के अपार्टमेंट में रहते थे। आदित्य ने 2025 के आखिर में अपनी ‘धुरंधर’ फ्रैंचाइजी के पहले हिस्से के प्रमोशन के दौरान उस पते के बारे में मजाक भी किया था। उस इवेंट में उन्होंने कहा-“मेरा घर चित्रकार धुरंधर मार्ग पर है। खबरों के मुताबिक यह अपार्टमेंट उस कपल ने लंबे समय के लिए किराए पर लिया था, हालांकि बाद में ‘धुरंधर’ की सफलता के बाद उन्होंने इसे खरीद लिया था।

बेटे वेदाविद को भी लाइमलाइट से दूर रखा

माता-पिता बनने के बाद से यामी गौतम और आदित्य धर के लिए प्राइवेसी अहम हो गई है। यामी और आदित्य मई 2024 में अपने बेटे वेदाविद के माता-पिता बने, लेकिन उन्होंने जान-बूझकर उसका चेहरा लोगों की नजरों से दूर रखा है। सितंबर 2025 में यामी ने वेदाविद के साथ एक तस्वीर शेयर की, लेकिन उसका चेहरा छिपाकर ही रखा।