FIFA World Cup 2026: पुर्तगाल-अमेरिका के बाहर होते ही सस्ते हुए क्वार्टर फाइनल के टिकट! जानें अब कितनी है कीमत

FIFA World Cup 2026: फीफा विश्व कप 2026 अब अपने रोमांचक दौर में पहुंच गया है। इस हफ्ते से फीफा विश्व कप 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले की शुरुआत होने जा रही हैं। वहीं टूर्नामेंट से पुर्तगाल और अमेरिका के बाहर होने के बाद बड़े नॉकआउट मैचों के टिकटों की मांग कम हो गई है। इसका असर टिकटों की कीमतों पर भी पड़ा है और कई मुकाबलों के टिकट पहले के मुकाबले काफी सस्ते हो गए हैं। टिकट बेचने वाले सेकेंडरी प्लेटफॉर्म टिकपिक के अनुसार, स्पेन और बेल्जियम के बीच शुक्रवार को खेले जाने वाले फीफा विश्व कप 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले के टिकटों की कीमत में भारी गिरावट आई है। मंगलवार दोपहर तक जहां एक टिकट करीब 2,950 डॉलर में मिल रहा था, वहीं बाद में इसकी कीमत घटकर लगभग 1,200 डॉलर रह गई।

पुर्तगाल की टीम हुए बाहर

टिकटों की कीमत में आई ये बड़ी कमी अमेरिका के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद देखने को मिली। राउंड ऑफ 16 में बेल्जियम ने अमेरिका को 4-1 से हराकर उसका सफर खत्म कर दिया। माना जा रहा है कि अगर मेजबान टीम क्वार्टर फाइनल तक पहुंच जाती, तो घरेलू प्रशंसकों की भारी मांग के कारण टिकटों के दाम काफी ज्यादा बने रहते। टिकटों के दाम घटने की एक बड़ी वजह पुर्तगाल का टूर्नामेंट से बाहर होना भी माना जा रहा है।

स्पेन ने राउंड ऑफ 16 में पुर्तगाल को 1-0 से हराकर उसकी चुनौती खत्म कर दी। इस हार के साथ क्रिस्टियानो रोनाल्डो का विश्व कप सफर भी समाप्त हो गया। पुर्तगाल के बाहर होने से टूर्नामेंट की सबसे लोकप्रिय टीमों में से एक नॉकआउट चरण से बाहर हो गई, जिससे टिकटों की मांग पर भी असर पड़ा।

अभी कितने में मिल रहा टिकट

कई लोगों को उम्मीद थी कि क्वार्टर फाइनल में पुर्तगाल और अमेरिका की भिड़ंत होगी। क्रिस्टियानो रोनाल्डो की लोकप्रियता और अमेरिका के मेजबान होने की वजह से इस मुकाबले के टिकटों की मांग काफी ज्यादा रहने का अनुमान था। लेकिन दोनों टीमों के बाहर होने से ऐसा नहीं हो सका। फिलहाल क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में सबसे कम कीमत वाले टिकट फ्रांस और मोरक्को के बीच फॉक्सबोरो के जिलेट स्टेडियम में होने वाले मैच के लिए उपलब्ध हैं। टिकट बिक्री प्लेटफॉर्म टिकपिक के अनुसार, फ्रांस और मोरक्को के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबले के टिकटों की शुरुआती कीमत 989 डॉलर रखी गई है। यानी इस मैच के लिए दर्शक 989 डॉलर से टिकट खरीद सकते हैं।

क्वार्टर फाइनल में होगा इनका आमना सामना

फीफा विश्व कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में शुक्रवार को फ्रांस का मुकाबला मोरक्को से होगा। वहीं दूसरे क्वार्टर फाइनल में स्पेन का सामना बेल्जियम से होगा। क्वार्टर फाइनल में रविवार को एरलिंग हालैंड की नॉर्वे का सामना हैरी केन की इंग्लैंड से होगा। इसके बाद मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना की टीम स्विट्जरलैंड से भिड़ेगी। इन चारों क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के विजेता अगले सप्ताह सेमीफाइनल में पहुंचेंगे। ये मैच फॉक्सबोरो के जिलेट स्टेडियम, इंगलवुड के सोफी स्टेडियम, मियामी गार्डन्स के हार्ड रॉक स्टेडियम और कैनसस सिटी के एरोहेड स्टेडियम में खेले जाएंगे।

FIFA World Cup 2026: क्वार्टर फाइनल की 4 टीमें हुई तय, जानें बाकी मैचों का शेड्यूल और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स

FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 अब अपने चौथे सप्ताह में पहुंच चुका है और खिताब की जंग पहले से कहीं ज्यादा रोमांचक हो गई है। टूर्नामेंट में अबतक कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले हैं। फीफा वर्ल्ड कप की शुरुआत 48 टीमों के साथ हुई थी, लेकिन अब आधे से भी कम टीमें ट्रॉफी जीतने की दौड़ में बची हैं। नॉकआउट मुकाबले तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और क्वार्टर फाइनल की शुरुआत के साथ आखिरी आठ में जगह बनाने वाली चार टीमों के नाम भी तय हो चुके हैं।

क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली टीमों का सफर एक जैसा नहीं रहा। कुछ टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आसानी से जीत हासिल की, जबकि कुछ को आखिरी समय तक कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। लेकिन, मुश्किल हालात के बावजूद उन्होंने मुकाबला अपने नाम किया और अगले दौर में जगह पक्की कर ली।

अबतक कौन-कौन सी टीमें पहुंची क्वार्टर फाइनल में

मोरक्को

फ्रांस

नॉर्वे

इंग्लैंड

राउंड ऑफ 16 के बाकी मुकाबले

राउंड ऑफ 16 के बाकी मुकाबले भी बेहद रोमांचक होने वाले हैं। 6 जुलाई को दोपहर 2 बजे पुर्तगाल की भिड़ंत स्पेन से होगी, जबकि उसी दिन अमेरिका का सामना बेल्जियम से होगा। इसके बाद 7 जुलाई को स्विट्जरलैंड और कोलंबिया आमने-सामने होंगे। वहीं, एक और बड़े मुकाबले में अर्जेंटीना की टीम मिस्र के खिलाफ मैदान में उतरेगी। इन मैचों के बाद क्वार्टर फाइनल की सभी टीमें तय हो जाएंगी।

किस दिन होगा किसका मुकाबला

क्वार्टर फाइनल का आगाज भारत में 10 जुलाई से होगा। पहले मुकाबले में फ्रांस और मोरक्को की टीमें आमने-सामने होंगी। ये मैच अमेरिका के बोस्टन स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों के बीच मुकाबले की शुरूआत सुबर 1:30 पर होगी। इसके बाद 11 जुलाई को दूसरा क्वार्टर फाइनल लॉस एंजिल्स स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसमें पुर्तगाल और स्पेन के विजेता का मुकाबला अमेरिका और बेल्जियम के विजेता से होगा।

तीसरा क्वार्टर फाइनल 12 जुलाई को मियामी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां नॉर्वे और इंग्लैंड की टीमें भिड़ेंगी। ये मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 2 बजे से शुरू होगा। वहीं, चौथा और आखिरी क्वार्टर फाइनल 12 जुलाई को कैनसस सिटी स्टेडियम में होगा। इस मुकाबले में अर्जेंटीना और मिस्र के मैच के विजेता का सामना स्विट्जरलैंड और कोलंबिया के मैच के विजेता से होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 6:30 बजे से शुरू होगा।

भारत में कहां पर देखें मुकाबला

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबलों का प्रसारण भारत में जी एंटरटेनमेंट के नए स्पोर्ट्स नेटवर्क Unite8 स्पोर्ट्स पर किया जाएगा। दर्शक मैचों का आनंद Unite8 स्पोर्ट्स 1 (हिंदी कमेंट्री), Unite8 स्पोर्ट्स 1 HD (हिंदी कमेंट्री), Unite8 स्पोर्ट्स 2 (इंग्लिश कमेंट्री), और Unite8 स्पोर्ट्स 2 HD (इंग्लिश कमेंट्री) पर मुकाबले देखने को मिल सकते हैं। वहीं इनकी लाइव स्ट्रीमिंग जी5 ऐप और जी5 की आधिकारिक वेबसाइट पर देखी जा सकेगी।

नॉवें के हालैंड ने अकेले दम पर ब्राजील को हराकर किया विश्वकप से बाहर

एर्लिंग हालैंड अंतिम क्षणों में किये गये दो गोलों की बदौलत नॉर्वे ने पांच बार की चैंपियन ब्राजील को 2-1 से हराकर फीफा वर्ल्ड कप 2026 से बाहर कर दिया है। इस जीत के साथ नॉर्वे ने टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। इस रोमांचक मुकबाले के हीरो एर्लिंग हालैंड ने मैच के आखिरी क्षणों (79वें और 90वें मिनट) में दो शानदार गोल दागकर नॉर्वे को जीत दिलाई। इंजरी टाइम में ब्राजील के लिए नेमार ने पेनल्टी से एक गोल किया, लेकिन यह हार टालने के लिए नाकाफी था।

पहले हाफ में खेल का रुख बिल्कुल अलग हो सकता था, जब ब्राजील के फॉरवर्ड मैथियस कुन्हा ने पेनल्टी हासिल की, लेकिन नॉर्वे के ओरजान नाइलैंड ने ब्रूनो गुइमारेस के कमजोर प्रयास को बचा लिया। कई मौको के बावजूद पहला हॉफ गोल रहित रहा। मुकाबले के तीनों गोल मैच के दूसरे हॉफ में आये।

ब्रेक के बाद नॉर्वे ने आक्रामक खेल दिखाया, जिसका श्रेय सोलबैकन के दो बड़े और शायद अप्रत्याशित बदलावों को जाता है। उन्होंने अलेक्जेंडर सोरलॉथ और एंटोनियो नुसा की जगह एंड्रियास शेल्डरुप और ऑस्कर बॉब को मैदान पर उतारा । वहीं ब्राजील के कोच कार्लो एंसेलोटी के बदलाव – जिनमें एंड्रिक और नेमार जैसे खिलाड़ी शामिल थे – ने शायद दर्शकों को खुश किया हो, लेकिन खेल पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ा।
नॉर्वे का क्वार्टर फाइनल में मुकाबला मियामी में इंग्लैंड बनाम मैक्सिको के मैच के विजेता से होगा । ब्राजील के लिए, यह 36 वर्षों में विश्व कप से उनका सबसे जल्दी बाहर होना है।

अर्जेंटीना होगी उलटफेर की शिकार, केप वर्डे के कोच का धमाकेदार बयान

केप वर्डे के कोच पेड्रो लीटाओ ब्रितो भरोसा है कि उनकी टीम FIFA World Cup 2026 में अर्जेंटीना हरा सकती है। ब्रितो को “विश्वास” है कि वे विश्व कप के इतिहास में सबसे बड़े उलटफेरों में से एक को अंजाम दे सकते हैं और अर्जेंटीना को चौंका सकते हैं। विश्व कप में ग्रुप स्टेज से आगे बढ़ने वाला अब तक का सबसे छोटा देश केप वर्डे, शुक्रवार को मियामी में राउंड ऑफ 32 में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना से भिड़ेगा।

लियोनेल मेसी के नेतृत्व वाली अर्जेंटीना की टीम जीत की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। लेकिन केप वर्डे के कोच, जिन्हें बुबिस्ता के नाम से जाना जाता है, ने कहा कि उनकी टीम “साहसी और निडर” है।उन्होंने कहा, “बेशक, हमें विश्वास है। हमें खुद पर, अपनी ताकत पर, अपने खिलाड़ियों पर और अपनी टीम पर पूरा भरोसा है। हम जानते हैं कि यह बहुत मुश्किल मुकाबला होगा, लेकिन हम अपने प्रतिद्वंदी को हरा सकते हैं। हम साहसी और महत्वाकांक्षी हैं और हम जीतने के लिए खेलेंगे।”

उन्होंने कहा, “हमारा दृढ़ विश्वास है, और यह बहुत मददगार है। हम साहस के साथ खेलेंगे। हम निडर होकर क्वालिफिकेशन के लिए लड़ेंगे। हम चाहते हैं कि खिलाड़ी मैच का आनंद लें, लेकिन साथ ही साथ ध्यान केंद्रित रखें और अगले चरण में पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास करें।” उन्होंने कहा, “वे मौजूदा विश्व चैंपियन हैं और टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक हैं। हम उनकी पूरी टीम के खिलाफ खेलेंगे। हम जानते हैं कि मेसी दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं, लेकिन हम उनकी पूरी टीम के खिलाफ खेलेंगे।”

1 गोल से पिछड़ने के बाद हैरी कैन के दोहरे प्रहार से एतिहासिक वापसी कर जीता इंग्लैंड

 

FIFA World Cup 2026 में इंग्लैंड ने 1966 के बाद से कभी भी गोल खाने के बाद मैच नहीं जीता था इतिहास इंग्लैंड के विरुद्ध था लेकिन हैरी केन के इरादे कुछ और थे।कप्तान हैरी केन ने आखिरी 15 मिनट में दो गोल दाग कर इंग्लैंड को वर्ल्ड कप के Round of 16 में पहुंचा दिया, मुकाबले में एक गोल से पिछडने के बाद इंग्लैंड ने वापसी करते हुए डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो को 2-1 से हराया।

बुधवार रात खेले गये इस मुकाबले में केन ने अपने देश के लिए एक और मैच जिताने वाला प्रदर्शन किया, जब कप्तान ने 75वें मिनट में हेडर से बराबरी की और फिर मैच खत्म होने से चार मिनट पहले एक शानदार विजयी गोल किया, जब इंग्लैंड एक रोमांचक मैच में एक घंटे से पीछे था। केन का दूसरा गोल वर्ल्ड कप में उनका 13वां गोल था, जो महान पेले से एक अधिक था।

ब्रायन सिपेंगा ने मैच के सातवें मिनट में अपने पहले इंटरनेशनल गोल से डीआर कांगो को बढ़त दिलाकर इंग्लैंड को चौंका दिया था। गोल खाने के बाद इंग्लैंड ने लगातार आक्रमण किए, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। जूड बेलिंघम के दो शानदार हेडर को डीआर कॉन्गो के गोलकीपर लियोनेल म्पासी ने बेहतरीन बचाव करते हुए गोल में नहीं जाने दिया।

वहीं, मार्कस रैशफोर्ड के शॉट को आरोन वान-बिसाका ने गोललाइन से क्लियर कर दिया। पहले हाफ के आखिरी पलों में हैरी केन का वॉली शॉट भी म्पासी ने रोक दिया। दूसरी ओर, डीआर कॉन्गो के योआने विस्सा का प्रयास पोस्ट से टकरा गया और इंग्लैंड एक और गोल खाने से बच गया।

दूसरे हाफ में इंग्लैंड के मुख्य कोच थॉमस टुखेल के बदलाव असरदार साबित हुए। सब्स्टीट्यूट एंथनी गॉर्डन ने 75वें मिनट में शानदार क्रॉस दिया, जिस पर हैरी केन ने हेडर के जरिए बराबरी का गोल दाग दिया। इस गोल के बाद इंग्लैंड ने मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली और लगातार दबाव बनाता रहा। 86वें मिनट में हैरी केन ने एक बार फिर अपनी क्लास दिखाई।

उन्होंने शानदार टर्न लेते हुए डिफेंडर को छकाया और नियर पोस्ट की ओर जोरदार शॉट लगाकर गेंद को जाल में पहुंचा दिया। इस गोल के साथ इंग्लैंड ने 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। अंतिम मिनटों में डीआर कॉन्गो ने वापसी की कोशिश की, लेकिन इंग्लैंड की रक्षा पंक्ति ने कोई मौका नहीं दिया और टीम ने शानदार जीत दर्ज की। राउंड ऑफ 16 में इंग्लैंड की टीम का मुकाबला अब मेक्सिको से होगा।

IND vs ENG: डेब्यू के लिए वैभव सूर्यवंशी को करना होगा और इंतजार? भारत के कोच ने किया बड़ा खुलासा

भारत का 2 मैचों की टी20 सीरीज का आयरलैंड दौरा खत्म हो गया। भारत को इस दौरे पर 2-0 से करारी शिकस्त मिली है। वहीं अब इस हार को भुलाकर भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला खेलने उतरेगी। भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का शुरुआत 1 जुलाई से होगी। इस सीरीज में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय डेब्यू को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं भारतीय टीम के सहायक कोच रायन टेन डोएशेट ने कहा कि, युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने की पूरी क्षमता है। उन्होंने साफ किया कि सिर्फ प्रतिभा के आधार पर टीम में जगह नहीं मिलती। 15 वर्षीय वैभव को भी बाकी खिलाड़ियों की तरह लगातार अच्छा प्रदर्शन करके अपनी जगह पक्की करनी होगी।

आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भारत की 2-0 से हार के बाद युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका न मिलने को लेकर काफी चर्चा हुई। दूसरे मुकाबले में भारत को 1 रन से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद कई लोगों ने सवाल उठाया कि वैभव को टीम में शामिल क्यों नहीं किया गया।

टेन डोएशेट ने क्या कहा

टेन डोएशेट ने मैच के बाद कहा, “वैभव सूर्यवंशी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, इसमें कोई संदेह नहीं है। लेकिन संजू सैमसन भी ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने कुछ महीने पहले हमें टी20 विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी।” उन्होंने आगे कहा कि टीम मैनेजमेंट लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखना चाहता है। उन्होंने आगे कहा, “खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें लंबे समय तक मौके देना हमारे लिए जरूरी है। हम भी वैभव को खेलते हुए देखने के लिए एक्साईटमेंट हैं, लेकिन उन्हें भी बाकी खिलाड़ियों की तरह अपनी बारी का इंतज़ार करना होगा। उनकी टैलेंट पर किसी को कोई शक नहीं है।”

बैटिंग कोच ने भी कहीं थी ये बात

सहायक कोच रायन टेन डोएशेट की राय बल्लेबाजी कोच सीतांशु कोटक के पहले दिए गए बयान से मिलती-जुलती है। सीरीज शुरू होने से पहले भी कोटक ने कहा था कि वैभव सूर्यवंशी को लेकर काफी एक्साईटेड है, लेकिन उन्हें टीम में जगह पाने के लिए सही समय का इंतजार करना होगा। उनका मानना था कि हर खिलाड़ी की तरह वैभव को भी अपने प्रदर्शन के दम पर मौका मिलेगा। अगर वैभव को इस दौरे पर खेलने का मौका मिलता है, तो वह भारत के सबसे कम उम्र के पुरुष इंटरनेशनल क्रिकेटर बन जाएंगे। वहीं वैभव सचिन तेंदुलकर के 16 साल के डेब्यू का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ देंगे।

आईपीएल में खेली शानदार पारी

वैभव सूर्यवंशी ने अपने शानदार आईपीएल प्रदर्शन से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। बाएं हाथ के इस युवा ओपनर ने पूरे सीजन में 230 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर और इमर्जिंग प्लेयर दोनों पुरस्कारों से सम्मानित किया गया, जिसके बाद उन्हें भारत के सबसे होनहार युवा खिलाड़ियों में गिना जाने लगा।