
केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने निशु आजाद के पिता को न्याय दिलाने की जिम्मेदारी लेते हुए दिल्ली पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने स्वतंत्र भारद्वाज से किसी भी तरह के रिश्ते से इनकार करते हुए उनके खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई है। ALSO READ: निशु आजाद मामला : स्वतंत्र भारद्वाज को बुलंद शहर से हिरासत में लिया, CJP ने दिया था 72 घंटे का अल्टीमेटम, क्या है पूरा मामला
पासवान ने कहा कि दिल्ली के छात्र कार्यकर्ता निशु आजाद के पिता के साथ हुई मारपीट के मामले में वह पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की पूरी जिम्मेदारी लेते हैं। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली पुलिस के सामने इस मामले को मजबूती से उठाएंगे और दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग करेंगे।
स्वतंत्र भारद्वाज से संबंधों पर क्या बोले चिराग पासवान?
मोदी सरकार में मंत्री पासवान ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ औपचारिक शिकायत भी दर्ज कराई है। भारद्वाज से संबंधों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पासवान ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में कई लोग उनसे मिलने आते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि कोई व्यक्ति खुद को उनका निजी परिचित बताकर उनके नाम का इस्तेमाल करे। उन्होंने ऐसे दावे को अपने और पार्टी के नाम का गलत इस्तेमाल बताया।
चिराग पासवान ने कहा कि हमलावर ने यह धारणा बनाने की कोशिश की कि उसके खिलाफ उनके या उनकी पार्टी की वजह से कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि उनके नाम का इस्तेमाल करके किसी मामले में बचने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी। ALSO READ: स्वतंत्र भारद्वाज के वायरल वीडियो पर बवाल, निशु आजाद के पिता पर हमले को लेकर CJP ने घेरा थाना
क्या है पूरा मामला?
पुलिस ने अनुसार, जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन के दौरान हुई हाथापाई में गाजियाबाद के रहने वाले संजय कुमार के सिर में चोट लग गई थी। RML अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि चोट मामूली है। यह चोट किसी हथियार से नहीं बल्कि कड़े से लगी थी। इस बीच स्वतंत्र भारद्वाज ने एक पॉडकास्ट में दावा किया कि उसने ही निशु के पिता संजय कुमार का सिर फोड़ा था और राजनीतिक रसूख के चलते वह बिना किसी बड़ी कानूनी कार्रवाई के बच निकला।
निशु आजाद ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा था कि वायरल वीडियो में उसने खुद कबूल किया उसी ने मेरे पापा का सर फोड़ा था। हमने इस घटना के समय ही उसके खिलाफ FIR दर्ज करवाया था, लेकिन पुलिस कुछ कर ही नहीं रही है। दिल्ली पुलिस से हमारा विश्वास उठ चुका है। अब मुझे उम्मीद सिर्फ राहुल गांधी से हैं। प्लीज आप मुझे न्याय दिलाइए। इस पर राहुल ने कहा कि निशु, घबराने की जरूरत नहीं है। मैं तुम्हारे साथ हूं।
अगले ही दिन सीजेपी कार्यकर्ताओं ने संसद मार्ग थाने का घेराव पर स्वतंत्र भारद्वाज पर सख्त कार्रवाई की मांगी की। दिल्ली पुलिस ने भी मामले पर तुरंत एक्शन लेते हुए स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी पर पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी हैं।


