Snake: रातभर घर में छिपा रहा 8 फीट का सांप? सुबह रसोई में पहुंची महिला तो सामने आया खौफनाक नजारा

मध्य प्रदेश के सागर में सोमवार सुबह एक घर की रसोई में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब परिवार को वहां करीब 8 फीट लंबा सांप मिला। मामला रुशल्ला इलाके का है। सुबह एक महिला रसोई में पहुंची तो उसकी नजर गैस सिलेंडर के पीछे छिपे सांप पर पड़ी। इतना बड़ा सांप देखकर वह घबरा गई और तुरंत रसोई से बाहर निकलकर परिवार के बाकी लोगों को इसकी जानकारी दी।

कुछ ही देर में परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर आ गए। किसी ने भी सांप को खुद पकड़ने की कोशिश नहीं की और तुरंत स्नेक कैचर को बुलाया गया।

गैस सिलेंडर के पीछे बैठा था सांप

सांप के रसोई में छिपे होने की जानकारी मिलते ही स्नेक कैचर बाबलू पवार मौके पर पहुंचे। उन्होंने पहले सावधानी से रसोई का निरीक्षण किया। सांप गैस सिलेंडर के पीछे छिपा हुआ था, इसलिए उसे बाहर निकालने में खास सावधानी बरतनी पड़ी। परिवार के लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया, ताकि सांप अचानक बाहर निकलने पर कोई खतरा न हो। काफी मशक्कत के बाद बाबलू पवार ने सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। जब उसे बाहर लाया गया तो उसकी लंबाई देखकर आसपास मौजूद लोग भी हैरान रह गए।

करीब 8 फीट लंबा था घोड़ा पछाड़

स्नेक कैचर के मुताबिक, पकड़ा गया सांप करीब 8 फीट लंबा घोड़ा पछाड़ था। रेस्क्यू के बाद उसे जंगल में छोड़ने की तैयारी की गई, ताकि वह अपने प्राकृतिक वातावरण में वापस जा सके।

बारिश से बचने के लिए घर में घुसा होगा सांप

इस घटना को बारिश के मौसम से भी जोड़कर देखा जा रहा है। इस दौरान सांप और दूसरे जीव अक्सर पानी से बचने के लिए सूखी और सुरक्षित जगह तलाशते हैं। माना जा रहा है कि यह सांप भी किसी खुले रास्ते या छेद से घर में आया होगा और बाद में गैस सिलेंडर के पीछे छिप गया।

रसोई जैसी जगह पर इतने बड़े सांप का मिलना परिवार के लिए किसी डरावने अनुभव से कम नहीं था। हालांकि, समय रहते उसे सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल लिया गया।

सांप दिखे तो खुद पकड़ने की कोशिश न करें

स्नेक कैचर ने लोगों से अपील की कि बारिश के दिनों में घर के आसपास सफाई रखें और उन जगहों पर विशेष ध्यान दें, जहां सांप छिप सकते हैं। अगर घर में सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने या मारने की कोशिश बिल्कुल न करें। तुरंत किसी प्रशिक्षित स्नेक कैचर या विशेषज्ञ को बुलाएं। इससे इंसानों के साथ-साथ सांप की जान भी सुरक्षित रह सकती है।

Video: ओमान में यूक्रेनी कपल समुद्री कछुए पर बैठा, वीडियो वायरल होते ही शुरू हुई कानूनी कार्रवाई

VIDEO: चलती ट्रेन के स्लीपर कोच में बर्थ के नीचे से निकला लंबा सांप, भागने लगे लोग!

Train Snake Incident: चलती ट्रेन के डिब्बे में आराम से सफर कर रहे यात्रियों के पसीने तब छूट गए, जब रात के अंधेरे में साइड लोअर बर्थ के ठीक नीचे से एक लंबा सांप बाहर निकलता दिखाई दिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर @JharkhandRail द्वारा शेयर किया गया वीडियो कटिहार एक्सप्रेस का बताया जा रहा है, जो कोलकाता जा रही थी।

यूजर ने तंज अंदाज में लिखा कि यात्रियों ने पूरे पैसे देकर स्लीपर क्लास की सीट बुक की थी, लेकिन सफर के दौरान उन्हें सुरक्षा के बजाय ‘सांप का सरप्राइज’ मिल गया। इस नजारे के बाद यात्रियों की सुरक्षा के दावों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए है।

क्या है पूरा मामला?

रात के समय जब ट्रेन कोलकाता की ओर बढ़ रही थी, तभी स्लीपर कोच के साइड लोअर बर्थ के नीचे से अचानक एक लंबा सांप रेंगता हुआ बाहर आया। चलती ट्रेन के में सांप को देखते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यात्री अपनी बर्थ छोड़कर दूर हट गए। गनीमत यह रही कि समय रहते सांप पर नजर पड़ गई, वरना किसी यात्री को डसने पर रात के समय चलती ट्रेन में बड़ा हादसा हो सकता था।

सोशल मीडिया पर तंज और लोगों का फूटा गुस्सा

@JharkhandRail ने इस घटना का विवरण साझा करते हुए रेलवे पर तीखा तंज कसा है। यूजर ने लिखा, ‘स्लीपर कोच या सांपों का अभयारण्य? पूरा किराया देकर स्लीपर बर्थ बुक की… और साथ में मुफ्त में सांप से मुलाकात! मजाक से हटकर, यात्रियों को चलती ट्रेन के अंदर खतरनाक जीवों से डरने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। यात्रियों को एक सुरक्षित यात्रा चाहिए, न कि कोई जंगल सफारी।

यूजर्स के रिएक्शन्स

कई यूजर्स ने कमेंट करते हुए लिखा कि ट्रेन यार्ड में खड़ी रहने के दौरान प्रॉपर चेकिंग और सफाई नहीं होती, जिसके कारण ऐसे जहरीले जीव डिब्बों में घुस जाते हैं। X पर लोगों ने रेल मंत्री और ईस्टर्न/नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे को टैग करते हुए कहा कि जब यात्री पूरा किराया देते हैं, तो उन्हें जंगल सफारी जैसा खौफनाक अनुभव क्यों दिया जा रहा है?

कुछ यूजर्स का कहना था कि आउटर या डिपो में गाड़ियां खड़ी रहने के दौरान खिड़कियां और दरवाजे खुले छोड़ दिए जाते हैं, जिससे सांप और चूहे आसानी से अंदर दाखिला पा लेते हैं।