‘दिल्ली को टॉप पर ले जाना है’, हेड कोच बनते ही सौरव गांगुली ने बताया अपना मिशन

दिल्ली कैपिटल्स ने IPL 2027 के लिए सौरव गांगुली को अपना नया हेड कोच बनाया। टीम की जिम्मेदारी संभालने के बाद गांगुली ने कहा कि फ्रेंचाइजी के पास केएल राहुल और ऋषभ पंत जैसे बेहतरीन खिलाड़ी मौजूद हैं और टीम काफी मजबूत है। उन्होंने कहा कि 2019 और 2020 में दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा था और अब उनका लक्ष्य टीम को फिर उसी स्तर पर ले जाना है। पिछले सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की टीम छठे स्थान पर रही थी। अब सौरव गांगुली की नजर टीम को बेहतर प्रदर्शन कराने पर है। उन्होंने कहा कि उनका पहला लक्ष्य दिल्ली कैपिटल्स को प्लेऑफ में पहुंचाना होगा। टीम अब तक सिर्फ एक बार 2020 में आईपीएल के फाइनल तक पहुंची है, लेकिन खिताब नहीं जीत सकी।

गांगुली की हुई घर वापसी

दिल्ली कैपिटल्स के साथ सौरव गांगुली का रिश्ता काफी पुराना है। साल 2019 में सौरव गांगुली टीम के साथ सलाहकार के तौर पर काम शुरू किया था। इसके बाद वह फ्रेंचाइजी में अलग-अलग अहम जिम्मेदारियां संभालते रहे हैं। गांगुली पुरुष और महिला दोनों टीमों के क्रिकेट डायरेक्टर की भूमिका भी निभा चुके हैं। अब हेड कोच के तौर पर उनकी नियुक्ति को टीम के साथ उनकी एक तरह की घर वापसी के तौर पर देखा जा रहा है।

काफी अच्छी है दिल्ली की टीम

दिल्ली कैपिटल्स के YouTube चैनल पर बात करते हुए गांगुली ने कहा, “ये केएल राहुल, अक्षर पटेल, ऋषभ पंत, मिशेल स्टार्क, लुंगी एनगिडी, डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स जैसे खिलाड़ियों के साथ एक अच्छी टीम है। यह काफी मजबूत टीम है और मुझे उम्मीद है कि हम अपनी पूरी क्षमता के अनुसार खेलेंगे। उम्मीद है कि हर खिलाड़ी समझेगा कि वह कितना अच्छा है और मैदान पर खुलकर अपना खेल दिखाएगा।” गांगुली ने कहा, “मेरा मोटिवेशन दिल्ली को टॉप पर ले जाना है। 2019 और 2020 में दिल्ली की टीम बहुत अच्छी थी। मैं उस टीम को बनाने का हिस्सा था, लेकिन इसके बाद मैंने टीम छोड़ दी और BCCI प्रेसिडेंट बन गया।”

उन्होंने आगे कहा, “इसलिए उस नजरिए से उस टीम को एक अलग स्तर पर ले जाने की प्रेरणा हमेशा बनी रहेगी। मुझे लगता है कि मैं खिलाड़ियों से भी यही उम्मीद करूंगा, क्योंकि ड्रेसिंग रूम में काफी टैलेंट मौजूद है।”

IPL 2027 में बेहतर प्रदर्शन करेगी दिल्ली

भारत के पूर्व क्रिकेटर सौरव गांगुली ने माना कि दिल्ली कैपिटल्स को पिछले कुछ सालों में उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान वह टीम के प्रदर्शन को बेहतर बनाने की कोशिश करेंगे। गांगुली ने कहा, “मुझे लगता है कि अब समय आ गया है कि दिल्ली के लड़कों को अपनी टीम पर गर्व करने का मौका मिले। उन्होंने इस टीम को तैयार करने में काफी समय और एनर्जी लगाई है और मैं चाहता हूं कि आने वाले वर्षों में टीम उन्हें खुशी का मौका दे।”

Dada The Sourav Ganguly Story: गांगुली की बायोपिक के लिए राजकुमार नहीं आयुष्मान खुराना थे मेकर्स की पहली पसंद! फिल्म का पोस्टर हुआ रिलीज

भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की बायोपिक ‘दादा – द सौरव गांगुली स्टोरी’ का पहला पोस्टर रिलीज हो गया है। फिल्म में राजकुमार राव पूर्व भारतीय कप्तान का किरदार निभाते नजर आएंगे। सौरव गांगुली के जन्मदिन के मौके पर जारी किए गए इस फर्स्ट लुक के साथ मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। ये फिल्म 14 मई 2027 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं फिल्म के फर्स्ट लुक को देखकर फैंस बेसब्री से इसके रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। वहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म के लिए राजकुमार राव मेकर्स की पहली पसंद नहीं थे।

राव नहीं थे पहली पंसद

रिपोर्ट्स के अनुसार, सौरव गांगुली की बायोपिक के लिए राजकुमार राव मेकर्स की पहली पसंद नहीं थे। शुरुआत में आयुष्मान खुराना को पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली का किरदार निभाने का प्रस्ताव दिया गया था। लेकिन किसी वजह से बात आगे नहीं बढ़ सकी और बाद में यह अहम भूमिका राजकुमार राव को मिल गई।

 

रिलीज हुआ फिल्म का पहला पोस्टर

फिल्म के फिल्म के फर्स्ट लुक पोस्टर में राजकुमार राव ने सौरव गांगुली के करियर के सबसे चर्चित पल को पर्दे पर रीक्रिएट किया है। इसमें सौरव गांगुली साल 2002 में इंग्लैंड पर मिली ऐतिहासिक नेटवेस्ट ट्रॉफी जीत के बाद लॉर्ड्स की बालकनी में जर्सी लहराते नजर आते हैं। उनका ये जश्न आज भी भारतीय क्रिकेट के सबसे यादगार लम्हों में गिना जाता है। सौरव गांगुली की बेखौफ कप्तानी और टीम इंडिया के नए दौर की पहचान माना जाता है।

सौरव गांगुली की कहानी

राजकुमार राव का इस ऐतिहासिक पल को पर्दे पर दोबारा जीवंत करना क्रिकेट और सिनेमा प्रेमियों के बीच काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। फिल्म ‘दादा – द सौरव गांगुली स्टोरी’ में सौरव गांगुली के एक युवा क्रिकेटर से भारतीय टीम के सफल और प्रभावशाली कप्तान बनने तक के सफर को दिखाया जाएगा। फिल्म में उनकी मेहनत, संघर्ष, बेखौफ नेतृत्व और भारतीय क्रिकेट को नई दिशा देने वाली कहानी को बड़े पर्दे पर पेश किया जाएगा।

विक्रमादित्य मोटवाने के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लव रंजन और अंकुर गर्ग ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म को टी-सीरीज, डीबीएल और लव फिल्म्स प्रस्तुत कर रहे हैं। फर्स्ट लुक सामने आने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। फैंस बेसब्री से बड़े पर्दे पर सौरव गांगुली की कहानी देखने का इंतजार है।