Ketan Murder Case: ‘सिया को पहले से थी सारी जानकारी…’, केतन हत्याकांड में पिता ने तोड़ी चुप्पी, किया ये बड़ा दावा

Ketan Murder Case: पूरे देश को झकझोर कर रख देने वाले पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में रोज नए खुलासे हो रहे हैं। केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है,उसमें नई बातें सामने आ रही हैं। अब इस पूरे मामले पर मृतक केतन के पिता विशाल अग्रवाल का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने पुलिस जांच में सामने आ रही उस थ्योरी को सिरे से खारिज कर दिया है कि केतन के लुक और उनके ‘हेयर विग’ के कारण उनकी मंगेतर इस शादी से नाखुश थी और इसी वजह से हत्या की गई।

विग की वजह से की गई हत्या?

पुणे के पास स्थित लोहागढ़ किले में 18 जून को मारे गए 25 वर्षीय कारोबारी केतन अग्रवाल के पिता ने उन खबरों को पूरी तरह गलत बताया है। केतन के पिता विशाल अग्रवाल का दावा है कि शादी से पहले ही उन्होंने सिया गोयल के परिवार को बेटे के विग पैच की जानकारी दे दी थी। विशाल अग्रवाल ने कहा कि उनके बेटे को एक मेडिकल समस्या के कारण बाल झड़ने की परेशानी थी। इसी वजह से वह हेयर विग का इस्तेमाल करता था। उन्होंने बताया कि इस बात की जानकारी सगाई तय होने से काफी पहले ही सिया गोयल और उसके परिवार को दे दी गई थी। इसलिए हत्या की वजह विग को बताना पूरी तरह गलत और भ्रामक है।

सगाई से पहले दी गई थी ये जानकारी

केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने बताया कि उनके बेटे को एक मेडिकल समस्या के कारण सिर के एक हिस्से के बाल झड़ गए थे। उन्होंने कहा कि सगाई तय होने से काफी पहले ही इस बारे में सिया गोयल और उसके परिवार को पूरी जानकारी दे दी गई थी। उन्होंने कहा, “अगर उन्हें इस बात से कोई आपत्ति होती, तो वे शादी से इनकार कर सकते थे।” वहीं, पुलिस का मानना है कि केतन की मौत एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी। जांच के मुताबिक, इस मामले में उसकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी की भूमिका सामने आई है। शुरुआत में इस घटना को हादसा माना गया था, लेकिन बाद में जांच के दौरान मिले सबूतों ने इसे हत्या के मामले में बदल दिया।

पुलिस हत्या की साजिश के एंगल से कर रही है जांच

पुलिस के अनुसार, घटना से पहले सिया गोयल कई बार केतन अग्रवाल को लोहागढ़ किले लेकर गई थी। जांच में दावा किया गया है कि 14 जून को सिया ने कथित तौर पर केतन को एक चट्टान से धक्का देने की कोशिश की थी, लेकिन वह झाड़ी पकड़ लेने की वजह से बच गया। पुलिस का कहना है कि 18 जून को सिया फिर केतन को लोहागढ़ किले ले गई। इस दौरान उसका कथित प्रेमी चेतन चौधरी भी पीछे-पीछे पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने मिलकर केतन को खाई में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

जांच में सामने आए कॉल रिकॉर्ड के मुताबिक, सिया और चेतन के बीच हजारों बार बातचीत हुई थी। इनमें कई कॉल कई घंटों तक चली थीं। पूछताछ में चेतन ने कथित तौर पर बताया कि सिया सगाई तोड़ना नहीं चाहती थी, क्योंकि उसे परिवार की बदनामी का डर था। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।

Ketan Murder case: मंगेतर सिया गोयल का चैट लग गया पुलिस के हाथ! पर इस डिटेल ने तो केस को और फंसा दिया

पुणे के बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की मौत के मामले में पुलिसिया जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, यह केस सुलझने के बजाय और उलझता जा रहा है। पुलिस के हाथ अब आरोपी मंगेतर सिया गोयल का मोबाइल चैट लगा है लेकिन इस नए डिजिटल सबूत ने पूरे मामले को और ज्यादा फंसा दिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी सिया गोयल के मोबाइल फोन से बरामद किए गए मैसेजेस और पूछताछ के दौरान दिए गए उसके बयानों में भारी अंतर है, जिससे पुलिस के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं।

मोबाइल चैट और बयानों में भारी विरोधाभास (Inconsistencies)

लोनावला पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान सिया के मोबाइल फोन से जो चैट्स बरामद हुए हैं, वे उसके उन बयानों से बिल्कुल मेल नहीं खा रहे हैं जो उसने पूछताछ के दौरान पुलिस को दिए थे। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह डिजिटल सबूत घटनाक्रम को स्थापित करने में एक बेहद महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकता है। फिलहाल पुलिस अधिकारी बरामद की गई बातचीत, कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की बारीकी से जांच कर रहे हैं ताकि मौत से जुड़ी कड़ियों को जोड़ा जा सके।

एक-दूसरे पर दोष मढ़ रहे हैं दोनों आरोपी प्रेमी

इस मामले ने तब और पेचीदा मोड़ ले लिया जब पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अलग-अलग कहानियां सुनाना शुरू कर दिया। पुलिस के मुताबिक। आरोपी मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने पूछताछ के दौरान अलग-अलग बयान दिए हैं। दोनों ही आरोपी इस खौफनाक अपराध की साजिश रचने की जिम्मेदारी एक-दूसरे पर मढ़ रहे हैं। दोनों का कहना है कि प्लानिंग दूसरे ने की थी। अब पुलिस को उम्मीद है कि यह डिजिटल ट्रेल यह तय करने में मदद करेगी कि इस साजिश में किस आरोपी की कितनी भूमिका थी और इस कथित साजिश के पीछे का असल सच क्या है।

नवंबर में होनी थी शादी, पर रास्ते से हटा दिया

यह पूरा मामला एक सोची-समझी साजिश का परिणाम नजर आता है। पुलिस के मुताबिक 25 वर्षीय केतन अग्रवाल और सिया गोयल की शादी इसी साल नवंबर में होने वाली थी। लेकिन सिया, केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। इसके बाद सिया और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची और उसे अंजाम दे दिया। आरोप है कि 18 जून को पुणे जिले के मावल तालुका में स्थित लोहागढ़ किले में घूमने के दौरान सिया और चेतन ने केतन को पहाड़ी से नीचे खाई में धक्का दे दिया था। इससे उसकी मौत हो गई।

हादसे से मर्डर मिस्ट्री तक पहुंची जांच

शुरुआत में इस मामले को महज एक दुर्घटना यानी पैर फिसलने से हुआ हादसा माना जा रहा था। लेकिन जब पुलिस ने गहराई से जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड्स व फॉरेंसिक सबूतों को खंगाला तो यह मामला पूरी तरह से हत्या में तब्दील हो गया। इस मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस अंतिम चार्जशीट दाखिल करने से पहले सभी उपलब्ध डिजिटल और फॉरेंसिक सबूतों को गहनता से जांच रही है।

Kangana Ranaut: ‘माता-पिता को दोषी नहीं ठहराया जा सकता क्योंकि…’, पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस पर कंगना रनौत ने कही ये बड़ी बात

Kangana Ranaut: पुणे के रहने वाले 26 साल के केतन अग्रवाल की मौत के मामले ने एक चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है और सोशल मीडिया पर इस पर काफी चर्चा हो रही है। शुरुआत में इसे एक दुखद हादसा माना जा रहा था क्योंकि खबर थी कि 18 जून को लोहगढ़ किले पर ट्रेकिंग के दौरान वे गिर गए थे, लेकिन अब इस मामले की जांच कथित हत्या के तौर पर की जा रही है।

खबरों के मुताबिक, केतन की मंगेतर सिया गोयल और उनके कथित साथी चेतन चौधरी पर केतन की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। आगे की जांच के लिए दोनों अभी पुलिस की हिरासत में हैं। जैसे-जैसे इस मामले से जुड़ी जानकारियां सामने आ रही हैं, एक्ट्रेस और नेता कंगना रनौत ने इस चौंकाने वाली घटना पर प्रतिक्रिया दी है।

कुछ समय पहले, कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज़ पर अपनी बात रखते हुए कहा कि बच्चों के कामों के लिए माता-पिता को दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और किसी व्यक्ति के सोशल सर्कल के बढ़ते असर पर भी ज़ोर दिया और कहा कि ये चीज़ें लोगों की सोच, पसंद और व्यवहार को आकार देने में अहम भूमिका निभाती हैं।

सिया गोयल के पिता का बयान शेयर करते हुए कंगना ने लिखा, “आजकल सिर्फ़ परिवारों, घरों या माता-पिता को देखकर आप बच्चों के संस्कारों के बारे में पक्का नहीं कह सकते; ज़्यादा ज़रूरी यह है कि उन्हें कौन ‘प्रोग्राम’ कर रहा है? वे किसके साथ समय बिताते हैं, और सोशल मीडिया, AI या असल ज़िंदगी में उन पर किन चीज़ों का असर है। माता-पिता को दोषी नहीं ठहराया जा सकता क्योंकि लोग एक साथ कई तरह की ज़िंदगी जी रहे हैं।

वे बहुत सोच-समझकर अपनी एक अच्छी छवि बनाते हैं क्योंकि असल बात यह है कि वे कैसे दिखते हैं, न कि वे कैसा महसूस करते हैं या असल में कैसे हैं। इसलिए, बच्चों के कामों के लिए परिवारों को गलत नहीं ठहराया जा सकता।”

इस बीच, सिया गोयल के माता-पिता ने हाल ही में चल रही जांच पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उनकी मां ने बताया कि केतन के साथ सिया की शादी तय करने से पहले उन्होंने सिया से पूछा था। उन्होंने इंडिया टुडे को बताया, “सिया की शादी तय करने से पहले हमने उससे बार-बार, कम से कम दस बार पूछा था। हमने उससे कहा, ‘सिया, हम तुम्हारी शादी की योजना बना रहे हैं। क्या तुम्हें केतन पसंद है? क्या तुम इस शादी के लिए आगे बढ़ना चाहती हो?’ हर बार उसने हमसे कहा, ‘हां, मुझे केतन पसंद है’।” हालांकि, उनके माता-पिता ने यह भी कहा कि अगर सिया दोषी पाई जाती है, तो अदालत को न्याय में देरी नहीं करनी चाहिए। उसे वही सज़ा मिलनी चाहिए।

मंगेतर केतन के मर्डर की मास्टरमाइंड सिया गोयल के पिता को आया हार्ट अटैक! भावुक मां ने बेटी को लेकर कही ये बात

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की लोहगढ़ किले में हुई कथित हत्या के हाई-प्रोफाइल मामले में एक और बड़ी खबर सामने आई है। मर्डर केस की मुख्य आरोपी केतन की मंगेतर सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल को हार्ट अटैक आया है। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच आरोपी सिया गोयल की मां पूजा गोयल ने अपनी बेटी को लेकर कड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि अगर उनकी बेटी दोषी है तो उसे फांसी पर लटका दिया जाए।

सदमे में पिता: अस्पताल से बयां किया अपना दर्द

हमारी सहयोगी न्यूज 18 की एक रिपोर्ट में पुणे के एक स्थानीय न्यूज प्लेटफॉर्म न्यूजडॉटज के हवाले से बताया गया है कि अस्पताल में बातचीत करते हुए सिया के पिता प्रवीण गोयल ने कहा कि केतन अग्रवाल की मौत से उनका पूरा परिवार पूरी तरह टूट चुका है। उन्होंने केतन की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका परिवार केतन को अपने बेटे की तरह मानता था।

प्रवीण गोयल ने भावुक होते हुए कहा कि ‘जो कुछ भी हुआ, वह एक बेहद दुखद घटना है। हम अभी भी इस पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने (केतन के माता-पिता) अपना बेटा खोया है और उनका बेटा हमारा भी था। हम उससे बहुत प्यार करते थे। मुझे उससे इतना लगाव हो गया था कि ऐसा लगता था जैसे वह हमारा अपना ही बेटा हो। हमने एक बेहद प्यार करने वाला, होनहार और अच्छा लड़का खो दिया है। हम इससे गहरे सदमे में हैं। इससे ज्यादा दुखद कुछ नहीं हो सकता। हमने भविष्य के लिए बहुत सारे अच्छे सपने देखे थे।’

उदयपुर में महंगी शादी की खबरों को किया खारिज

प्रवीण गोयल ने उन मीडिया रिपोर्ट्स और अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया जिनमें दावा किया जा रहा था कि उदयपुर में सिया और केतन की बेहद भव्य और खर्चीली शादी की प्लानिंग चल रही थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वहां कोई एयरक्राफ्ट बुकिंग नहीं की गई थी। उदयपुर में होटल बुकिंग सहित पूरी शादी में लगभग 3 से 5 करोड़ रुपये का खर्च आता।

‘शादी से खुश थी सिया, कभी नहीं जताई कोई आपत्ति’

पुलिस पूछताछ में जहां यह बात सामने आ रही थी कि सिया इस रिश्ते से नाखुश थी, वहीं उसके पिता प्रवीण गोयल ने इस बात का खंडन किया है। उनका दावा है कि सिया ने कभी भी केतन से शादी को लेकर कोई आपत्ति या हिचकिचाहट नहीं जताई थी। पिता के अनुसार जब से रिश्ता तय हुआ था, वह हमेशा खुश रहती थी। वह हमेशा केतन के बारे में ही बातें करती थी। अगर उनके (केतन के माता-पिता) पास थोड़ी सी भी ऐसी जानकारी होती कि कुछ गलत चल रहा है और वे हमें सूचित करते तो हम उनसे इस बारे में जरूर बात करते।

मां बोली- दोषी है तो फांसी दे दो

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला और बड़ा बयान सिया की मां पूजा गोयल का आया है। उन्होंने एक मां होने के नाते अपनी बेटी का पक्ष लेने के बजाय कानून और न्याय का समर्थन किया है। पूजा गोयल ने बेहद कड़े शब्दों में कहा कि अगर अदालत में उनकी बेटी के खिलाफ आरोप साबित हो जाते हैं तो उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर वह दोषी है, तो उसे सबसे सख्त सजा मिलनी चाहिए। अगर वह दोषी है तो उसे फांसी दे दो, यह बात एक मां कह रही है।

क्या है पूरा मामला?

कुछ ही दिन पहले पुणे ग्रामीण पुलिस ने बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की मौत के मामले में उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है। जांचकर्ताओं और पुलिस का आरोप है कि सिया और चेतन ने मिलकर केतन अग्रवाल को रास्ते से हटाने की आपराधिक साजिश रची थी। इसी साजिश के तहत बीते 18 जून को दोनों ने पुणे के पास स्थित लोहगढ़ किले की एक ऊंची पहाड़ी से केतन को कथित तौर पर नीचे खाई में धक्का दे दिया था। इससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें: राम मंदिर चंदा केस: FIR के बाद सभी 8 आरोपी गिरफ्तार, रामशंकर यादव से अनुकल्प मिश्रा तक ये पूरी लिस्ट देखिए

Ketan Agarwal Murder Case: सिया गोयल ने मंगेतर को लेकर दिया ये आखिरी सिग्नल, सिर्फ 50 मिनट में रचा गया पूरा कांड, केस में हुआ नया खुलासा

पुणे केतन अग्रवाल मर्डर केस (Ketan Agarwal Murder Case): महाराष्ट्र के पुणे में मंगेतर सिया गोयल द्वारा रची गई रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या की इनसाइड स्टोरी में हर दिन चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। जिस मामले को पहले ट्रेकिंग के दौरान हुआ एक दर्दनाक हादसा माना जा रहा था, वह दरअसल बेहद ठंडे दिमाग से तैयार की गई एक खौफनाक मर्डर प्लानिंग थी। पुलिस जांच में अब यह साफ हो गया है कि इस पूरे कांड को अंजाम देने के लिए सिया गोयल ने अपने प्रेमी को आखिरी सिग्नल दिया था। ये भी सामने आया है कि महज 50 मिनट के भीतर पूरी वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया था।

मंगेतर सिया का वह आखिरी सिग्नल और 50 मिनट का पूरा टाइमलाइन

हमारे सहयोगी न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक पुणे ग्रामीण पुलिस के मुताबिककेतन अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने पहले से ही हत्या का पूरा प्लान तय कर रखा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DySP) गजानन तोमपे ने बताया कि दोनों के बीच पहले से सहमति थी कि जैसे ही वे सही जगह पहुंचेंगे, सिया गोयल जमीन पर बैठ जाएगी। यह बैठना ही प्रेमी चेतन चौधरी के लिए हमला करने का अलर्ट सिग्नल था। 18 जून को जैसे ही सिया पहाड़ी किले के एक सुनसान हिस्से में केतन के साथ पहुंची, वह तय प्लान के मुताबिक बैठ गई। इशारा मिलते ही पीछे से आ रहे चेतन चौधरी ने केतन अग्रवाल को चट्टान से नीचे गहरी खाई में धकेल दिया और वहां से भाग निकला। लोनावला ग्रामीण पुलिस के इंस्पेक्टर दिनेश तायड़े के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज और जांच से पता चला है कि हुडी पहने हुए आरोपी चेतन चौधरी किले के टॉप पर 10 मिनट से भी कम समय तक रुका था। उसने किले पर चढ़ने और नीचे उतरने की पूरी प्रक्रिया को महज 50 मिनट के भीतर पूरा कर लिया था। जब एक सुरक्षा गार्ड ने चेतन की एंट्री और हुडी को लेकर पूछताछ की, तो उसने बहुत ही शातिराना ढंग से झूठ बोलते हुए दावा किया कि वह वहां सिर्फ एक्सरसाइज करने के लिए आया है।

वारदात के लिए क्यों चुना गया लोहगढ़ किले का विंचू काटा?

जांचकर्ताओं के मुताबिक आरोपियों ने केतन की हत्या के लिए लोहगढ़ किले के विंचू काटा रिज के पास वाले हिस्से को बहुत ही सोच-समझकर चुना था। ये पवन बांध की तरफ खुलता है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किले के अन्य हिस्सों की तुलना में यह स्थान बेहद अलग-थलग और सुनसान था। आरोपी जानते थे कि वीक डेज में इस जगह पर बहुत कम संख्या में पर्यटक या विजिटर्स आते हैं। इससे पकड़े जाने का खतरा न के बराबर था। पुलिस को अंदेशा है कि इस योजना को अंजाम देने से पहले दोनों आरोपियों ने इस जगह की बकायदा रेकी भी की थी।

सिया के बयानों का विरोधाभास और फोन से खुली पोल

लोनावला ग्रामीण पुलिस के इंस्पेक्टर दिनेश तायड़े ने बताया कि इस मामले में पहला शक तब गहराया जब सिया गोयल ने पुलिस को लगातार विरोधाभासी और बदलते हुए बयान दिए। सिया ने पहले दावा किया था कि केतन एक तस्वीर के लिए पोज दे रहा था और उसी दौरान उसका पैर फिसल गया। बाद में उसने अपना बयान बदलते हुए कहा कि केतन उसे पानी की बोतल पकड़ा रहा था और तभी वह नीचे गिर गया। जब पुलिस ने सिया का मोबाइल फोन चेक किया तो उस पूरे दिन की एक भी तस्वीर फोन में मौजूद नहीं थी। इस बात ने पुलिस के शक को पुख्ता कर दिया। जब जांचकर्ताओं ने दोनों के कॉल रिकॉर्ड्स खंगाले, तो हैरान करने वाला डेटा सामने आया। केतन से सगाई होने के बावजूद सिया और चेतन पिछले कई महीनों से रिलेशनशिप में थे। इस साल जनवरी से जून के बीच दोनों ने एक-दूसरे से 2000 से अधिक बार फोन पर 238 घंटे बात की थी। पुलिस के मुताबिक प्रेमी चेतन चौधरी ने अपनी लोकेशन छुपाने के लिए ट्रिप के दौरान अपना खुद का मोबाइल फोन घर छोड़ दिया था और ट्रैकिंग के समय वह अपने एक कर्मचारी के हैंडसेट का इस्तेमाल कर रहा था।

अंतिम संस्कार के बाद केतन की बहन को हुआ था शक

इस मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने और जांच में तेजी लाने का एक बड़ा श्रेय केतन अग्रवाल की बहन को भी जाता है। अंतिम संस्कार के कुछ दिनों बाद जब सिया गोयल केतन के परिवार से मिलने उसके घर आई हुई थी, तब केतन की बहन को सिया के हाव-भाव और बातों पर संदेह हुआ। बातचीत के दौरान केतन की बहन ने सिया से उस हादसे और पहाड़ी से गिरने से ठीक पहले की कड़ियों को लेकर सिलसिलेवार तरीके से कई सवाल पूछे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सिया के जवाब इतने संदिग्ध थे कि बहन को भांपते देर नहीं लगी कि कुछ तो गड़बड़ है। परिवार ने तुरंत इसकी सूचना जांचकर्ताओं को दी। इसके बाद पुलिस ने कड़ाई से तफ्तीश शुरू की और यह पूरी साजिश बेनकाब हो गई।

यह भी पढ़ें: Ketan Murder: होने वाली बहू सिया का जन्मदिन सेलिब्रेट करने के लिए ससुर ने बुक किए थे 70 रूम, जिसकी ख्वाहिशों को पलकों पर रखा उसने ये सिला दिया!

सिया गोयल ने प्रेमी के साथ मिलकर मंगेतर को ऐसी मौत दी कि इंटरनेट की सनसनी बन गई! पुरुषों की सलामती की मांगी जाने लगी दुआएं

पुणे के पास एक ट्रेकिंग स्पॉट पर जो हादसा शुरुआत में दिल दहला देने वाली दुर्घटना नजर आ रहा था वो अब एक खौफनाक मर्डर मिस्ट्री में बदल चुका है। युवा बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की मौत के मामले में जब पुलिस ने उसकी मंगेतर सिया गोयल को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया तो यह खबर इंटरनेट पर सनसनी बन गई। सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर भारी गुस्सा देखा जा रहा है और लोग अब पुरुषों की सलामती के लिए दुआएं मांगते हुए बेहद कड़े रिएक्शन दे रहे हैं। आइए जानते हैं क्या है इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस की पूरी कहानी और इसे लेकर इंटरनेट पर कैसा माहौल है।

पहले सिया और केतन की कहानी जान लीजिए

हमारी सहयोगी वेबसाइट न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक युवा बिजनेसमैन केतन अग्रवाल और सिया गोयल की सगाई इसी साल फरवरी महीने में हुई थी। दोनों के परिवार नवंबर में होने वाली एक बेहद भव्य और आलीशान शादी की तैयारियों में जुटे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक शादी के लिए जयपुर में 17 करोड़ रुपये का एक लग्जरी पैलेस बुक किया गया था और मेहमानों के लिए दो प्राइवेट विमानों तक की व्यवस्था की गई थी। लेकिन इस फेयरीटेल वेडिंग के पीछे एक बेहद ठंडे दिमाग से रची गई खौफनाक साजिश छिपी थी। केतन अग्रवाल अपनी मंगेतर सिया गोयल का जन्मदिन मनाने के लिए 18 जून को उसके साथ लोहगढ़ किले में ट्रेकिंग के लिए गए थे। जहां दावा किया गया कि खाई में गिरकर उनकी मौत हो गई

पैर फिसलने की झूठी कहानी गढ़ी गई

लोनावला रूरल पुलिस के मुताबिक घटना के बाद सिया गोयल ने शुरुआत में अधिकारियों को एक मनगढ़ंत कहानी सुनाई। उसने दावा किया कि सुबह करीब 10:30 बजे तस्वीरें खींचने के दौरान केतन का पैर फिसल गया और वह दुर्घटनावश एक गहरी खाई में गिर गया। जब पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो यह साफ हो गया कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि एक सोची-समझी हत्या थी। इसे सिया ने अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर अंजाम दिया था। रिपोर्ट्स के अनुसार सिया असल में केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और वह चेतन को पिछले करीब एक साल से जानती थी। पुलिस को शक है कि यह केतन को मारने की पहली कोशिश नहीं थी। इससे पहले 31 मई को भी लोहगढ़ ट्रेक के दौरान ही केतन को जान से मारने का एक प्लान बनाया गया था, जो नाकाम रहा था।

इंटरनेट पर फूटा गुस्सा, पुरुषों की सलामती की मांगी जाने लगी दुआएं

जैसे ही इस मामले की इनसाइड स्टोरी और सिया गोयल की इंस्टाग्राम एक्टिविटी सोशल मीडिया पर वायरल हुई, इंटरनेट पर गुस्से की बाढ़ आ गई। यूजर्स सिया के इंस्टाग्राम प्रोफाइल के स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए पुरुषों को सतर्क रहने की चेतावनी दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने काफी तीखे रिएक्शंस दिए। एक यूजर ने लिखा कि, क्या आप उन लड़कियों को देखना चाहते हैं जो कातिल बन गईं? देखिए इसका इंस्टाग्राम कैसा दिखता है। पुरुषों- सुरक्षित रहो। केतन की मौत के ठीक बाद सिया द्वारा अपने जन्मदिन पर किए गए एक इमोशनल इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर भी लोग हैरान हैं। एक यूजर ने सवाल उठाया कि ऐसा स्टोरी कौन डालता है भाई आपका मंगेतर मर जाए तो?

एक अन्य यूजर ने लिखा कि उसने यह झूठी कहानी रची और अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर उस बेचारे लड़के को पहाड़ी से नीचे धकेल दिया! अगर आप किसी युवा लड़के की मां हैं तो कृपया नया रिश्ता ढूंढते समय बहुत-बहुत ज्यादा सावधान रहें।

शादी से इनकार कर देती, मर्डर क्यों किया?

सोशल मीडिया पर एक बड़ा वर्ग इस बात को लेकर हैरान है कि अगर लड़की शादी नहीं करना चाहती थी तो वह सीधे मना भी कर सकती थी। एक यूजर ने कमेंट किया कि अगर शादी नहीं करनी थी तो ना कह देती। कोई भी चीज ऐसे जघन्य अपराध को सही नहीं ठहरा सकती। उसे और उसके प्रेमी को जेल में सड़ना चाहिए। एक यूजर ने आधुनिक भारत में रिश्तों और सामाजिक दबाव पर बात करते हुए लिखा कि माता-पिता के सामने अपने प्यार के लिए खड़े होने या बॉयफ्रेंड के साथ भागने की हिम्मत नहीं थी लेकिन एक पुरुष को पहाड़ी से नीचे धकेलने का पूरा हौसला था?

चूंकि केतन और सिया दोनों के परिवार काफी प्रभावशाली और अमीर पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखते हैं इसलिए सोशल मीडिया पर लोग यह भी कयास लगा रहे हैं कि अब यह केस इस बात पर टिकेगा कि कौन कानूनी रूप से मामले को कितना मजबूत या कमजोर कर पाता है। फिलहाल इस पूरे सनसनीखेज मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।