Renault Triber पर मिल रहा ₹60,000 तक का डिस्काउंट, बस इसी महीने रहेगा यह धांसू ऑफर, जानें कीमत और फीचर्स

Renault Triber: अगर आप नई कार खरीदने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। दरअसल, Renault India अपने Triber MPV पर 60,000 रुपये तक की छूट दे रहा है। जो कि केवल इसी महीने तक लागू है। ये ऑफर राज्य, मॉडल ईयर, वेरिएंट और कस्टमर की पात्रता के आधार पर अलग-अलग हो सकते हैं। रेनॉ इंडिया की ऑफिशियल ऑफर लिस्ट के अनुसार, केरल में कस्टमर Triber पर कुल 60,000 रुपये तक का डिस्काउंट मिल सकता है, जबकि गुजरात में खरीदार 45,000 रुपये तक का लाभ उठा सकते हैं। ज्यादातर दूसरे राज्यों में, MY2026 मॉडल पर ज्यादा से ज्यादा फायदे 30,000 रुपये तक हैं।

इन ऑफर्स में 30,000 रुपये तक का कैश डिस्काउंट शामिल हो सकता है। इसके अलावा, ग्राहक को एक्सचेंज बोनस, स्क्रैपेज बोनस, लॉयल्टी बोनस, रेफरल और कॉरपोरेट बेनिफिट्स जैसे फायदे भी मिल सकते हैं। हालांकि, ये लाभ ग्राहक की पात्रता और लागू स्कीम पर निर्भर करेंगे।

रेनॉ ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे अपने शहर में लागू सही ऑफर के बारे में जानने के लिए अपने नजदीकी ऑथराइज्ड डीलर से संपर्क करें, क्योंकि ऑफर के फायदे अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग हो सकते हैं और ये डीलर की भागीदारी और स्टॉक की उपलब्धता पर निर्भर करते हैं।

रेनॉ ट्राइबर की कीमत अभी 5.81 लाख रुपये से 8.48 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है। यह भारतीय बाजार में सबसे सस्ती थ्री-रो वाली MPV में से एक बनी हुई है, जिसमें सात लोगों के बैठने की सुविधा मिलती है।

पावरट्रेन और इंजन

इंजन की बात करें तो, Renault Triber में 1.0 लीटर का नैचुरली एस्पिरेटेड 3-सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह इंजन 72 bhp की पावर और 96 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। इस इंजन के साथ ग्राहकों को 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स और 5-स्पीड ऑटोमेटेड मैनुअल ट्रांसमिशन (AMT) का विकल्प मिलता है।

ट्राइबर के मैनुअल वर्जन की ARAI-क्लेम्ड फ्यूल एफिशिएंसी 20.0 kmpl तक है, जबकि AMT वेरिएंट 17.0 kmpl तक का माइलेज देता है।

फीचर्स

वेरिएंट के आधार पर, ट्राइबर में कई फीचर्स देखने को मिलते हैं। इनमें 8 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, स्टीयरिंग पर ऑडियो कंट्रोल, पीछे की सीटों के लिए AC वेंट्स, पुश-बटन स्टार्ट/स्टॉप, कीलेस एंट्री, इलेक्ट्रिकली एडजस्ट होने वाले ORVMs और कूल्ड सेंटर स्टोरेज कंपार्टमेंट शामिल हैं।

सेफ्टी फीचर्स की बात करें तो, वेरिएंट के आधार पर Triber में स्टैंडर्ड तौर पर छह एयरबैग, EBD के साथ ABS, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP), हिल स्टार्ट असिस्ट, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), रियर पार्किंग सेंसर, रिवर्सिंग कैमरा और सीट बेल्ट रिमाइंडर दिए गए हैं।

बता दें कि Renault Triber उन खरीदारों की जरूरतों को पूरा करती है जो थ्री-रो सीटिंग वाली किफायती फैमिली गाड़ी की तलाश में हैं। जुलाई 2026 के ऑफर सीमित समय के लिए हैं और ये मैन्युफैक्चरर और भाग लेने वाली डीलरशिप द्वारा तय की गई शर्तों और नियमों के अधीन हैं।

यह भी पढ़ें: लेह से इंस्पायर्ड डिजाइन और पावरफुल इंजन… Renault ने लॉन्च की नई Duster Adventure Edition

लेह से इंस्पायर्ड डिजाइन और पावरफुल इंजन… Renault ने लॉन्च की नई Duster Adventure Edition

Renault Duster Adventure Edition: अगर आप एक नई फैमिली कार लेने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके काम की हो सकती है। दरअसल, Renault India ने अपनी SUV Duster का नया Adventure Edition लॉन्च किया है। यह खास वर्जन भारत में Duster की पुरानी पहचान और लोकप्रियता को ध्यान में रखते हुए पेश किया गया है। इस SUV की शुरुआती कीमत 12.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। बता दें कि यह नया एडिशन Nissan के Tekton को पेश करने के कुछ ही दिनों बाद आया है, जिससे मिड-साइज SUV सेगमेंट में हलचल बढ़ गई है।

डिजाइन और इक्विपमेंट

Adventure Edition में कुछ ऐसे विज़ुअल टच दिए गए हैं, जो इसे स्टैंडर्ड SUV से अलग बनाते हैं। इनमें खास ‘Adventure’ डिकल्स शामिल हैं, जिन पर टोपोग्राफिकल कंटूर लाइनें और लेह के कोऑर्डिनेट्स (34.27 N, 77.60 E) बने हैं। ये उस तरह के इलाके की ओर इशारा करते हैं जिनसे भारत में Duster की पहचान जुड़ी हुई है।

इस SUV में ‘Adventure’ स्टाइलिंग एलिमेंट्स और ‘Adventure’ फ्लोर मैट्स भी मिलते हैं। Renault ने इन खूबियों के साथ कई खास फीचर्स भी दिए हैं, जैसे- फुल LED हेडलैम्प्स, इलेक्ट्रिक पैनोरमिक सनरूफ, इलेक्ट्रिक टेलगेट, ‘My Renault’ ऐप के जरिए कनेक्टेड कार सर्विसेज, ऑटोमैटिक डुअल-जोन एयर कंडीशनिंग, 10.1-इंच का openR लिंक मल्टीमीडिया सिस्टम और 17-इंच के ओशन अलॉय व्हील्स।

पावरट्रेन और कीमत

Renault Duster Adventure Edition तीन इंजन और ट्रांसमिशन कॉम्बिनेशन के साथ मार्केट में उपलब्ध है। इसकी रेंज Turbo TCe 100 MT से शुरू होती है, जिसकी कीमत ₹12.99 लाख है। जबिक Turbo TCe 160 MT की कीमत ₹13.99 लाख और Turbo TCe 160 DCT की कीमत ₹15.39 लाख है।

इंजन की बात करें तो, इस SUV में 1.0 लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 100 hp की पावर और 160 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसे 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है। वहीं, इसका बड़ा 1.3 लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन 163 hp की पावर और 280 Nm का टॉर्क देता है। यह इंजन 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक (DCT) गियरबॉक्स दोनों विकल्पों में उपलब्ध है।

स्पेशल एडिशन

Duster लंबे समय से भारतीय बाजार में एक ऐसी SUV के तौर पर जानी जाती है जो अपनी राइड क्वालिटी, हैंडलिंग और अलग-अलग तरह की सड़कों पर चलने की क्षमता के लिए मशहूर है। Renault का कहना है कि ‘Adventure Edition’ इसी खासियत को दिखाता है और साथ ही उन ग्राहकों के अनुभवों और यादों को भी दर्शाता है, जिनकी जिंदगी के सफर में Duster ने कई सालों तक अहम भूमिका निभाई है।

बता दें कि इस SUV को नई दिल्ली में ‘बैस्टिल डे’ के मौके पर लॉन्च किया गया है। इस कार्यक्रम में भारत में फ्रांस के राजदूत थिएरी माथू और Renault Group India के CEO स्टीफन डेबलेस शामिल हुए। इस खास मौके पर Renault ने अपनी फ्रेंच पहचान और भारत में Duster की खास विरासत को भी दिखाया।

यह भी पढ़ें: Hyundai कार खरीदने का शानदार मौका! क्रेटा पर 1 लाख तक की छूट, जानें किस मॉडल पर मिल रहा कितना ऑफर