Rajasthan Bus Accident: कोटा में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 8 की मौत, 6 से ज्यादा घायल

Rajasthan Bus Accident: राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं का सफर कोटा में एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरी एक बस पलट गई। इस हादसे में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई। जबकि 6 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। बता दें कि बस में बच्चे और बुजुर्ग समेत कुल 21 यात्री सवार थे। ये सभी यात्री भोपाल से राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर जा रहे थे।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बस चलाते समय ड्राइवर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हालांकि, हादसा किस वजह से हुआ, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

डीएम ने की मौत की पुष्टी

इस घटना के बाद, कोटा के जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया ने बताया कि सभी घायलों को MBS अस्पताल ले जाया गया है और उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने आठ लोगों की मौत की भी पुष्टि की।

वे जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के साथ अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों से मुलाकात की और उनकी स्थिति का जायजा लिया।

मलबे से 8 शव निकाले गए: सिमलिया SHO

चल रहे बचाव अभियान के बारे में जानकारी देते हुए, सिमलिया के SHO नंद सिंह ने TOI को बताया कि मलबे से अब तक आठ शव निकाले जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि हादसे के समय ट्रैवलर बस में लगभग 23 यात्री सवार थे।

SHO ने बताया कि घायलों को तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पतालों – कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल और MBS अस्पताल – में ले जाया गया। इसके लिए तीन एम्बुलेंस तैनात की गई थीं। पुलिस के अनुसार, आठ घायल यात्रियों को इलाज के लिए इन दोनों अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

फिलहाल आधिकारिक तौर पर आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, लेकिन अधिकारियों को आशंका है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि बचाव दल अभी भी घटनास्थल से मलबा हटाने और पीड़ितों की पहचान करने का काम कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: दिल्ली में तिरंगा मार्च से पहले CJP संस्थापक अभिजीत दिपके हिरासत में, नेहा बोरा ने सरकार पर उठाए सवाल

Delhi-Mumbai Expressway Accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भयानक हादसा, ट्रक से टक्कर के बाद धू-धू कर जली बस, 2 की मौत और 17 घायल

Delhi-Mumbai Expressway Accident: राजस्थान के दौसा जिले में मंगलवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक बेहद दर्दनाक और भयानक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक बस और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर के बाद बस में अचानक भीषण आग लग गई। अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक इस हादसे में कम से कम 2 यात्रियों की मौत हो गई है जबकि 17 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी होने के कारण अधिकारियों ने मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है।

अनियंत्रित होकर ट्रक से टकराई बस, बनी आग का गोला

पुलिस के मुताबिक यह यात्री बस हरिद्वार और इंदौर के बीच चल रही थी। मंगलवार को जब यह बस एक्सप्रेसवे पर दौसा जिले के कोलवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक रेस्ट एरिया के पास पहुंची तभी ड्राइवर ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित होने के बाद बस वहां खड़े या जा रहे एक ट्रक से सीधे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इसके तुरंत बाद बस में शॉर्ट सर्किट या किसी दूसरी वजह से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरी बस धू-धू कर जल उठी और आग की ऊंची लपटों ने उसे पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया।

घायलों के लिए बनाया गया ग्रीन कॉरिडोर

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आग पर काबू पाने के लिए तुरंत दमकल की गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। इसके साथ ही राहत और बचाव टीमों ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर बस से यात्रियों को निकालने का काम शुरू किया। दौसा के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित खुद बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। इसके साथ ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेंद्र फौजदार कई थानों के पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल में मुस्तैद रहे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेंद्र फौजदार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि बस इंदौर से हरिद्वार जा रही थी। ये दिल्ली हाईवे पर एक रेस्ट एरिया के पास भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। इस हादसे में 2 यात्रियों की मौत हो गई है और 17 अन्य घायल हुए हैं। एसपी सहित अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर मौजूद हैं।

हादसे के शिकार हुए 2 शवों और 17 घायल यात्रियों को तुरंत दौसा के जिला अस्पताल लाया गया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए तुरंत ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया ताकि आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था में कोई बाधा न आए और घायलों का इलाज जल्द से जल्द शुरू हो सके।

एक दिन पहले यमुना एक्सप्रेसवे पर भी हुआ था ऐसा ही भीषण हादसा

एक्सप्रेसवे पर हादसों का यह सिलसिला लगातार जारी है। इस हादसे से ठीक एक दिन पहले उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर भी ऐसा ही एक बेहद दर्दनाक हादसा देखने को मिला था। वहां एक यात्री बस और कंटेनर ट्रक के बीच हुई भिड़ंत में 4 लोगों की मौत हो गई थी और 27 अन्य लोग घायल हो गए थे। मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि वह हादसा तड़के करीब 4 बजे हुआ था। यह बस लखनऊ से दिल्ली जा रही थी।

कंडक्टर चला रहा था बस, गैस कटर से काटने पड़े थे हिस्से

उत्तर प्रदेश पुलिस की जांच में सामने आया था कि उस बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। सबसे बड़ी लापरवाही यह थी कि हादसे के वक्त तय ड्राइवर की जगह बस का कंडक्टर उसे चला रहा था। बस सीधे कंटेनर ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया था। हादसे के वक्त ज्यादातर यात्री नींद में थे। टक्कर के बाद कई लोग सीटों के बीच में ही बुरी तरह फंस गए थे। इसके बाद रेस्क्यू टीमों को बस के हिस्सों को काटने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा था। करीब दो घंटे तक चले इस कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला जा सका था। उस हादसे में जान गंवाने वाले 4 लोगों की पहचान बस ड्राइवर, कंडक्टर, क्लीनर और एक यात्री के रूप में हुई थी।