IIRF Rankings: देश के टॉप 10 प्राइवेट इंजीनियरिंग कॉलेज के हाल पर आईआईआरएफ रैंकिंग जारी, ये लिस्ट देखने के बाद करें प्रवेश का फैसला

IIRF Rankings: इंटरनेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (IIRF) ने 2026 के लिए भारत के टॉप 10 प्राइवेट इंजीनियरिंग कॉलेजों की अपनी सालाना लिस्ट जारी की है। यह रैंकिंग देश के निजी इंजीनियरिंग संस्थानों की इंफ्रास्ट्रक्चर, फैकल्टी और प्लेसमेंट के मौकों के आधार पर रैंकिंग करती है। देश में मौजूद सरकारी प्रौद्योगिकी संस्थानों के अलावा निजी संस्थानों में अच्छी टेक्निकल एजुकेशन ढूंढ़ रहे छात्रों के लिए ये लिस्ट खास अहमियत रखती है।

हाल के वर्षों में निजी संस्थान काफी बढ़े हैं, और उनमें से कई अब इंफ्रास्ट्रक्चर, फैकल्टी और प्लेसमेंट के मौकों के मामले में देश के प्रमुख आईआईटी और एनआईटी जैसे इंजीनियरिंग संस्थानों से मुकाबला करते हैं। आईआईआरएफ लिस्ट देश भर के टॉप परफॉर्मर्स की जानकारी मुहैया कराती है और छात्रों को सोच-समझकर चुनाव करने में मदद करती है। आईआईआरएफ रैंकिंग के अनुसार, 2026 में भारत के टॉप 10 प्राइवेट इंजीनियरिंग कॉलेजों की लिस्ट कुछ इस प्रकार है।

इंस्टीट्यूट शहर राज्य

  • बीआईटीएस पिलानी – बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस पिलानी राजस्थान
  • एसआरएम इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी चेन्नई तमिलनाडु
  • वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (VIT) वेल्लोर तमिलनाडु
  • मणिपाल एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन (MAHE) मणिपाल कर्नाटक
  • थापर इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी पटियाला पंजाब
  • धीरूभाई अंबानी यूनिवर्सिटी गांधीनगर गुजरात
  • आईआईआईटी हैदराबाद – इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी हैदराबाद तेलंगाना
  • शिव नादर डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी, एनसीआर दादरी उत्तर प्रदेश
  • केआईईटी डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी गाजियाबाद उत्तर प्रदेश
  • आईआईआईटी बेंगलुरु – इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी बेंगलुरु कर्नाटक
  • बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी मेसरा मेसरा झारखंड

पिलानी, राजस्थान स्थित बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (BITS) ने पहली पोजीशन हासिल की है। यह इंस्टीट्यूट अपने कड़े एकेडमिक स्टैंडर्ड और मजबूत इंडस्ट्री कनेक्शन के लिए जाना जाता है। टॉप तीन में तमिलनाडु की अच्छी मौजूदगी है, चेन्नई का एसआरएम इंस्टिट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी दूसरे और वेल्लोर का वेल्लोर इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (VIT) तीसरे नंबर पर है। दोनों यूनिवर्सिटी अपने आधुनिक कैंपस और रिसर्च फैसिलिटी के लिए इंजीनियरिंग छात्रों के बीच काफी लोकप्रिय हैं।

चौथा नंबर कर्नाटक के मणिपाल एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन (MAHE) का है। यह देश के सबसे पुराने निजी विश्वविद्यालयों में से एक है। पंजाब के पटियाला का थापर इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी पांचवें नंबर पर है। इस साल की लिस्ट में छठे नंबर पर एक नया संस्थान शामिल हुआ है। इसका नाम गुजरात के गांधीनगर की धीरूभाई अंबानी यूनिवर्सिटी है।

तेलंगाना का इंटरनेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, आईआईआईटी हैदराबाद सातवें नंबर पर है। वहीं, आठवें नंबर पर उत्तर प्रदेश के ही दो संस्थानों ने कब्जा जमाया है। यह दादरी स्थित शिव नादर डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी और गाजियाबाद की केआईईटी डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी है। कर्नाटक का आईआईआईटी बेंगलुरु नौवें नंबर पर है, और झारखंड का बिरला इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी मेसरा दसवें नंबर पर लिस्ट में है।

बीआईटीएस पिलानी और वीआईटी जैसे जाने-माने नाम अब भी आगे हैं, लेकिन नए प्रौद्योगिकी शिक्षा संस्थान भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं। छात्रों के लिए, इंजीनियरिंग एडमिशन के लिए कॉलेजों को शॉर्टलिस्ट करते समय यह लिस्ट काफी उपयोगी साबित हो सकती है। हालांकि, आखिरी फैसला लेने से पहले हमेशा अलग-अलग प्रोग्राम, फैकल्टी और प्लेसमेंट रिकॉर्ड पर रिसर्च करना सही रहता है।

NEET UG Re-exam 2026: नीट यूजी री-एग्जाम के लिए राज्यों ने ट्रांसपोर्ट और सुविधाओं का किया इंतजाम, परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सख्त

NEET UG Re-exam 2026: नीट यूजी री-एग्जाम के लिए राज्यों ने ट्रांसपोर्ट और सुविधाओं का किया इंतजाम, परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सख्त

NEET UG Re-exam 2026: नीट यूजी 2026 पुन:परीक्षा का आयोजन कल, 21 जून 2026 को पूरे देश में बने परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों तक छात्रों को सुरक्षित और बिना किसी परेशानी के पहुंचाने के लिए कई राज्यों ने मुफ्त बस यात्रा और रेल सेवा सुविधा देने की घोषणा की है। अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिया है कि सभी सेंटर्स में पीने का पानी, बिना रुकावट बिजली की सप्लाई, बैकअप जनरेटर, फर्स्ट-एड की सुविधा, एम्बुलेंस और ज़रूरत पड़ने पर पोर्टेबल टॉयलेट मौजूद हों। डायबिटीज से पीड़ित छात्रों के लिए परीक्षा के दौरान हल्का नाश्ता भी देने का प्रबंध किया गया है। इसके अलावा कुछ परीक्षा केंद्रों के आसपास के दायरे में निषेधाज्ञा लागू करने की भी जानकारी है।

कई राज्यों में फ्री बस यात्रा की घोषणा

कल नीट यूजी री-एग्जाम में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों के लिए पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, बिहार और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों ने परीक्षा केंद्र तक जाने वाले छात्रों के लिए ट्रांसपोर्टेशन सपोर्ट की घोषणा की है। छात्र अपना एडमिट कार्ड दिखाकर बसों में मुफ्त सफर कर सकते हैं।

ये राज्य दे रहे अलग सुविधाएं भी

  • बिहार में राज्य सरकार, जिला प्रशासन, धार्मिक संस्थाओं और एनजीओ के साथ मिल कर रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों और मुख्य ट्रांजिट पॉइंट्स पर छात्रों और उनके माता-पिता के लिए पीने का पानी, सत्तू और दूसरी रिफ्रेशमेंट्स देने की तैयारी की है।
  • उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने छात्रों को बस किराए में 50% छूट के साथ ही जिला प्रशासन को परीक्षार्थियों के लिए अस्थायी रहने की जगह का इंतजाम करने का निर्देश दिया गया है।
  • दिल्ली सरकार ने नीट परीक्षा केंद्रों के पास कूलिंग जोन बनाने का ऐलान किया है। इनमें कूलिंग जोन में बैठने की व्यवस्था के साथ-साथ पीने का पानी, नींबू पानी (शिकंजी) और दूसरी जरूरी सुविधाए भी मिलेंगी।

  • मुंबई का सबअर्बन रेलवे नेटवर्क 21 जून, रविवार को अपने रेगुलर संडे मेंटेनेंस ब्लॉक रोक देगा। सेंट्रल रेलवे और वेस्टर्न रेलवे दोनों ने बिना संडे ब्लॉक के काम करने का फैसला किया है।

परीक्षा केंद्र के पास निषेधाज्ञा लागू

कई जगहों पर परीक्षा केंद्रों के आसपास 500 गज के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 (द.प्र.सं. की धारा 144) के अंतर्गत निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश दिया गया है। इसके तहत परीक्षा केंद्रों के पास 5 या 5 से अधिक व्यक्ति एक साथ एकत्रित नहीं रहीं होंगे। कोई भी व्यक्ति घातक हथियार लेकर नहीं चलेंगे।

सेना के हेलीकॉप्टर से प्रश्न पत्र पहुंचाए जाएंगे

भारतीय सेना के एक हेलीकॉप्टर ने हाल ही में तमिलनाडु में हाई-सिक्योरिटी प्रोटोकॉल के तहत क्वेश्चन पेपर्स पहुंचाने के प्लान के तहत ड्राई रन किया। इस व्यवस्था के तहत, पेपर्स दिल्ली से मदुरै लाए जाएंगे और फिर हथियारों की सुरक्षा में तिरुनेलवेली पहुंचाए जाएंगे।

सुरक्षा के सख्त इंतजाम

परीक्षा केंद्रों पर दूसरे सुरक्षा उपायों में एआई मॉनिटरिंग के साथ चार-स्तर की सीसीटीवी सर्विलांस, एंट्री से पहले बायोमेट्रिक और फेशियल रिकग्निशन-बेस्ड वेरिफिकेशन, कई राउंड की तलाशी और मल्टी-लेवल ओवरसाइट शामिल हैं। देश की सबसे बड़ी मेडिकल परीक्षा की ईमानदारी सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा प्रक्रिया पर भी सबसे ऊंचे लेवल पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

NEET UG Re-exam 2026: नागपुर के छात्र को दे डाला अबु धाबी में परीक्षा केंद्र, राहुल गांधी ने एक्स पर उठाया मुद्दा तो एनटीए ने दिया गलती सुधारने का भरोसा

NEET UG Re-exam 2026: नागपुर के छात्र को दे डाला अबु धाबी में परीक्षा केंद्र, राहुल गांधी ने एक्स पर उठाया मुद्दा तो एनटीए ने दिया गलती सुधारने का भरोसा

NEET UG Re-exam 2026: नीट यूजी 2026 री-एग्जाम का आयोजन कल, रविवार, 21 जून 2026 को पूरे देश में किया जाएगा। परीक्षा में अब जहां बहुत कम समय बचा, वहीं नागपुर के एक छात्र की परेशानी ने कल होने वाली परीक्षा की तैयारियों पर फिर से सवालिया निशान लगा दिया है। इस छात्र को महाराष्ट्र में परीक्षा केंद्र चुनने के बावजूद अबु धाबी में परीक्षा केंद्र अलॉट करने का मामला सामने आया है। इस मामले को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपने एक्स हैंडल के जरिए उठाया है। उनकी पोस्ट पर जवाब देते हुए एनटीए ने मामले का तुरंत संज्ञान लेते हुए गलती सुधारने का आश्वासन दिया है।

होमटाउन से हजारों किलोमीटर दूर अबू धाबी में सेंटर अलॉट किया

यह मामला नागपुर के छात्र अब्दुल्ला का है, जिसे नीट यूजी री-एग्जाम के लिए यूएई के अबू धाबी में परीक्षा केंद्र किया गया था। इस घटना से छात्र और उसके परिवार के लोग परेशान है। खास बात यह है कि अब्दुल्ला को पिछली परीक्षा के दौरान नागपुर में एक सेंटर अलॉट किया गया था। अब्दुल्ला ने एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय नागपुर, वर्धा और भंडारा को अपने पसंदीदा एग्ज़ामिनेशन सेंटर के तौर पर चुना था। इसके बावजूद, उसे उसके होमटाउन से हजारों किलोमीटर दूर अबू धाबी में सेंटर अलॉट किया गया। छात्र की परेशानी इसलिए और भी बढ़ गई है, क्योंकि परीक्षा में अब सिर्फ एक दिन का समय बचा है और उसके पास न तो पासपोर्ट है और विदेश जाने के पैसे। ऐसे हालात में, परिवार के लिए इतने कम समय में पासपोर्ट और वीजा की फॉर्मैलिटी पूरी करना और उसे परीक्षा देने के लिए विदेश भेजना लगभग असंभव है।

छात्र के परिवार ने एनटीए से किया संपर्क

गलती का पता चलने के बाद, छात्र के अभिभावकों ने तुरंत एनटीए के हेल्पलाइन पर संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई। परिवार के मुताबिक, एनटीए अधिकारियों ने माना कि एक टेक्निकल गड़बड़ी हुई थी और उन्हें भरोसा दिलाया कि सुधार की कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार देर रात बातचीत के बाद स्टूडेंट को बताया गया कि उसे नागपुर में एक परीक्षा केंद्र दिया जाएगा और शनिवार शाम 4 बजे तक रिवाइज्ड एडमिट कार्ड जारी कर दिया जाएगा।

पार्टी महासचिव राहुल गांधी और महाराष्ट्र कांग्रेस नेता ने उठाई आवाज

इस घटना पर कांग्रेस महासचिव और सांसद राहुल गांधी ने अपने एक्स अकाउंट से पोस्ट किया। राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कहा कि परिवार के पास न पासपोर्ट है और न विदेश जाने के पैसे। उसको जो तनाव हुआ है, इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती है। इससे पहले महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता डॉ. अनीस अहमद ने कड़ी नाराजगी जताते हुए एनटीए से मांग की कि एजेंसी तुरंत एक बदला हुआ एडमिट कार्ड जारी करे और गलती सुधारे।

राहुल की पोस्ट पर एनटीए ने मानी गलती

राहुल गांधी की पोस्ट पर एनटीए ने जवाब देते हुए भरोसा दिया कि छात्र की शिकायत दर्ज कर ली गई है। उस पर तत्काल प्रभाव से एक्शन भी लिया जा रहा है। जरूरी सत्यापन के बाद अगले कुछ घंटों में उसे नागपुर के पास ही कोई परीक्षा केंद्र आवंटित कर सूचित कर दिया जाएगा।

NEET-UG Re-Exam 2026: कल होने वाली परीक्षा के लिए एनटीए आज करेगा पूरे देश में मॉक ड्रिल, पूरे देश में 5500 केंद्रों पर परीक्षा देंगे छात्र

NEET-UG Re-Exam 2026: कल होने वाली परीक्षा के लिए एनटीए आज करेगा पूरे देश में मॉक ड्रिल, पूरे देश में 5500 केंद्रों पर परीक्षा देंगे छात्र

NEET-UG Re-Exam 2026: नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) स्नातक (UG) 2026 पुन: परीक्षा (Re-Exam) का आयोजन कल रविवार, 21 जून 2026 को पूरे देश में किया जाएगा। इस परीक्षा को बिना किसी गड़बड़ी के संपन्न कराने के लिए राष्ट्रीए परीक्षा एजेंसी (NTA) ने कमर कस ली है।

अपनी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एनटीए आज पूरे देश में मॉक ड्रिल कर रही है। एनटीए की यह मॉक ड्रिल किसी भी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा अब तक के सबसे बड़े सुरक्षा इंतजामों में से एक का जायजा लेंगे। पूरी रिहर्सल सुबह 9:00 बजे से रात 8:00 बजे तक चलेगी। इसमें एग्जाम प्रोसेस के हर स्टेज को दिखाया जाएगा, जिसमें प्रश्न पत्रों की डिलीवरी से लेकर आंसर शीट के कलेक्शन और ट्रांसपोर्टेशन तक शामिल होगा।

5,500 से ज्यादा केंद्रों पर परीक्षा कल 

पूरे देश में परीक्षार्थी कल 551 भारतीय शहरों और 14 अंतरराष्ट्रीय ठिकानों पर फैले 5,500 से ज्यादा परीक्षा केंद्रों पर नीट यूजी 2026 री-एग्जाम देंगे। इन सभी एग्जाम सेंटर को हाई-सिक्योरिटी जोन बनाया गया है, जिसमें त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। इसके लिए अधिकारी जिला प्रशासन, राज्य पुलिस बल और केंद्र सरकार के विशेष सुरक्षा दस्तों को शामिल किया गया है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा और टेस्ट के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2 लाख से 2.5 लाख पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा, लगभग 15,000 पैरामिलिट्री कर्मियों को प्रश्नपत्र के ट्रांसपोर्टेशन और परीक्षा के बाद आंसर शीट की सुरक्षित वापसी का काम सौंपा गया है। बेहतर निगरानी के लिए, अधिकारियों ने परीक्षा की जगहों पर 1.5 लाख और CCTV कैमरे और 15,000 सिग्नल जैमर लगाए हैं। सभी सेंटर्स पर एनटीए हेडक्वार्टर और देश भर में बनाए गए खास कंट्रोल रूम से रियल टाइम में नजर रखी जाएगी।

22 लाख से ज्यादा छात्र लेंगे परीक्षा में हिस्सा

अधिकारियों के मुताबिक, लगभग 22.8 लाख स्टूडेंट्स ने परीक्षा के लिए रजिस्टर किया है, जिससे यह देश के सबसे बड़े एंट्रेंस टेस्ट में से एक बन गया है। 18.5 लाख से ज़्यादा कैंडिडेट्स ने अपने एडमिट कार्ड पहले ही डाउनलोड कर लिए हैं, जबकि लगभग 3.5 लाख स्टूडेंट्स ने अपना परीक्षा शहर या सेंटर बदलने का ऑप्शन चुना है। खास बात यह है कि सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी को मजबूत करने की कोशिशों के तहत 98.8% परीक्षा केंद्र सरकारी शैक्षिक संस्थानों में बनाए गए हैं।

CBSE Class 10 Second Board Result 2026: 10वीं कक्षा दूसरी बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट कभी भी हो सकता है जारी, परिणाम में देरी पर उठ रहे हैं सवाल