अफेयर को लेकर पत्नी से हुआ झगड़ा, गुस्से में पति ने शेविंग ब्लेड से किया हमला, आरोपी गिरफ्तार

नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के सुंदर नगरी इलाके से पति-पत्नी के बीच विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी दूसरी महिला से संबंध को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर शेविंग ब्लेड से हमला कर दिया। घटना में महिला के चेहरे और गले पर चोटें आई हैं। मंगलवार को पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने 35 साल के माजिद हुसैन के खिलाफ हत्या की कोशिश के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, हमले में इस्तेमाल किया गया शेविंग ब्लेड भी आरोपी के पास से बरामद कर लिया गया है।

क्यों हुआ था विवाद

इंडिया टुडे के मुताबिक, महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पति के किसी दूसरी महिला से संबंध थे और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। महिला ने ये भी आरोप लगाया कि पति पहले भी उसके साथ झगड़ा और मारपीट करता था। बताया जा रहा कि घटना से करीब 15 दिन पहले पति के साथ लगातार हो रहे झगड़ों से परेशान होकर महिला अपने तीन बच्चों को लेकर लोनी स्थित मायके चली गई थी। घटना से दो दिन पहले माजिद हुसैन और उसके पिता ने उसे समझाकर वापस घर बुला लिया। महिला के घर लौटने के बाद कुछ ही समय में पति-पत्नी के बीच फिर विवाद शुरू हो गया। इसके बाद दोनों के बीच हुई बहस ने गंभीर रूप ले लिया।

शेविंग ब्लेड से किया हमला

13 सितंबर की रात करीब 11 बजे पति-पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि माजिद हुसैन ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर शेविंग ब्लेड से हमला कर दिया। इस घटना में महिला के चेहरे और गले पर चोटें आईं। रात करीब 11:40 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली। पुलिस के पहुंचने से पहले ही महिला को इलाज के लिए राजीव गांधी अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसका इलाज किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज की शिकायत

पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल महिला का बयान दर्ज किया और 14 सितंबर को इस मामले में एफआईआर दर्ज की। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी सबूत जुटाए। पुलिस ने माजिद हुसैन को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की, जिसमें उसके कथित तौर पर हमले में शामिल होने की बात सामने आई। रिपोट्स के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

क्या दिल्ली की 21 साल की मॉडल मुस्कान को उसके जिम ट्रेनर इमरान ने मारा? घुर में घुस ऐसे की गई जघन्य वारदात

Muskan Murder Case: दिल्ली के पश्चिमी इलाके तिलक नगर में बुधवार शाम एक 21 साल की छात्रा और मॉडल मुस्कान की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। TOI की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को शक है कि इस वारदात में उसके पूर्व जिम ट्रेनर इमरान का हाथ हो सकता है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय मुस्कान घर में अकेली थी। आरोप है कि इमरान घर में घुसा और उस पर चाकू से कई बार हमला किया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। वहीं, मुस्कान की चीखें सुनकर पड़ोसी उसके घर पहुंचे, जहां वह गंभीर हालत में खून से लथपथ पड़ी मिली।

पड़ोसी उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटना के बारे में PCR कॉल मिली और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

ADCP ने दी जानकारी

एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस अभिषेक गुप्ता ने पत्रकारों को बताया, “हम दोषी की तलाश कर रहे हैं और आस-पास के इलाके के CCTV फुटेज की जांच की जा रही है।”

वहीं, पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने कहा, “लगभग 21 साल की एक महिला की उसके घर पर अकेले होने के दौरान चाकू मारकर हत्या कर दी गई। CCTV फुटेज की जांच की जा रही है और पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।”

TOI की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने इमरान का पता लगाने के लिए कई टीमें बनाई हैं और सुराग पाने के लिए मुस्कान के फोन की भी जांच कर रही है।

जांचकर्ताओं ने उस जिम में छापेमारी की है जहां इमरान काम करता था और उसके घर पर भी तलाशी ली है, साथ ही उसके परिवार वालों और दोस्तों से भी पूछताछ की है।

कौन है संदिग्ध?

रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि मुस्कान और इमरान एक-दूसरे को करीब डेढ़ साल से जानते थे। कुछ रिश्तेदारों और पड़ोसियों ने जांच करने वालों को बताया कि इमरान अक्सर उस इलाके में देखा जाता था और कथित तौर पर मुस्कान का पीछा करता था। माना जाता है कि मुस्कान ने उसे ठुकरा दिया था।

TOI के अनुसार, मुस्कान के दोस्त अमन ने बताया कि वह तीन बहनों में सबसे छोटी थी। उसकी एक बड़ी बहन, जो अभी चंडीगढ़ में है, ने हमले के बारे में पता चलने पर कथित तौर पर उसे फोन किया और मुस्कान के घर तुरंत पहुंचने को कहा।

अमन ने कहा, “मुझे एक फोन आया था, लेकिन मुझे ठीक-ठीक समय याद नहीं है। उन्होंने मुझे बताया कि वे घर पर नहीं थे और कोई घर में घुसकर मुस्कान को चाकू मार गया।”

उन्होंने बताया कि उन्होंने तुरंत एक और दोस्त से संपर्क किया और उससे घर पहुंचकर मुस्कान को मेडिकल मदद दिलाने को कहा। जब तक वह वहां पहुंचा, तब तक एम्बुलेंस मौके पर पहुँच चुकी थी और उसे अस्पताल ले जा चुकी थी।

अमन ने यह भी आरोप लगाया कि मुस्कान की बहनों ने पहले ही इमरान द्वारा उसे परेशान किए जाने को लेकर चिंता जताई थी। अमन ने कहा, “उसने पहले भी उसे परेशान किया था, और इस घटना के बाद तुरंत उसी पर शक गया।”

पुलिस की नजर में जिम

जिस जिम में इमरान काम करता था, वह भी पुलिस की जांच के दायरे में आ गया। ‘सेवन ज़ोन फिटनेस डेस्टिनेशन’ की रिसेप्शनिस्ट डिंपल ने बताया कि इमरान को उसके बर्ताव को लेकर हुई शिकायतों के बाद करीब एक-दो महीने पहले नौकरी से निकाल दिया गया था।

डिंपल ने कहा, “उसके बात करने का तरीका ठीक नहीं था, और इसी वजह से उसे नौकरी से निकाल दिया गया। उसे नौकरी छोड़े हुए 1-2 महीने हो चुके हैं। यहां उनके बीच कुछ भी नहीं था। हां, उसने एक-दो बार उससे बात करने की कोशिश की थी, लेकिन उसे ऐसा न करने के लिए कहा गया और फिर सब ठीक हो गया।”

फिलहाल, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या मुस्कान और इमरान के बीच कथित उत्पीड़न और पहले हुई बातचीत का संबंध बुधवार को हुए हमले से है।

इलाके में फैला तनाव

इस हत्या के कारण इलाके में तनाव भी फैल गया है क्योंकि मुस्कान और आरोपी अलग-अलग धर्मों से हैं। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

TOI की रिपोर्ट के मुताबिक, मुस्कान के शव को मुर्दाघर में रखा गया है और गुरुवार सुबह उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस अपनी जांच जारी रखे हुए है और इमरान को गिरफ्तार करने की कोशिशें चल रही हैं।

यह भी पढ़ें: मराठी सीखने के लिए ऑटो-कैब ड्राइवरों को 1 साल की मोहलत, CM फडणवीस का बड़ा ऐलान