Drishyam 4: क्या आने वाली हैं ‘दृश्यम 4’? पार्ट 3 की सफलता के बीच जानें अजय देवगन ने अटकलों पर तोड़ी चुप्पी

Drishyam 4: अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ ने सिनेमाघरों में अपना पहला हफ्ता जबरदस्त बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस के साथ पूरा कर लिया है। यह हिंदी फ्रैंचाइजी मोहनलाल की मलयालम फिल्मों पर आधारित है, लेकिन इसका नया चैप्टर कहानी को अंजाम तक पहुंचाते हुए अपने अलग रास्ते पर चलता है।

हालांकि फैन्स विजय सलगांवकर की वापसी की उम्मीद कर रहे हैं और उनके उत्साहित रहने की एक छोटी सी वजह भी है। भले ही नई फिल्म का नाम ‘द कन्क्लूजन’ है, लेकिन अजय ने एक और सीक्वल की संभावना को पूरी तरह से खारिज नहीं किया है। एक्टर ने साफ किया कि मौजूदा फिल्म को कहानी के अंत के तौर पर प्लान किया गया था, लेकिन वह भविष्य के बारे में कुछ नहीं कह सकते।

गल्फ न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में अजय देवगन ने कहा-“अभी के लिए यह कहानी का अंत है। मैं इसके बारे में कुछ कह नहीं सकता। ‘कभी नहीं’ ये मैं नहीं कहूंगा। फैसला यही था कि यह कहानी का अंत है। अभी फैसला यही है कि यह कहानी का अंत है, पर आगे क्या होगा ये समय की डिमांड पर निर्भर है।

एक्टर ने बताया कि शुरू में टीम की ‘दृश्यम’ की तीसरी फिल्म बनाने की कोई योजना नहीं थी। उन्होंने इस आइडिया पर चर्चा की और अलग-अलग कहानियों पर काम किया, लेकिन शुरुआती प्लान सफल नहीं हुए। कई कोशिशों के बाद राइटर्स को आखिरकार एक ऐसी कहानी मिल गई जो फिल्म के लिए सही लगी। टीम को स्क्रिप्ट पसंद आई और वे तीसरे पार्ट पर आगे बढ़ने को लेकर कॉन्फिडेंट थे।

अजय देवगन के अनुसार, “हमने उनसे (मलयालम टीम से) बात की और कहा, ‘चलो इसे बनाते हैं, हमारे पास एक स्क्रिप्ट है।’ फिर उन्होंने बताया कि वे भी किसी चीज पर काम कर रहे हैं और उनके पास भी एक स्क्रिप्ट है। इसलिए हमने सोचा कि एक-दूसरे की बात सुनते हैं और तय करते हैं कि क्या करना है।

“आखिरकार हम इस नतीजे पर पहुंचे कि यह एक शानदार स्क्रिप्ट है, लेकिन यह उनके दर्शकों के लिए ज्यादा सही है। हम अपनी स्क्रिप्ट को लेकर बहुत कॉन्फिडेंट थे। इसलिए हमने तय किया कि हम आगे बढ़ेंगे।” सैकनिल्क (Sacnilk) के अनुसार, ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ ने भारत में 312 करोड़ रुपये और विदेशी बाज़ारों से 95 करोड़ रुपये की कमाई की है। इससे फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 407 करोड़ रुपये हो गया है।

Drishyam: ‘दृश्यम’ के पार्ट 1 और 2 को इन ट्विस्ट- टर्न ने बनाया था धमाकेदार, इस बार क्या होने वाला है खास?

Drishyam: अजय देवगन हिंदी वर्जन वाली ‘दृश्यम’ फ्रैंचाइजी की तीसरी और आखिरी फिल्म में विजय सलगांवकर के रोल में वापसी कर रहे हैं। एक्टर ने तीसरी फिल्म का ऑफिशियल टाइटल ‘दृश्यम द कन्क्लूज़न’ अनाउंस किया है, जो 2 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्विस्ट, राज और अपने परिवार को सुरक्षित रखने के लिए विजय की सोच-समझकर की गई चालों से भरी दो फिल्मों के बाद, अब ये पार्ट यह दिखाने के लिए तैयार है कि उनकी कहानी का आखिर में क्या अंजाम होता है। लेकिन इससे पहले एक नजर डालते हैं पार्ट वन और टू के उन ट्विस्ट और टर्न पर, जिसके चलते ये सुपरहिट हुई।

‘दृश्यम 1’ के ट्विस्ट और टर्न

अजय देवगन की फिल्म के पार्ट वन में सबसे बड़ा ट्विस्ट होता है, जब पुलिस को लगता है कि उन्होंने सैम की लाश ढूंढ निकाला है। लेकिन खुदाई करने पर वहां से एक कुत्ते का कंकाल मिलता है। इसके बाद आता है फिल्म का आखिरी सीन, जहां असली गेम पता चलता है। विजय सावरकर (अजय देवगन) ने सैम की लाश को ऐसी जगह छुपाया है, जहां पर किसी को शक तक नहीं होता है। दरअसल वह नए बन रहे पुलिस स्टेशन के नीचे उसे दफना देता है, जिसका उद्घाटन खुद आईजी (तबू) करती हैं।

‘दृश्यम 2’ के ट्विस्ट और टर्न

पार्ट 2 में पुलिस स्टेशन की खुदाई करके सैम का असली कंकाल ढूंढ लिया जाता है, जिससे लगता है कि अब विजय पकड़ा जाएगा। लेकिन तभी अदालत में डीएनए (DNA) रिपोर्ट आती है और वह सैम के माता-पिता से नहीं मिलती है। इस सीन के बाद हर कोई हैरान रह जाता है। विजय अपनी इमेजनरी कहानी को पहले ही एक नॉवेल के रूप में छपवा देता है। इतना ही नहीं वह फॉरेंसिक लैब के सुरक्षाकर्मी और श्मशान के रखवाले से यारी-दोस्ती बना लेता है। जैसे ही पुलिस स्टेशन से हड्डियां बरामद कर लैब जाते हैं, विजय वहां जाकर सैम के असली कंकाल को उसी उम्र के एक अन्य मरे हुई लड़के की हड्डियों से बदल देता है। इस तरह अदालत में पुलिस झूठी साबित हो जाती है।

‘दृश्यम द कन्क्लूजन’

अब तीसरे पार्ट में अजय देवगन के 13 साल से दबे राज बाहर आते दिख सकते हैं। हालांकि मेकर्स ने कहानी की भनक अब तक नहीं लगने दी है। लेकिन टाइटल से कयास लगाए जा रहे हैं कि फिल्म का ये लास्ट पार्ट होगा। इसके बाद फिल्म आगे नहीं बढ़ेगी, जिसके चलते इस लास्ट पार्ट में विजय का पूरा चिट्ठा खुलेगा। फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को दस्तक देने वाली है।