Share Market Rise: भारतीय शेयर बाजार में आज, बुधवार को सुबह के कारोबार में तूफानी तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 800 से अधिक अंकों की छलांग लगाते हुए 74,650 के पार निकल गया है, वहीं निफ्टी 50 भी 223 अंक चढ़कर 23,112 के स्तर पर पहुंच गया है। बाजार में आई इस जोरदार लिवाली से दलाल स्ट्रीट पर रौनक छा गई है।
कारोबार में इस बढ़त की मुख्य वजह आईटी और बैंकिंग सेक्टर में आई जोरदार खरीदारी है। निफ्टी आईटी इंडेक्स 735 अंक (+2.33%) की बड़ी बढ़त के साथ 32,251 पर ट्रेड कर रहा है, जबकि निफ्टी बैंक भी 355 अंक बढ़कर 55,843 के स्तर पर पहुंच गया है। हालांकि, मिडकैप शेयरों में सुस्ती देखी जा रही है और निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स मामूली 0.02% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। लार्जकैप में संस्थागत निवेशकों का भरोसा लौटने से बाजार नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ता दिख रहा है।
गिफ्ट निफ्टी ने दिए थे रिकवरी के संकेत
चॉइस ब्रोकिंग के टेक्निकल रिसर्च वीपी सचिन गुप्ता ने बाजार खुलने से पहले संकेत दिए थे कि गिफ्ट निफ्टी 75 अंक ऊपर 23,009 के स्तर पर ट्रेड कर रहा था, जिससे भारतीय बाजारों की सकारात्मक शुरुआत के संकेत मिल रहे थे। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि इस रिकवरी की मजबूती वैश्विक संकेतों, कच्चे तेल की चाल और संस्थागत निवेशकों (FII/DII) के फंड फ्लो पर निर्भर करेगी।
आईटी और बैंकिंग शेयरों में क्यों आ रही है तेजी?
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वी के विजयकुमार का मानना है कि ब्रेंट क्रूड की ऊंची कीमतों और अमेरिका में बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी की वजह से बाजार पर निकट अवधि में दबाव रह सकता है। हालांकि, घरेलू स्तर पर मजबूत लिक्विडिटी, लार्जकैप शेयरों के वाजिब वैल्यूएशन और Q2 नतीजों में सुधार से बाजार को निचले स्तरों पर सहारा मिल रहा है।
वी के विजयकुमार के अनुसार, आईटी और बैंकिंग क्षेत्र ने Q2 के नतीजों में अच्छा प्रदर्शन किया है और इनके वैल्यूएशन आकर्षक स्तर पर हैं। इसलिए इन सेक्टरों में किसी भी गिरावट पर घरेलू संस्थागत निवेशक (DII) जमकर खरीदारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह समय ‘स्टॉक पिकर्स मार्केट’ है, जहां तिमाही नतीजों के आधार पर चुनिंदा शेयरों में एक्शन देखने को मिलेगा।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

