पंजाब में बाहरी और भीतरी का विवाद

पंजाब में आम आदमी पार्टी ने मनीष सिसोदिया को लेकर उठे विवाद को भले दूसरा रंग देने का प्रयास किया हो और इसे अपनी पार्टी की महिला नेता गायत्री बिश्नोई के मान सम्मान का मामला बनाया हो लेकिन यह तय है कि पंजाब में बाहरी और भीतरी का विवाद बढ़ गया है। सिसोदिया और बिश्नोई के मामले को छोड़ दें तब भी कांग्रेस के विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने यह मुद्दा बना दिया है कि आम आदमी पार्टी के दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के नेताओं ने पंजाब में डेरा डाला है और उनको सरकारी बंगलों में रखा जा रहा है। सुखपाल खैरा की इस बात को अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर बादल ने भी उठाया है।

गायत्री बिश्नोई ने भी यह स्वीकार किया कि वे पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह के बंगले में अपने माता, पिता के साथ रह रही थीं। इलाज के लिए ही सही लेकिन मंत्री के बंगले में किसी दूसरे राज्य के नेता के रहने का विवाद तो बन ही गया। ध्यान रहे खैरा पहले आम आदमी पार्टी में ही रहे हैं। वे 2017 में नेता विपक्ष भी थे। वे उस समय की बातें भी बता रहे हैं। उनका दावा है कि केजरीवाल ने तब भी उनका बंगला कब्जा करने का प्रयास किया था। आम आदमी पार्टी के नेता इस बात का जवाब नहीं दे पा रहे हैं कि पंजाब की राजनीति में अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, जरनैल सिंह जैसे नेताओं को इतना महत्व क्यों मिल रहा है। उन्होंने बंगलों के नंबर देकर दावा किया है कि दीपक चौहान, कमला बंसल, अनुराग कुंडू, जरनैल सिंह, सत्येंद्र जैन, आदिल अहमद खान आदि इन बंगलों में रह रहे हैं। गायत्री बिश्नोई विवाद के बाद कहा जा रहा है कि अब बंगले खाली हो रहे हैं। लेकिन विवाद तो चुनाव तक चलेगा।

Asian Games में भारत की पुरुष और महिला स्कीट टीमों ने जीते कांस्य पदक

भारतीय पुरूष और महिला स्कीट टीमों ने बुधवार को एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीते।आज खेले गये मुकाबले में परिनाज धालीवाल, माहेश्वरी चौहान और ओलंपियन राइजा ढिल्लों ने महिलाओं की स्कीट टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। परिनाज और ढिल्लों, दोनों ने 125 में से 111 शॉट लगाए, जबकि माहेश्वरी ने 125 में से 109 का स्कोर किया और इस तरह भारतीय तिकड़ी ने टीम स्पर्धा में पोडियम पर जगह बनाई।

तीन दिन के क्वालीफिकेशन दौर के बाद भारत की रायजा ढिल्लों, माहेश्वरी चौहान और परिनाज धालीवाल की महिला स्कीट टीम ने बुधवार को 331 के संयुक्त स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता। चीन (357) को स्वर्ण और कजाखस्तान (336) को रजत पदक मिला। स्कीट स्पर्धा में प्रत्येक निशानेबाज को 125 अंकों में से अधिकतम अंक हासिल करने होते हैं। परिनाज़ और रायजा दोनों ने 125 में से 111 अंक, जबकि माहेश्वरी ने 109 अंक हासिल करके पोडियम स्थान प्राप्त किया।

रायजा और परिनाम ने व्यक्तिगत फाइनल में भी जगह बनाई। क्वालीफाइंग दौर में रायजा आठवें और परिनाज नौवे स्थान पर रही।  अनंतजीत सिंह नरूका, मैराज अहमद खान और भवतेग सिंह गिल ने 346 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता।

अनंतजीत ने व्यक्तिगत फाइनल में भी जगह बनाई। उन्होंने 119 स्कोर किया जबकि मैराज ने 116 और भवतेग ने 111 स्कोर किया।भारत के अब निशानेबाजी में चार रजत और तीन कांस्य पदक हैं।

Welcome To The Jungle BO collection day 1: अक्षय कुमार की फिल्म ने पहले दिन तोड़ा ‘भूत बंगला’ का रिकॉर्ड

Welcome To The Jungle BO collection day 1: अहमद खान की फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ इस शुक्रवार को मिली-जुली प्रतिक्रिया के साथ सिनेमाघरों में रिलीज हुई। इस फ़्रैंचाइज़ी की तीसरी फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडीज़ और अन्य कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। मिली-जुली प्रतिक्रिया के बावजूद, फिल्म ने बॉक्स ऑफ़िस पर अच्छी शुरुआत की है। आइए जानते हैं कि ‘वेलकम टू द जंगल’ ने पहले दिन कितनी कमाई की।

ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के अनुसार, ‘वेलकम टू द जंगल’ ने गुरुवार को पेड प्रीमियर से ₹3.75 करोड़ कमाए। शुक्रवार को फिल्म ने ₹15 करोड़ की कमाई की। ‘वेलकम 3’ के 10,890 शो में 25% ऑक्यूपेंसी भी देखी गई। इससे इसकी ओपनिंग कमाई ₹18.75 करोड़ हो गई।

इसने अक्षय की पिछली फिल्म ‘भूत बंगला’ की ओपनिंग कमाई को पीछे छोड़ दिया। प्रियदर्शन की डायरेक्ट की गई उस फिल्म ने भारत में 12,386 शो से ₹12.25 करोड़ की नेट ओपनिंग कमाई की थी। प्रीमियर से हुई ₹3.75 करोड़ की कमाई को जोड़ने पर, फिल्म की ओपनिंग कमाई ₹16 करोड़ रही। उससे पहले आई उनकी फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ की ओपनिंग कमाई ₹12.50 करोड़ थी।

‘वेलकम 3’ की ऑक्यूपेंसी सुबह 11% थी, जो दोपहर में बढ़कर 26.85% और शाम को 28.85% हो गई। रात के शो में भी ऑक्यूपेंसी बढ़ने की उम्मीद है। ‘वेलकम टू द जंगल’ फ़िल्म ‘वेलकम’ (2007) और ‘वेलकम बैक’ (2015) की अगली कड़ी है। इस फ़िल्म के डायरेक्टर अहमद खान हैं, इसे नीरज वोरा ने लिखा है और इसे फ़िरोज़ नाडियाडवाला, राकेश डांग और वेदांत विकास बाली ने बेस इंडस्ट्रीज़ ग्रुप, केप ऑफ़ गुड फ़िल्म्स और सीता फ़िल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। फ़िल्म में कई बड़े कलाकार हैं, जिनमें अक्षय कुमार डबल रोल में हैं। उनके साथ सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडीज, रवीना टंडन, लारा दत्ता, अरशद वारसी, परेश रावल, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, आफताब शिवदासानी और जैकी श्रॉफ भी हैं।

हिंदुस्तान टाइम्स के रिव्यू में कहा गया है, “परफॉर्मेंस के मामले में ‘वेलकम टू द जंगल’ शानदार है। यह फ़िल्म अक्षय कुमार की उनकी ‘हेरा फेरी’ टीम – परेश, राजपाल और सुनील शेट्टी – के साथ सहज केमिस्ट्री पर काफ़ी निर्भर करती है। अरशद वारसी के पास करने के लिए ज़्यादा कुछ नहीं है, लेकिन वे फ़िल्म में मज़ा जोड़ते हैं। इसके अलावा, ‘बड़ी बी’ के रोल में फरीदा जलाल और ‘मुराद चाचा’ के रोल में किरण कुमार ने बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग दिखाई है। वे दोनों मिलकर दर्शकों को खूब हंसाते हैं।”

तीसरी फ़िल्म में नाना पाटेकर और अनिल कपूर के न होने पर बात करते हुए, अक्षय ने PTI से चौथी फ़िल्म के बारे में इशारा किया। उन्होंने कहा, “‘वेलकम’ एक पूरा परिवार है। इसमें नाना, मिस्टर अनिल, मैं और बाकी सभी लोग शामिल हैं। यह परिवार जैसा है। अगर कभी ‘वेलकम 4’ बनी, तो आप उन सभी को उसमें देखेंगे।”