पराली पर शिवराज की ‘क्लीनचिट’ से गदगद हुई AAP! अब आप को कृषि मंत्री की कुर्सी जाने की चिंता

पराली पर शिवराज की 'क्लीनचिट' से गदगद हुई AAP! अब आप को कृषि मंत्री की कुर्सी जाने की चिंता

Punjab Stubble Burning: दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण और स्मॉग के लिए पंजाब की पराली को जिम्मेदार ठहराने की सियासी बहस के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के एक बयान ने राजनीतिक पारा चढ़ा दिया है। पंजाब दौरे पर पहुंचे शिवराज सिंह चौहान ने राज्य में पराली जलाने की घटनाओं में ‘ऐतिहासिक कमी’ आने की बात कहते हुए किसानों को प्रदूषण के आरोपों से क्लीनचिट दे दी।

 

कृषि मंत्री के इस बयान से आम आदमी पार्टी (AAP) गदगद हो गई है। जहां पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने इस वीडियो को साझा कर भाजपा पर तीखा हमला बोला, वहीं दिल्ली ‘आप’ अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने चुटकी लेते हुए चिंता जताई कि सच बोलने की वजह से कहीं शिवराज सिंह चौहान की कुर्सी न चली जाए। ALSO READ: पंजाब में दिवाली पर पराली जलाने का रिकॉर्ड, एक ही दिन में 1152 खेतों में लगी आग, कुल आंकड़ा 4459 पहुंचा

किसानों को बदनाम न करें, उन्होंने देश को रास्ता दिखाया

‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत मोहाली और लुधियाना के दौरे पर गए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब के किसानों की जमकर सराहना की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई है, जिसके लिए किसान बधाई के पात्र हैं।

चौहान ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मैं दुनिया से कहना चाहता हूं कि पंजाब के किसानों को बदनाम न करें। प्रदूषण फैलाने के लिए किसान बिल्कुल भी जिम्मेदार नहीं हैं, बल्कि इसके लिए अन्य कारक जिम्मेदार हैं। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब के किसानों ने पराली न जलाकर और उसका उचित प्रबंधन करके पूरे देश को एक नई राह दिखाई है। पराली के मिट्टी में मिलने से जैविक कार्बन की मात्रा बढ़ती है, जिससे खेतों की उर्वरता और मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार होता है। ALSO READ: अवमानना मामले में दिल्ली हाईकोर्ट की अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को कड़ी फटकार, कहा- यह आ‍पको आखिरी मौका

केजरीवाल ने भाजपा-कांग्रेस को घेरा

केंद्रीय कृषि मंत्री के इस बयान को ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तुरंत लपक लिया और इसे भाजपा के खिलाफ सियासी हथियार बना लिया। केजरीवाल ने चौहान का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि जब केंद्र सरकार के मंत्री खुद मान रहे हैं कि पंजाब के किसानों ने पराली जलाने में भारी कमी की है, तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन्हीं की पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस गंदी राजनीति के तहत दिन-रात पंजाब के किसानों को कोसती रहती हैं।

कहीं शिवराज जी का मंत्री पद न चला जाए

दूसरी ओर, दिल्ली ‘आप’ के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी शिवराज सिंह चौहान के बयान को परिपक्व बताते हुए उनकी तारीफ की, लेकिन साथ ही भाजपा नेतृत्व पर तंज भी कसा। भारद्वाज ने कहा कि कृषि मंत्री होने के नाते शिवराज सिंह चौहान ने राजनीति से ऊपर उठकर किसानों के हक में बात की है।

 

भारद्वाज ने चिंता जताते हुए कहा कि मुझे यही डर है कि इस बयान के चक्कर में कहीं उनका मंत्री पद न चला जाए, क्योंकि उन्होंने जो सच कहा है वह आज की भाजपा में हजम नहीं होगा। उन्होंने दिल्ली के भाजपा नेताओं पर भी हमला बोलते हुए कहा कि यदि मेहनत करके पराली का प्रबंधन करने के बावजूद किसानों को बदनाम किया जाएगा, तो उनका मनोबल टूटेगा।