सिवनी में ASP दीपक मिश्रा ने होटल में कपल को धमकाया, लड़के के बैग में गांजा रखने की धमकी, होटल संचालक से 50 हजार रुपये महीने मांगने का आरोप

सिवनी में ASP दीपक मिश्रा ने होटल में कपल को धमकाया, लड़के के बैग में गांजा रखने की धमकी, होटल संचालक से 50 हजार रुपये महीने मांगने का आरोप

मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में एक होटल के सीसीटीवी वीडियो ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए है। जिले के बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें ASP दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी होटल में ठहरे एक बालिग कपल के साथ बदसलूकी करने के साथ लड़के के बैग में गांजा रखने की धमकी देते हुए दिखाई दे रहे है।

 

यह पूरा मामला 13 नवंबर का बताया जा रहा है। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड वीडियो में पुलिस अधिकारी एक बालिग युवक और युवती को डराते-धमकाते और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते दिखाई और सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में युवती की रोने की आवाज भी सुनाई दे रही है। वीडियो में पुलिसकर्मी होटल में ठहरे युवक-युवती से उनके परिजनों को बुलाने और घर पर फोन करने के लिए कहते नजर आते हैं। युवक और युवती खुद को बालिग बताते हुए अपनी मर्जी से होटल में ठहरने की बात कहते हैं। युवती यह भी कहती सुनाई देती है कि वे दोनों एक-दूसरे को जानते हैं और शादी करना चाहते हैं। इससे बाद भी एएसपी दीपक मिश्रा एक पुलिस कर्मी से युवक की बैग में गांजा रखने की बात कहते नजर आते है। 

 

इस पूरे मामले में होटल संचालक संजय सनोडिया ने पुलिस अधिकारियों पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं। होटल संचालक का आरोप है कि होटल चलाने के एवज में उनसे हर महीने 50 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। संचालक का आरोप है कि पैसे की डिमांड नहीं पूरे होने पर होटल पर छापा मारकर उसे सील करने की धमकी दी जा रही है। 

 

इस पूरे मामला का खुलासा होटल में लगे सीसीटीवी से हुआ। बताया जा रहा है कि पुलिस कर्मी पहले भी होटल के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई कर चुके है और होटल की पूरी रिकॉर्डिंग का डीवीआर भी जब्त कर अपने साथ ले जाते थे। पुलिस अधिकारियों की प्रताड़ना से तंग आकर होटल संचालक ने चोरी-छुपे एक और सीसीटीवी लगवाया जिसमं पूरी घटना रिकॉर्ड हो  गई। वहीं पूरा मामला सामने आने  के बाद टीआई सतीश तिवारी को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं एएसपी दीपक मिश्रा और सीएसपी चंचलेश मरकार की भूमिका की जांच हो रही है।