“राहुल गांधी को भारत से इतनी नफरत क्यों?” कोलंबिया यूनिवर्सिटी के बयान पर भड़की भाजपा, कह दी बड़ी बात

"राहुल गांधी को भारत से इतनी नफरत क्यों?" कोलंबिया यूनिवर्सिटी के बयान पर भड़की भाजपा, कह दी बड़ी बात

rahul gandhi and gaurav bhatia

भाजपा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हालिया बयानों को लेकर कांग्रेस पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी पर विदेशी धरती से भारत की छवि को धूमिल करने और देश विरोधी ताकतों के साथ खड़े होने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी को देश की प्रगति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इतनी नफरत क्यों है कि वे लगातार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की अर्थव्यवस्था और व्यवस्थाओं पर झूठे सवाल खड़े करते हैं। ALSO READ: अमेरिका में राहुल गांधी का बड़ा दावा, गंभीर आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़ा है भारत

 

राहुल को कहा ‘मीरजाफर’

गौरव भाटिया ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अराजकता के प्रतीक राहुल गांधी जब भी विदेशी धरती पर जाते हैं, तो उनकी एकमात्र मंशा भारत की मजबूत छवि को कमजोर करना होता है। उन्होंने राहुल गांधी को ‘मीरजाफर’ तक कह डाला।

 

संसद सत्र से ठीक पहले विदेश यात्रा

उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी देश में संसद का सत्र होने वाला होता है, राहुल गांधी जानबूझकर विदेशी दौरे पर चले जाते हैं और भारत की स्थिर सरकार को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते हैं।

 

घोटालों और यूपीए सरकार का जिक्र

राहुल गांधी के आर्थिक संकट वाले बयान पर पलटवार करते हुए भाटिया ने कहा कि जब केंद्र में यूपीए की सरकार हुआ करती थी, तब देश में सिर्फ घोटाले होते थे और फाइलें अटकी रहती थीं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नई बुलंदियों को छू रहा है।

 

क्या बोले थे राहुल गांधी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने न्यूयॉर्क की मशहूर कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए भारत के मौजूदा हालातों पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने दावा किया कि देश गंभीर आर्थिक संकट के मुहाने पर है और बेरोजगारी तथा चरमराती शिक्षा व्यवस्था इसकी मुख्य वजह हैं।