
CM Yogi Adityanath: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि राज्य में भाजपा की तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है और इस बार जीत की हैट्रिक के साथ नया रिकॉर्ड भी बनेगा। इस दौरान ’80-20′ के चर्चित मुद्दे पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि भाजपा ये उपलब्धियां पहले भी हासिल कर चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष चाहे जितना दुष्प्रचार या विभाजन कर ले, लेकिन जनता जानती है कि परिवारवाद और जातिवाद की विभाजनकारी राजनीति ने ही प्रदेश का बेड़ा गर्क किया था।
वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया का आरोप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘राइजिंग भारत समिट’ में विपक्षी दलों, विशेषकर सपा और कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों की कार्यशैली पर कड़े प्रहार किए। उन्होंने कहा कि भाजपा करोड़ों कार्यकर्ताओं के सिद्धांतों और आदर्शों पर चलने वाली पार्टी है, जबकि विपक्ष की राजनीति केवल परिवारवाद और तुष्टीकरण तक सीमित रही है।
सपा शासनकाल का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने आरोप लगाया कि उस दौर में अपराधियों के राजनीतिकरण के बजाय ‘राजनीति का ही अपराधीकरण’ हो गया था और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ उनकी पहचान बन चुकी थी। उन्होंने यह भी कहा कि भर्ती आयोगों में अराजकता फैलाकर अपात्र लोगों को चेयरमैन बनाया गया और बिना परीक्षा दिए ही ‘मुन्ना भाइयों’ को नियुक्ति पत्र बांटे गए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि भाजपा अपने सहयोगियों के साथ मिलकर विपक्ष के जंगलराज, कर्फ्यू, दंगा और लूट-खसोट के मुद्दों को जनता के बीच लेकर जाएगी।
रात दो बजे भी बिना डर के घर लौट रहीं बेटियां
प्रदेश की कानून-व्यवस्था में आए बदलाव को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित एचसीएल टेक (HCL Tech) कैंपस का उदाहरण साझा किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में इस कैंपस में महज 100 लोग कार्यरत थे, जबकि आज यहां उत्तर प्रदेश के 18 हजार युवा काम कर रहे हैं।
सीएम योगी ने कैंपस में काम करने वाली बाराबंकी, सीतापुर, उन्नाव और रायबरेली की बेटियों के साथ हुए अपने संवाद का जिक्र करते हुए कहा कि जब उन्होंने लड़कियों से नाइट शिफ्ट और रात में घर लौटने की सुरक्षा के बारे में पूछा, तो बेटियों ने जवाब दिया कि वे रात दो बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद अपनी बाइक से बेखौफ घर जाती हैं, क्योंकि अब यूपी में गुंडाराज नहीं है।
नोएडा जाने का मिथक और दंगाइयों पर कटाक्ष
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षित माहौल के कारण ही आज उत्तर प्रदेश निवेश का बड़ा केंद्र बन रहा है और एचसीएल व फॉक्सकॉन मिलकर राज्य की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट स्थापित कर रहे हैं। पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले इन्वेस्टर्स समिट के बावजूद कोई निवेशक लखनऊ आने को तैयार नहीं था।
उन्होंने तत्कालीन नेतृत्व पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिस राज्य का मुख्यमंत्री कुर्सी जाने के डर से नोएडा जाने से बचता हो और दंगाइयों को स्टेट प्लेन से बुलाकर मुख्यमंत्री आवास में सम्मानित करता हो, उस राज्य की दुर्दशा तय थी। उन्होंने कहा कि आज यूपी की तस्वीर बदल चुकी है—अब दंगाइयों को सम्मानित नहीं किया जाता, बल्कि उनके दगापन का सख्त उपचार किया जाता है।


