देश में अफरा-तफरी फैलाने की योजना थी, गुजरात में मोदी का विपक्ष पर हमला

देश में अफरा-तफरी फैलाने की योजना थी, गुजरात में मोदी का विपक्ष पर हमला

Narendra Modi in Gujarat

PM Narendra Modi Attack on Opposition: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में विरोधियों पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि ईरान युद्ध के समय देश में अफरा-तफरी फैलाने की योजना थी। इस दौरान अफवाहें फैलाई गईं। किसानों को खाद के लिए डराया गया। रसोई गैस के लिए लोगों को डराया गया ताकि मोदी को बदनाम किया जा सके। मैं आपको बताना चाहता हूं कि युद्ध आज भी चल रहा है, लेकिन हमने किसी भी चीज की कमी नहीं होने दी। इस दौरान मोदी ने 14 हजार करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का भी उद्‍घाटन किया। 

 

मोदी ने कहा कि दुनिया में युद्ध की वजह से खाद की कमी हो गई। इसकी कीमत भी बहुत बढ़ गई, लेकिन सरकार ने भारत के किसानों पर बोझ नहीं पड़ने दिया। जो खाद की बोरी दुनिया में 3000 रुपए में मिल रही है, वह भारत में 300 रुपए से कम में मिल रही है। डीएपी खाद की कीमत तो दुनिया में 5000 से अधिक हो गई, लेकिन भारत में वही बोरी 1350 रुपए में मिल रही है। उन्होंने कहा कि किसान देश की मजबूत नींव और विकास का स्तंभ हैं, लेकिन देश की ऐसी प्रगति देखकर कुछ लोग दुखी हो रहे हैं। हमारी सरकार ने हमेशा किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके हितों को प्राथमिकता देने का काम किया है।

पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त जारी

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने पीएम-किसान (PM-KISAN) योजना की 24वीं किस्त जारी की। इस योजना के तहत पात्र किसानों के बैंक खातों में सीधे लगभग 19,000 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए। पीएम मोदी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि देश की प्रगति देखकर कुछ लोग दुखी हो रहे हैं।

बनासकांठा में ‘खाट सभा’ की देशी परंपरा

कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने बनासकांठा की एक अनूठी व्यवस्था का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने सभा में मौजूद लोगों को खाट (चारपाई) पर बैठे देखकर खुशी जाहिर की और कहा कि यह नजारा पूरे देश के लोगों को हैरान कर देगा। बनासकांठा के इस कार्यक्रम ने हमारी प्राचीन ग्रामीण परंपराओं को एक बार फिर जीवंत कर दिया है। पीएम मोदी ने हल्के-फुल्के अंदाज में मजाक भी किया कि अगर इस अनोखे आयोजन की जानकारी गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स को दी जाती, तो यह यकीनन एक विश्व रिकॉर्ड बन जाता।

14,000 करोड़ के विकास प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण

अपनी दो दिवसीय गुजरात यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने राज्य में लगभग 14,000 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन प्रोजेक्ट्स से राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को नई गति मिलेगी। मुख्य रूप से सड़क नेटवर्क का सुधार और कृषि क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार शामिल है, जिससे खेती और परिवहन आसान हो जाएगा। सरकार के अनुसार, इन नए विकास कार्यों से पूरे गुजरात में परिवहन आसान होगा। कनेक्टिविटी सुधरने के साथ-साथ पूरे राज्य में आर्थिक और व्यापारिक गतिविधियों में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

गुजरात को दो नई ट्रेनों की सौगात

रेलवे नेटवर्क को और अधिक मजबूत और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के लिए दो नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन नई ट्रेनों में अहमदाबाद (साबरमती) से वाराणसी के बीच एक्सप्रेस ट्रेन और मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती के बीच मेमू (MEMU) ट्रेन शामिल है, जिससे आम यात्रियों का सफर आसान होगा और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी।