इंदौर में मिलावट की आशंका में 341 किलो खाद्य सामग्री जब्त

इंदौर में मिलावट की आशंका में 341 किलो खाद्य सामग्री जब्त

kanpur food safety department raid

file photo
इंदौर में लगातार खाद्य सामग्री में मिलावट सामने आ रही है। ऐसे में विभाग ने भी कार्रवाई तेज कर दी है। दीपावली से पहले बडी मात्रा में मिलावटी या नकली खाद्य सामग्री के बेचने की आशंका है। ऐसे में विभाग ने गुरुवार को पांच खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 12 नमूने जांच के लिए।

मावे में मिलावट की आशंका : ग्राम अहीरखेड़ी स्थित श्री श्याम फूड एजेंसी में मावे में मिलावट की आशंका और खाद्य निर्माण के लिए उपयुक्त पंजीयन नहीं मिलने पर फैक्ट्री में कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। यहां से 341 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये है।

स्किम्ड मिल्क पाउडर से बन रहा था मावा : टीम के निरीक्षण में एजेंसी में दूध से फैट निकालकर स्किम्ड मिल्क पाउडर मिलाकर मावा तैयार किया जा रहा था। परिसर में वनस्पति तेल भी मिला। यहां से मावे के दो, वनस्पति, सूजी और स्किम्ड मिल्क पाउडर का एक-एक नमूना लिया गया। जब्त सामग्री में 298 किलो मावा, 28 किलो वनस्पति और 15 किलो सूजी शामिल है।

इसके अलावा नेमावर रोड स्थित विनायक फूड एंड डेयरी इंडस्ट्रीज से लूज घी का एक, अग्नि डेयरी इंडस्ट्रीज से घी और बटर के तीन तथा अहीरखेड़ी स्थित श्री कुंज इंटरप्राइजेज से सोनपापड़ी का एक नमूना लिया गया। संबंधित प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे

ग्राम पालदा स्थित मार्बल्लो फूड प्रोडक्ट्स में चॉकलेट कोन्स और जेली निर्माण क्षेत्र में गंदगी, खराब भंडारण और स्वच्छता संबंधी कमियां मिलीं। यहां से जेली के दो नमूने लिए गए। संबंधित प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि इंदौर कलेक्टर के आदेश पर खाद्य सामग्रियों की जांच कर कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर शिवम वर्मा के सख्त निर्देश है कि दीवाली के त्योहार के पहले मिलावटियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।