मंत्री नागर सिंह चौहान पर 20 साल से रिश्ते में होने का आरोप लगाने वाली महिला का यूटर्न, अब तारीफ में पढ़े कसीदे

मंत्री नागर सिंह चौहान पर 20 साल से रिश्ते में होने का आरोप लगाने वाली महिला का यूटर्न, अब तारीफ में पढ़े कसीदे

मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान को लेकर गुरुवार को महिला के लगाए गए सनसनीखेज आरोपों में अब नया मोड आ गया है। गुरुवार को मंत्री नागर सिंह चौहान और उनकी पत्नी अनीता नागर सिंह चौहान पर गंभीर आरोप लगाने वाली महिला ने आज नया वीडियो जारी कर सफाई दी।

 

मंत्री नागर सिंह चौहान और सांसद पत्नी पर लगाए थे आरोप?– गुरुवार को  सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में महिला ने खुद को रश्मि नागर सिंह चौहान बताते हुए दावा किया था कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से मंत्री के साथ रिश्ते में है। महिला ने मंत्री की पत्नी और रतलाम-झाबुआ से भाजपा सांसद अनिता चौहान पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप भी लगाए थे। 

 

सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर महिला ने कहा कि जब वह 18 साल की थी, तभी से नागर सिंह चौहान के साथ उसका रिश्ता है। महिला का दावा है कि मंत्री ने जीवनभर साथ निभाने का भरोसा दिया था। महिला का दावा है कि वह कई बार गर्भवती हुई लेकिन उन्होंने कभी नागर सिंह चौहान के बच्चे को जन्म नहीं दिया। महिला ने दावा किया है कि  इसी भरोसे के साथ उसने अपनी जिंदगी के करीब 20 साल गुजार दिए। महिला के मुताबिक वह मंत्री के सरकारी आवास में रहने के बजाय अलग मकान में रहती थी और मंत्री के कहने के अनुसार अपना जीवन बिताती रही।

 

महिला ने भाजपा सांसद अनिता चौहान पर उसे और उसके बेटे को आपत्तिजनक संदेश भेजने का आरोप लगाया है। उसका दावा है कि इन संदेशों के कारण वह और उसका बेटा मानसिक रूप से परेशान हुए। महिला ने यहां तक कहा कि उसका बेटा इस मानसिक तनाव के चलते परीक्षा देने तक नहीं गया। महिला ने यह भी दावा किया कि उसने सांसद अनिता चौहान से बातचीत कर अपना पक्ष रखने की कोशिश की, लेकिन उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला। महिला ने सोशल मीडिया पर नागर सिंह चौहान से फोन पर बातचीत का ऑडियो भी शेयर किया है, इसके  साथ ही महिला ने सांसद अनिता चौहान के चैट के स्क्रीनशॉट भी शेयर किया है।

 

शुक्रवार को नए वीडियो में आरोपों से मुकरी-कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान पर गुरुवार को गंभीर आरोप लगाने वाली रश्मि सिंह चौहान शुक्रवार को अपने बयान से पलट गई। महिला ने सोशल मीडिया पर नया वीडियो जारी कर कहा उसने तनाव में वीडियो बनाया था। इसके साथ ही रश्मि सिंह चौहान ने मंत्री नागर सिंह को बहुत अच्छा और काबिल नेता भी बताया। वीडियो में महिला ने दावा किया कि मंत्री पर आरोप लगाने वाला वीडियो उसने निराशा और तनाव में आकर बनाया था। 

 

सोशल मीडिया पर जारी अपने वीडियो में  गुरुवार को कहीं अपनी बातों से पलटते हुए महिला बोली कि मेरे, नागर सिंह चौहान, उनकी पत्नी अनीता और उनके पिता से अच्छे संबंध है। मैं परेशान थी जिस कारण मैंने वो वीडियो बनाया था। हमारे बेच कुछ भी गलत नहीं है। ये वीडियो कैसे वायरल हुआ मुझे नहीं पता। वहीं सीएम मोहन यादव को लिखे पत्र को लेकर भी महिला ने बताया कि परेशानी में आकर मैंने मुख्यमंत्री पत्र लिखा था। मेरे और मंत्री के बीच कुछ भी ऐसा नहीं है। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पुराने वीडियो को मंत्री को बदनाम करने के लिए वायरल किया जा रहा है। मंत्री नागर सिंह चौहान बहुत अच्छे और काबिल नेता है। क्षेत्र में उनकी छवि साफ और मदद करने वाले नेता की है।

 

वहीं सोशल मीडिया पर मंत्री पर आरोप लगाने वाली रश्मि सिंह चौहान के नए वीडियो को जारी करने के पीछे भारी भरकम डील का दावा किया जा रहा है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि नया वीडियो जारी करने से पहले महिला की मंत्री नागर सिंह चौहान से मुलाकात हुई और एक करोड़ रुपए और बंगला देने की डील पर नया वीडियो जारी कर डैमेज कंट्रोल किया गया है।