जब गर्लफ्रेंड को उसी रेस्टोरेंट ले गए राहुल गांधी, जहां मिले थे राजीव-सोनिया: सुनाया कैंब्रिज का दिलचस्प किस्सा

जब गर्लफ्रेंड को उसी रेस्टोरेंट ले गए राहुल गांधी, जहां मिले थे राजीव-सोनिया: सुनाया कैंब्रिज का दिलचस्प किस्सा

rahul gandhi

Rahul Gandhi Cambridge Girlfriend Story : सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ के विमोचन समारोह में सोमवार को राजनीति से इतर एक बेहद दिलचस्प और निजी माहौल देखने को मिला। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस कार्यक्रम के दौरान मंच से अपनी जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा किस्सा साझा किया, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया। उन्होंने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपने कैंब्रिज के दिनों और अपनी गर्लफ्रेंड से जुड़ा एक खूबसूरत संस्मरण सुनाया। ALSO READ: राहुल-प्रियंका के जन्म के बाद बदल गया था इंदिरा गांधी का व्यवहार, Belonging : A Journey of Love के विमोचन पर Sonia Gandhi ने क्या किए खुलासे

 

माता-पिता की पहली मुलाकात वाली जगह पहुंचे थे राहुल

राहुल गांधी ने बताया कि उन्होंने बचपन से अपने माता-पिता (राजीव गांधी और सोनिया गांधी) की पहली मुलाकात की कहानी कई बार सुनी थी। जब वे खुद आगे की पढ़ाई के लिए कैंब्रिज पहुंचे, तो उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड को उसी ऐतिहासिक रेस्टोरेंट में ले जाने का फैसला किया, जहां कभी उनके माता-पिता की प्रेम कहानी शुरू हुई थी।

 

किस्से को याद करते हुए राहुल ने बताया कि पीले दरवाजे वाले उस रेस्टोरेंट में पहुंचने के बाद उन्होंने टेबल बुक की। जब वेटर ने ऑर्डर लिया, तो राहुल ने वही खास चिकन डिश मंगाई, जो उनके माता-पिता अक्सर वहां खाया करते थे। हैरानी की बात यह रही कि वहां के वेटर ने भी उन्हें राजीव और सोनिया गांधी की पुरानी मुलाकातों से जुड़ी यादें ताजा करवा दीं।

 

ऐसी थी माता-पिता के प्यार की परिभाषा

कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने अपने बचपन और माता-पिता के रिश्ते को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा अपने घर में राजीव और सोनिया गांधी को एक-दूसरे के बेहद करीब देखा। राहुल ने मुस्कुराते हुए बताया, “घर में पापा होते थे और उनकी गोद में मम्मा बैठती थीं, हमारे लिए माता-पिता के प्यार की परिभाषा यही थी।” उन्होंने यह भी साझा किया कि जब वे बचपन में अपने दोस्तों के घरों में जाते थे और वहां ऐसा न देख कर हैरान रह जाते थे, तो अपने दोस्तों से पूछते थे कि उनके माता-पिता आपस में ऐसे क्यों नहीं रहते।

 

1965 में शुरू हुई थी ‘वैरसिटी रेस्टोरेंट’ की प्रेम कहानी

सोनिया गांधी ने अपनी इस नई किताब में राजीव गांधी से अपनी पहली मुलाकात का खुलकर जिक्र किया है। साल 1965 में कैंब्रिज के एक छोटे ग्रीक रेस्टोरेंट ‘वैरसिटी रेस्टोरेंट’ (Varsity Restaurant) में दोनों की पहली मुलाकात हुई थी, जो उस दौर में भारतीय और यूरोपीय छात्रों का पसंदीदा अड्डा हुआ करता था। समय बदला, पीढ़ियां बदलीं, लेकिन कैंब्रिज की उन गलियों और रेस्टोरेंट से जुड़ी यादें आज भी इस परिवार के दिल के बेहद करीब हैं।