अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट के पास अमेरिकी सैन्य हेलिकॉप्टर को ईरान ने गिराया था। इस घटना का जवाब जरूर दिया जाएगा। यह AH-64 अपाचे हेलिकॉप्टर था, जिसके दोनों पायलटों को सुरक्षित बचा लिया गया। ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका इस हमले पर चुप नहीं बैठेगा। वहीं दूसरी ओर अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का कहना है कि ईरान जंग नहीं चाहता और बातचीत के जरिए समाधान चाहता है। वेंस ने कहा कि अमेरिका की प्राथमिकता ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकना है, लेकिन उनका मानना है कि ईरान अब युद्ध जारी रखने के बजाय समझौते की राह पर आगे बढ़ना चाहता है। उन्होंने भरोसा जताया कि दोनों देशों के बीच जल्द एक नई डील हो सकती है। पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स… 1. ईरान-इजराइल में 2 महीने बाद फिर जंग: अप्रैल में हुए सीजफायर के बाद ईरान ने इजराइल पर 30 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। जवाब में इजराइल ने ईरान के सैन्य ठिकानों, एयर डिफेंस सिस्टम और पेट्रोकेमिकल प्लांट पर हमले किए। 2. भारत ने नागरिकों को ईरान छोड़ने की सलाह दी: बढ़ते सैन्य तनाव के बीच भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी कर भारतीयों से ईरान की यात्रा टालने और वहां मौजूद लोगों से जल्द देश छोड़ने को कहा। 3. हूती विद्रोहियों ने रेड सी में इजराइली जहाजों की नाकाबंदी का ऐलान किया: यमन के हूती विद्रोहियों ने इजराइल से जुड़े जहाजों को निशाना बनाने की चेतावनी दी। इससे वैश्विक समुद्री व्यापार और तेल सप्लाई पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। 4. ईरान-इजराइल टकराव से तेल 3% से ज्यादा महंगा: तनाव बढ़ने के बाद ब्रेंट क्रूड 96.75 डॉलर प्रति बैरल और WTI 93.89 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। बाजार को होर्मुज स्ट्रेट में सप्लाई बाधित होने का डर है। 5. ट्रम्प-नेतन्याहू में मतभेद की खबरें: रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रम्प ने नेतन्याहू से ईरान पर पलटवार न करने को कहा। अमेरिकी और इजराइली रुख में मतभेद की चर्चाएं तेज हुईं, जबकि ट्रम्प ने कहा कि ईरान के साथ जो भी डील होगी, नेतन्याहू को माननी पड़ेगी। ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
Latest News
