
Top News 24 September: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रोटोकॉल तोड़कर एयरपोर्ट पर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग का स्वागत किया। केंद्र सरकार ने खाद्य तेलों से मूल सीमा शुल्क घटाया। SIR पर चुनाव आयोग के जवाब पर शशि थरूर ने उठाए सवाल। मेघालय में यूडीपी के 8 विधायक भाजपा में शामिल। ओमान के पास मालवाहक जहाज के हमले में 1 भारतीय की मौत। 24 सितंबर की बड़ी खबरें :
ट्रंप ने एयरपोर्ट पर किया जिनपिंग का स्वागत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ने ज्वाइंट बेस एंड्रयूज एयरपोर्ट जाकर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन का स्वागत किया। ट्रंप के निमंत्रण पर जिनपिंग अमेरिका की राजकीय यात्रा पर पहुंचे हैं।
सस्ता होगा खाद्य तेल!
केंद्र सरकार ने कच्चे और रिफाइंड सोयाबीन, पाम और सूरजमुखी तेल पर मूल सीमा शुल्क घटाया है। कच्चे सोयाबीन और पाम तेल पर शुल्क 10 से 5 फीसदी, जबकि रिफाइंड पर 32.5 से 27.5 फीसदी हुआ। कच्चे सूरजमुखी तेल पर शुल्क 10 फीसदी से शून्य, और रिफाइंड पर 32.5 से 22.5 फीसदी किया गया। यह बदलाव 24 सितंबर, 2026 से प्रभावी होगा, जिससे खाद्य तेलों की कीमतें कम होने की उम्मीद है।
चुनाव आयोग की सफाई पर थरूर के सवाल
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बुधवार को चुनाव आयोग के उस बयान पर सवाल उठाए, जो मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर सामने आई दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों के बाद जारी किया गया था। थरूर ने सभी मुद्दों पर बिंदुवार और दस्तावेजी स्पष्टीकरण मांगा है। ALSO READ: Election Commission SIR विवाद : चुनाव आयोग ने क्यों दी सफाई, किस मामले को लेकर मचा है घमासान, केजरीवाल बोले- ज्ञानेश कुमार पर चले देशद्रोह का केस
मेघालय में बड़ा सियासी उलटफेर
मेघालय में यूडीपी के 12 में से 8 विधायक भाजपा में शामिल हो गए हैं, जिससे विधानसभा में भाजपा की संख्या 2 से बढ़कर 10 हो गई। यूडीपी ने इनमें से तीन विधायकों को निलंबित कर कारण बताओ नोटिस दिया है। गौरतलब है कि यूडीपी और भाजपा दोनों ही फिलहाल एनपीपी के नेतृत्व वाली मेघालय सरकार में सहयोगी हैं।
ओमान के पास मालवाहक जहाज पर हमला
भारत की ओर जा रहे मालवाहक जहाज एमवी केप डाओ पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। ओमान स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, इस जहाज पर 19 भारतीय नागरिक सवार थे। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि एमवी केप डाओ पर हमला किसने किया।


