Video: साक्षी को बार-बार चिढ़ाते दिखे धोनी, वायरल वीडियो पर फैंस ने किए मजेदार कमेंट्स

पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह वह अपनी पत्नी साक्षी धोनी के साथ मस्ती करते नजर आ रहे हैं। ये वीडियो गुजरात के जामनगर में अंबानी परिवार की ओर से आयोजित नवरात्रि मेले का बताया जा रहा। वीडियो में धोनी अपनी पत्नी साक्षी को आइसक्रीम का एक स्कूप खिलाते दिखाई दे रहे हैं। दोनों के बीच की मस्ती भरी इस झलक ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा। सोशल मीडिया पर ये वीडियो काफी वायरल हो रहा है।

नवरात्रि समारोह में शामिल हुए धोनी

महेंद्र सिंह धोनी और उनकी पत्नी साक्षी धोनी 18 अक्टूबर, रविवार को गुजरात के जामनगर स्थित रिलायंस ग्रीन्स में आयोजित नवरात्रि समारोह में शामिल हुए। इस खास मौके पर दोनों ने अनंत अंबानी, राधिका मर्चेंट और उनके दोस्तों के साथ त्योहार का आनंद लिया। कार्यक्रम में पारंपरिक संगीत, गरबा नृत्य और कई तरह के झूले भी लगाए गए थे। इस दौरान सभी मेहमानों ने मिलकर त्योहार का जश्न मनाया।

वायरल हो रहा वीडियो

X पर शेयर किए गए एक वीडियो में महेंद्र सिंह धोनी अपनी पत्नी साक्षी को आइसक्रीम खिलाते नजर आ रहे हैं। दोनों एक ऐसी जगह पर खड़े दिखाई देते हैं, जो पौधों के स्टॉल जैसी लग रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही साक्षी आइसक्रीम खाने के लिए आगे झुकती हैं, धोनी शरारत करते हुए चम्मच पीछे खींच लेते हैं और खुद ही आइसक्रीम खा लेते हैं। धोनी का यह मजेदार अंदाज देखकर साक्षी की हंसी छूट जाती है। धोनी ने यह शरारत दो-तीन बार दोहराई। हर बार वह साक्षी को आइसक्रीम खिलाने का नाटक करते और फिर चम्मच अपने पास खींचकर खुद ही आइसक्रीम खा लेते। साक्षी भी उनके इस मजाक पर मुस्कुराती नजर आईं और दोनों इस पूरे पल का खूब आनंद लेते दिखे।

 

लोगों ने दिया ये रिएक्शन

सोशल मीडिया पर भी इस वीडियो को लेकर लोगों की मजेदार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। एक यूजर ने इस पर कमेंट करते हुए लिखा, “उसे गुस्सा दिलाना ही प्यार जताने का उसका तरीका है।” एक यूजर ने लिखा, “पहली बार यह मजेदार लगा, इसलिए उसे दूसरी बार भी ऐसा करना पड़ा। हाहाहा!” एक और यूजर ने कहा, “धोनी जिस तरह सिर्फ साक्षी का रिएक्शन देखने के लिए उन्हें बार-बार चिढ़ाते हैं और साक्षी हर बार उनके झांसे में आ जाती हैं, वह बेहद प्यारा है।” वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, “क्या इसे ही कपल गोल कहते हैं? मुझे भी ऐसा ही रिश्ता चाहिए।”

WPL 2027 Auction: 28 अक्टूबर को सजेगा नीलामी का मंच, ऑक्शन में 146 खिलाड़ियों पर लगेगी बोली

WPL 2027 Auction: 28 अक्टूबर को सजेगा नीलामी का मंच, ऑक्शन में 146 खिलाड़ियों पर लगेगी बोली

महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2027 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी की डेट फाइनल हो गई है। WPL 2027 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 28 अक्टूबर को केरल के कोच्चि में आयोजित की जाएगी। ये नीलामी भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे शुरू होगी। इसमें पांचों टीमों में खाली 27 जगहों को भरने के लिए 146 खिलाड़ियों पर बोली लगाई जाएगी। इस लिस्ट में 119 भारतीय और 27 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। भारतीय खिलाड़ियों में 22 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं, वहीं 97 खिलाड़ियों को अभी भारत की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का मौका नहीं मिला है।

27 विदेशी खिलाड़ियों में 14 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं और 13 ने अभी तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला। नीलामी में खाली 27 जगहों में से 20 भारतीय खिलाड़ियों और सात विदेशी खिलाड़ियों के लिए हैं।

किसका है कितना बेस प्राइज

महिला प्रीमियर लीग (WPL) की नीलामी में 30 खिलाड़ियों ने अपना शुरुआती दाम 30 लाख रुपये रखा है। इससे पांचों टीमों को नए सीजन के लिए अपनी टीम मजबूत बनाने के लिए ज्यादा खिलाड़ियों को चुनने का मौका मिलेगा। महिला प्रीमियर लीग (WPL) की नीलामी में इंग्लैंड की बल्लेबाज सोफिया डंकले और ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर सोफी मोलिनक्स ने अपना शुरुआती दाम 50 लाख रुपये रखा है। यह नीलामी में सबसे ज्यादा तय की गई शुरुआती कीमत है।

इनके अलावा, भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज जी कमलिनी और बल्लेबाज किरण नवगिरे ने 40 लाख रुपये का शुरुआती दाम तय किया है। ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर हीथर ग्राहम और जेस जोनासेन ने भी अपना शुरुआती दाम 40 लाख रुपये रखा है।

यूपी के पास है सबसे बड़ा पर्स

पांचों टीमों ने कुल 63 खिलाड़ियों को अपनी टीम में बरकरार रखा है। इनमें 23 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं। अब नीलामी में टीमों के पास खिलाड़ियों को शामिल करने के लिए 27 जगहें खाली हैं, जिनमें से सात जगहें विदेशी खिलाड़ियों के लिए रखी गई हैं। पिछले साल की तरह इस बार भी यूपी वॉरियर्स सबसे ज्यादा 3.65 करोड़ रुपये की रकम के साथ खिलाड़ियों की नीलामी में उतरेगी। 28 अक्टूबर को कोच्चि में होने वाली नीलामी से पहले मुंबई इंडियंस और यूपी वॉरियर्स के पास अपनी टीम में सबसे ज्यादा खाली जगहें हैं। ऐसे में दोनों टीमों को नए खिलाड़ियों को शामिल करने और अपनी टीम मजबूत करने के ज्यादा मौके मिलेंगे।

किस टीम के पास कितनी जगह है खाली

गुजरात जायंट्स के पास नीलामी में खिलाड़ियों को शामिल करने के लिए सबसे कम तीन जगहें खाली हैं। इनमें एक जगह विदेशी खिलाड़ी के लिए है। टीम ने पांच विदेशी खिलाड़ियों समेत कुल 15 खिलाड़ियों को अपने साथ बनाए रखा है और उसके पास खर्च करने के लिए 1.25 करोड़ रुपये बचे हैं। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और यूपी वॉरियर्स ऐसी दो टीमें हैं, जिनके पास विदेशी खिलाड़ियों को शामिल करने के लिए दो-दो जगहें खाली हैं। महिला प्रीमियर लीग का पांचवां सीजन 14 जनवरी से 7 फरवरी 2027 तक खेला जाएगा।