IND vs NZ: भुवनेश्वर कुमार के बाद अब टीम में होगी शमी की वापसी? इस दिग्गज खिलाड़ी ने रखी मांग

न्यूजीलैंड के खिलाफ अक्टूबर-नवंबर 2026 में होने वाले टी20 मुकाबले के लिए टीम का ऐलान हो गया है। वहीं इस बार टीम में करीब चार साल बाद तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की भारतीय टीम में वापसी हुई है। भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की लगातार दो खिताबी जीत में अहम योगदान दिया। इसी बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर भुवनेश्वर ने एक बार फिर टीम इंडिया में जगह बनाई है। वहीं भुवनेश्वर के टीम में वापसी के बाद से अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के भी टीम इंडिया में लौटने की उम्मीद बढ़ गई है।

शमी ने आखिरी बार मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत के लिए मैच खेला था। अब पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज और बंगाल के पूर्व खिलाड़ी लक्ष्मी रतन शुक्ला ने शमी का समर्थन करते हुए उनकी वापसी की उम्मीद जताई है।

नेशनल टीम में होगी शमी की वापसी?

बंगाल के मौजूदा कोच लक्ष्मी रतन शुक्ला ने एक बार फिर मोहम्मद शमी की मेहनत और टीम के प्रति उनके समर्पण की तारीफ की। रतन शुक्ला ने न्यूज एजेंसी PTI से कहा, “शमी इस सीजन में बंगाल के लिए खेल रहे हैं और जिस तरह से वह गेंदबाजी कर रहे हैं, वह किसी युवा खिलाड़ी से कम नहीं लगते। मुझे उम्मीद है कि वह एक बार फिर भारत के लिए खेलेंगे और टीम इंडिया के लिए खेलते हुए ही अपने करियर का अंत करेंगे। शमी विश्व क्रिकेट के महान तेज गेंदबाजों में से एक हैं और वह भारतीय टीम में वापसी के हकदार हैं।”

भारत के लिए खेलना चाहते हैं

शमी की लगातार मेहनत के पीछे एक बड़ी वजह भारतीय चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचना और टीम इंडिया में दोबारा जगह बनाना है। शुक्ला ने कहा, “वह अभी भी भारत के लिए खेलना चाहते हैं। लेकिन इसके अलावा, आपने कितने गेंदबाजों को राज्य की टीम के लिए इस स्तर का समर्पण दिखाते हुए देखा है? मैं उन्हें उस समय से जानता हूं, जब वह सिर्फ नेट गेंदबाज हुआ करते थे। उन्होंने मेरी कप्तानी में बंगाल के लिए अपना डेब्यू किया था।”

उन्होंने आगे कहा, “आज वह एक शानदार खिलाड़ी के साथ-साथ एक अच्छे इंसान भी बन चुके हैं। वह ड्रेसिंग रूम में सभी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते रहते हैं। वह हमारे भाई जैसे हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि वह इस सीजन में अच्छा प्रदर्शन करेंगे और एक बार फिर भारत के लिए खेलेंगे।”

शमी का रिकॉर्ड

भारत के लिए 64 टेस्ट, 108 वनडे और 25 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके मोहम्मद शमी ने टीम में वापसी की उम्मीद अब भी कायम रखी है। 2026 दलीप ट्रॉफी फाइनल के बाद उन्होंने कहा था कि, “खिलाड़ी को खुद को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा प्रेरित रहना चाहिए। उनके मुताबिक, इस स्तर पर खेलने वाले खिलाड़ी के अंदर खुद आगे बढ़ने की इच्छा होनी चाहिए और वह जिस भी स्तर पर खेल रहा हो, उसकी नजर हमेशा अगले मुकाम पर होनी चाहिए।”

Mohammed Shami: विराट-अनुष्का के मंदिर जाने पर उठे सवाल! मोहम्मद शमी ने दिया दो टूक जवाब

भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी पिछले काफी समय से इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर है। मोहम्मद शमी इन दिनों घरेलू क्रिकेट में खेल रहे हैं। वहीं हाल ही में तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी एक इंटरव्यू में शामिल हुए हैं। इस इंटरव्यू में उन्होंने विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के आध्यात्मिक यात्रा के बारे में खुलकर बात कही है। उन्होंने कहा कि, अगर दोनों अपनी आस्था के अनुसार मंदिर या किसी आध्यात्मिक जगह पर जाते हैं, तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है। अक्सर सोशल मीडिया पर ऐसा कहा जाता है कि अनुष्का ने विराट को आध्यात्मिक बनाया है। वहीं इस पर शमी ने साफ कहा कि यह दोनों का निजी मामला है और इससे किसी दूसरे को परेशानी नहीं होनी चाहिए।

विराट कोहली और अनुष्का शर्मा अक्सर वृंदावन जाकर आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज से मुलाकात करते हैं। हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खत्म होने के बाद भी दोनों उनके दर्शन के लिए पहुंचे थे। कपल अपने बच्चों वामिका और अकाय को भी कई धार्मिक स्थलों और मंदिरों में लेकर जाते हैं।

शमी ने क्या कहा

मोहम्मद शमी ने टाइम्स नाउ नवभारत को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि इसमें कुछ भी नया नहीं है। उनके मुताबिक, विराट कोहली हमेशा से अपने धर्म और आस्था को गंभीरता से लेते रहे हैं। शमी ने कहा, “ये अच्छी बात है। ये अचानक नहीं हुआ है। विराट अपने विश्वास को लेकर हमेशा से बेहद गंभीर रहे हैं। जिस चीज में उनका भरोसा होता है, उसे पूरा समय देते हैं और पूरी ईमानदारी व अनुशासन के साथ उसका पालन करते हैं।”

विराट काफी डिसिप्लिन में रहते हैं

शमी ने आगे कहा कि विराट कोहली अपने जीवन में हर काम को बेहद व्यवस्थित तरीके से करते हैं। उन्होंने बताया कि कोहली अपने होटल के कमरे तक को पूरी तरह सलीके से रखते हैं, जिससे उनकी डिसिप्लिन और ऑर्गनाइज्ड लाइफस्टाइल साफ दिखाई देती है। शमी ने कहा, “जहां तक महाराज की बात है, मुझे नहीं लगता कि किसी को उंगली उठाने या ऑब्जेक्शन उठाने की ज़रूरत है। अगर आप किसी चीज़ में विश्वास करते हैं, तो आपको उसे प्रायोरिटी भी देनी चाहिए।” उन्होंने आगे कहा, “अगर वे पति-पत्नी ऐसा करते हैं, तो इससे किसी को क्या परेशानी होनी चाहिए? मुझे समझ नहीं आता कि लोग इस पर सवाल क्यों उठाते हैं।”

विराट का प्रदर्शन

हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में विराट कोहली ने शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि भारत यह सीरीज 1-2 से हार गया, लेकिन कोहली ने तीन मैचों में 144 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 48.00 और स्ट्राइक रेट 109.09 रहा, जबकि उन्होंने दो अर्धशतक भी लगाए। अब विराट कोहली 27 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में फिर से मैदान पर नजर आएंगे। क्रिकेट प्रेमी बेसब्री से इस टूर्नामेंट के शुरु होने का इंतजार कर रहे हैं।