शादी से इनकार करने पर सिरफिरे आशिक ने छात्रा पर किया हमला, चाकू और कट्टे से घायल छात्रा अस्पताल में

मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा में एक 18 साल की छात्रा के लिए एक युवक का शादी का प्रस्ताव ठुकराना जानलेवा साबित हुआ। इससे नाराज युवक ने कॉलेज कैंपस में छात्रा पर चाकू और कट्टे से हमला कर दिया। इस हमले में छात्रा और उसकी सहेती बुरी तरह घायल हो गए। दोनों को नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया, जहां वे खतरे से बाहर बताई जा रही हैं। कॉलेज परिसर में मौजूद छात्रों ने आरोपी को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है।

घटना वीर बलिदानी खाज्या नायक स्नातकोत्तर महाविद्यालय की है। कॉलेज प्राचार्य ज्ञान सिंह वास्कले ने बताया कि घटना के समय परिसर में करीब 500 विद्यार्थी मौजूद थे। घटना के तत्काल बाद पुलिस और छात्रा के माता-पिता को सूचना दी गई। प्राचार्य ने बताया कि जिस विज्ञान भवन के सामने घटना हुई, वहां लगे सीसीटीवी कैमरे फिलहाल काम नहीं कर रहे हैं।

कट्टा नहीं चला, तो चाकू से किए ताबड़तोड़ वार

सेंधवा एसडीओपी अजय वाघमारे के मुताबिक बीए प्रथम वर्ष की छात्रा संगीता सेनानी (बदला हुआ नाम) हिंदी विषय की परीक्षा देकर अपनी सहेलियों के साथ कॉलेज से बाहर निकल रही थी। विज्ञान भवन के सामने पहुंचने पर बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र गणेश ठाकुर ने कथित तौर पर उस पर पिस्टल तानकर फायर करने की कोशिश की। पिस्टल नहीं चलने पर उसने चाकू से संगीता की गर्दन के नीचे वार कर दिया। हमले में छात्रा घायल होकर बेहोश हो गई। मौके पर मौजूद छात्रों ने आरोपी को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर सेंधवा शहर थाना पुलिस कॉलेज पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

हमले में घायल हुई पीड़िता की सहेली

अचानक हुए हमले से कॉलेज परिसर में अफरातफरी मच गई। हमले के बाद संगीता मौके पर ही बेहोश हो गई। घटना देखकर उसकी सहेली रोशनी भी बेहोश हो गई। घायल संगीता को तत्काल सिविल अस्पताल सेंधवा ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। एसडीओपी के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।

पीड़िता की किसी और से सगाई पर नाराज था गणेश

पुलिस के मुताबिक गणेश और संगीता पहले से एक-दूसरे को जानते थे। गणेश कथित तौर पर संगीता से शादी करना चाहता था। कुछ दिन पहले संगीता की किसी अन्य युवक से सगाई हो गई थी। इसके बाद से गणेश नाराज था। एसडीओपी ने बताया कि आरोपी पिछले करीब 15 दिनों से संगीता को कथित तौर पर धमका रहा था और कह रहा था कि वह उसकी शादी किसी अन्य युवक से नहीं होने देगा।

देसी पिस्टल और चाकू जब्त किया

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्टल और चाकू जब्त किया है। पुलिस घटना में इस्तेमाल हथियारों के स्रोत और आरोपी द्वारा छात्रा को पूर्व में दी गई कथित धमकियों की भी जांच कर रही है। छात्र और छात्रा दोनों आदिवासी समुदाय से हैं।