Grok से भारत के नियम पूछ रहा था आयरिश शख्स, वायरल हुई बातचीत तो Elon Musk ने भी दे दिया जवाब

आयरलैंड से भारत पहुंचे एक शख्स ने देश में बसने को लेकर AI चैटबॉट Grok से ऐसे सवाल पूछ दिए कि सोशल मीडिया पर पूरी चर्चा छिड़ गई। पार्टनर और दो बच्चों के साथ कोलकाता पहुंचे इस व्यक्ति ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उसे भारत इतना पसंद आया कि अब वह यहीं रहने का मन बना रहा है।

इसके बाद उसने Grok से भारतीय नागरिकता, सरकारी आर्थिक मदद और भारत में घर खरीदने जैसे सवाल पूछे। देखते ही देखते सवाल-जवाब का यह सिलसिला X पर वायरल हो गया।

‘मुझे भारत इतना पसंद आया कि यहीं रुक रहा हूं’

कोलकाता पहुंचने के बाद शख्स ने X पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि वह भारत आ चुका है और उसे यहां इतना अच्छा लग रहा है कि उसने यहीं रहने का फैसला कर लिया है। इसके बाद उसका अगला सवाल सीधा भारतीय नागरिकता को लेकर था। उसने Grok से पूछा कि आखिर उसे भारतीय नागरिक बनने में कितना समय लगेगा।

नागरिकता के लिए कितने साल रहना होगा?

Grok ने उसे बताया कि प्राकृतिककरण के जरिए भारतीय नागरिकता हासिल करने के लिए आम तौर पर लंबे समय तक भारत में कानूनी रूप से रहना जरूरी होता है। AI चैटबॉट के मुताबिक, आवेदन से पहले पिछले 14 वर्षों में 11 साल भारत में निवास और आवेदन से ठीक पहले लगातार एक साल भारत में रहना जैसी शर्तें लागू होती हैं। जवाब का एक और हिस्सा उसके लिए शायद ज्यादा चौंकाने वाला था भारत दोहरी नागरिकता की अनुमति नहीं देता। यानी भारतीय नागरिकता लेने की स्थिति में उसे अपनी आयरिश नागरिकता छोड़नी पड़ सकती है।

फिर आया सबसे दिलचस्प सवाल

नागरिकता के बाद शख्स ने Grok से पूछा कि जब तक वह और उसका परिवार नौकरी तलाश रहे होंगे, तब तक भारतीय सरकार उन्हें कितनी आर्थिक मदद देगी। Grok का जवाब था कि नए आने वाले विदेशी नागरिकों के लिए भारत में ऐसी कोई सामान्य नकद बेरोजगारी सहायता नहीं है, जिस पर वे सिर्फ देश में पहुंचने के आधार पर दावा कर सकें। यानी परिवार को अपनी आर्थिक जरूरतों का इंतजाम खुद करना होगा।

अब सवाल घर खरीदने का था

इसके बाद बातचीत और दिलचस्प हो गई। शख्स ने पूछा कि अगर उसके पास पैसे हों तो क्या वह भारत में घर खरीद सकता है। उसने एक काल्पनिक स्थिति भी रखी कि अगर उसने कैसीनो में 1 लाख यूरो जीते हों और उसके पास वह रकम हो, तो क्या उससे भारत में प्रॉपर्टी खरीदी जा सकती है।

Grok ने समझाया कि सिर्फ पैसे होना पर्याप्त नहीं है। भारत में विदेशी नागरिक के लिए प्रॉपर्टी खरीदने के नियम उसकी इमिग्रेशन और रेजिडेंसी स्थिति पर निर्भर करते हैं।

सोशल मीडिया पर लोगों ने खूब लिए मजे

पूरी बातचीत सामने आने के बाद X पर यूजर्स ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। किसी को यह सवाल-जवाब बेहद मजेदार लगा, तो कुछ लोगों ने भारतीय नियमों को लेकर अपनी राय साझा की। एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि भारत में नागरिकता के लिए लंबा इंतजार करना होगा और यहां कल्याणकारी योजनाएं भी नए आने वालों के लिए आसानी से उपलब्ध नहीं हैं।

Elon Musk भी खुद को रोक नहीं पाए

यह वायरल चर्चा तब और दिलचस्प हो गई जब इसे X यूजर Peter St Onge ने शेयर किया। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को मजेदार बताया। पोस्ट पर ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सिर्फ तीन शब्दों में लिखा—“India is realistic.” Musk की इस छोटी-सी प्रतिक्रिया के बाद पोस्ट को और ज्यादा लोगों का ध्यान मिला।

एक मजाकिया सवाल-जवाब ने छेड़ दी बड़ी चर्चा

दरअसल, यह पूरा मामला सिर्फ एक विदेशी परिवार के भारत में बसने की इच्छा तक सीमित नहीं रहा। नागरिकता, सरकारी सहायता और प्रॉपर्टी खरीदने जैसे सवालों ने सोशल मीडिया पर भारत के नियमों को लेकर भी चर्चा शुरू कर दी।

The Ocean Cleanup के CEO के ऑफर के बाद बिट्टू तबाही ने की बातचीत, अब बताया क्या है अगला मिशन

विदेशों में लहराया भारत का परचम, अब अपनी ही नागरिकता साबित करने के पड़े लाले! पूर्व राजदूत नवदीप सूरी के साथ क्या हुआ?

स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया को लेकर अब तक कई लोग सवाल उठा चुके हैं। वहीं अब एसआईआर पर भारत के पूर्व राजदूत नवदीप सूरी ने चिंता जताई है। कई देशों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके सूरी ने बताया कि उन्हें भी अपनी भारतीय नागरिकता साबित करने के लिए अतिरिक्त दस्तावेज देने पड़ रहे हैं। सूरी पंजाब में वोटर लिस्ट की जांच और अपडेट के लिए चल रही SIR प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए है। नवदीप सूरी यूएई व मिस्र में भारत के राजदूत के साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया में उच्चायुक्त की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

उन्होंने पंजाब में चल रही SIR प्रक्रिया के दौरान अपने अनुभव सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया है। सूरी ने कई पोस्ट के जरिए बताया कि वोटर लिस्ट के सत्यापन के दौरान उन्हें किन परेशानियों और प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ा।

नवदीप सूरी ने बताई अपनी परेशानी

नवदीप सूरी ने बताया कि, SIR के दौरान उन्होंने अपने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क कर वोटर आईडी और आधार कार्ड जमा किए थे। उस समय उन्हें बताया गया कि उनके दस्तावेज और दी गई जानकारी सही है। लेकिन, कुछ समय बाद एक वॉलंटियर ने उन्हें संदेश भेजकर बताया कि उनकी कुछ जानकारी साल 2003 की पुरानी वोटर लिस्ट के रिकॉर्ड से मेल नहीं खा रही है। इसके बाद सूरी ने इस मामले को समझने और आगे की प्रक्रिया जानने के लिए BLO से दोबारा संपर्क किया।

नोटिस जारी कर फिर बुलाया

सूरी के अनुसार, इसके बाद उन्हें एक नोटिस लेने के लिए फिर से बुलाया गया। वहां उनसे ऐसे कागजात जमा करने को कहा गया, जिनसे उनकी भारतीय नागरिकता की पुष्टि हो सके। इस मांग को लेकर उन्होंने SIR की पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब पूर्व राजनयिक को भी नागरिकता साबित करने में दिक्कत हो रही है, तो आम लोगों के लिए यह प्रक्रिया कितनी मुश्किल होगी। उन्होंने चुनाव आयोग से सफाई मांगी।

बताया क्यों नहीं है रिकॉर्ड

सूरी ने बताया कि, साल 2003 में वह भारत से बाहर तैनात थे, इसलिए उस समय के पुराने मतदाता रिकॉर्ड से उनका डिटेल्स नहीं मिल पाया। अधिकारियों ने उनसे भारतीय नागरिकता साबित करने के लिए पासपोर्ट दिखाने को कहा। उन्होंने कहा कि उनके पास वोटर आईडी और आधार के अलावा भी कई जरूरी डॉक्युमेंट मौजूद हैं, जिससे वह अपनी नागरिकता साबित कर सकते हैं। सूरी की इस बात से SIR के दौरान पुराने रिकॉर्ड और मौजूदा दस्तावेजों के मिलान को लेकर चल रही चर्चा और बढ़ सकती है।

क्या है SIR

स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची की गहन जांच और उसे अपडेट करने की प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वोटर लिस्ट में केवल योग्य मतदाताओं के नाम ही दर्ज रहें। यह प्रक्रिया जून 2025 में बिहार से शुरू हुई थी, जहां सत्यापन के दौरान मृत लोगों समेत कई नाम मतदाता सूची से हटाए गए। इसके बाद पश्चिम बंगाल में भी चुनाव से पहले मतदाता रिकॉर्ड की जांच और सुधार का काम किया गया। SIR के दौरान अगर किसी मतदाता का नाम 2002 या 2003 की पुरानी वोटर लिस्ट में नहीं मिलता है, तो उससे अतिरिक्त दस्तावेज मांगे जा सकते हैं। ऐसे लोगों को पुराने मतदाता रिकॉर्ड से अपना या अपने परिवार का संबंध साबित करने के लिए जरूरी कागजात देने पड़ सकते हैं।