इजराइल के कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने राजनीतिक विरोधी गादी आइजनकोट से मिलकर सरकार बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सभी प्रमुख दलों का एक साथ आना जरूरी है। नेतन्याहू की अपील के कुछ ही मिनट बाद आइजनकोट ने इसे खारिज कर दिया। आइजनकोट पूर्व सेना प्रमुख हैं। राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने पिछले हफ्ते उन्हें नई सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। उन्हें इसके लिए 28 दिन मिले हैं। जरूरत पड़ने पर 14 दिन का अतिरिक्त समय भी मिल सकता है। नेतन्याहू बोले- बिना शर्त बातचीत के लिए तैयार नेतन्याहू ने शनिवार को एक वीडियो संदेश जारी किया। इसमें उन्होंने बताया कि गुरुवार को आइजनकोट से मुलाकात के बाद उन्हें एकता सरकार बनाने की जरूरत और ज्यादा महसूस हुई। उन्होंने कहा, ‘आइए, बिना किसी शर्त के एक कमरे में बैठकर बात करते हैं।’ नेतन्याहू के मुताबिक, ऐसी सरकार ईरान के खतरे को हमेशा के लिए खत्म कर सकती है। उन्होंने दावा किया कि ईरान इजराइल पर परमाणु हमला करने से भी पीछे नहीं हटेगा चुनावी नतीजों में किसी को नहीं मिला बहुमत इजराइल में 27 अक्टूबर को हुए चुनाव में किसी भी दल या गठबंधन को सरकार बनाने लायक सीटें नहीं मिलीं। 120 सदस्यों वाली संसद नेसेट में नेतन्याहू के गठबंधन को 53 सीटें मिलीं। आइजनकोट के चार दलों वाले गठबंधन को 48 सीटें मिलीं। अरब दलों ने 19 सीटें जीतीं। चुनाव के बाद राष्ट्रपति ने सांसदों से पूछा कि वे किसे प्रधानमंत्री बनते देखना चाहते हैं। 67 सांसदों ने आइजनकोट का समर्थन किया, जबकि 46 सांसद नेतन्याहू के साथ थे। इसी आधार पर आइजनकोट को सरकार बनाने का पहला मौका मिला। अल्पमत में भी सरकार बनाना चाहते हैं आइजनकोट आइजनकोट का प्लान है कि उनके गठबंधन के 48 सांसद सरकार के पक्ष में वोट करें और नेतन्याहू के 46 सांसद विरोध में। बाकी 26 सांसद वोटिंग से दूर रहें। इनमें अरब और अति-रूढ़िवादी दलों के सदस्य शामिल हैं। इस तरह विरोध में वोट डालने वालों से ज्यादा समर्थन मिलने पर उनकी सरकार बन सकती है। आइजनकोट ने साफ किया है कि वे अरब दलों को अपनी सरकार में शामिल नहीं करेंगे। हालांकि, वे चाहते हैं कि ये दल वोटिंग में हिस्सा न लें। कट्टरपंथी नेताओं को लेकर भी मतभेद नेतन्याहू चाहते हैं कि एकता सरकार में मध्यपंथी और दक्षिणपंथी यहूदी दल शामिल हों, लेकिन अरब दलों को बाहर रखा जाए। उनके सहयोगियों ने आरोप लगाया है कि अरब दलों ने चुनाव ‘चुराया’ है। इस आरोप के समर्थन में कोई ठोस सबूत नहीं दिया गया है। आइजेनकोट ने शुक्रवार को नेतन्याहू पर अरब दलों के खिलाफ नस्लवादी अभियान चलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वे नेतन्याहू की लिकुड पार्टी और बेजालेल स्मोट्रिच की धार्मिक जायोनिज्म पार्टी के नेताओं के साथ सरकार बना सकते हैं। लेकिन इसके लिए उन्हें एकता की बात पर ईमानदारी दिखानी होगी। आइजेनकोट सरकार में कट्टरपंथी नेताओं को शामिल नहीं करना चाहते। इनमें दक्षिणपंथी मंत्री इतामार बेन-गविर के समर्थक भी शामिल हैं। मंगलवार को होगा संसद के स्पीकर का चुनाव इजराइल की संसद नेसेट मंगलवार को अपना नया स्पीकर चुनेगी। फिलहाल यह पद नेतन्याहू के सहयोगी आमिर ओहाना के पास है। विपक्ष ने उनकी जगह पूर्व सैन्य अधिकारी मटन कहाना को उम्मीदवार बनाया है। यह चुनाव भी नई सरकार बनाने की कोशिशों के लिहाज से अहम होगा।
Latest News

