MP Raid: सरकारी अफसर या धनकुबेर का खजाना! 3.5 करोड़ का सोना, लाखों की चांदी, गाड़ियां और कैश देख उड़ जाएंगे होश

MP Lokayukta Raid: मध्य प्रदेश में लोकायुक्त की छापेमारी में वन विभाग के एक बड़े अधिकारी की अकूत संपत्ति का खुलासा हुआ है। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर संजीव कुमार शर्मा के राजधानी भोपाल स्थित घर पर जब लोकायुक्त की टीम पहुंची तो वहां सोना, चांदी, लाखों रुपये कैश, महंगी गाड़ियां और कीमती घरेलू सामान देखकर अधिकारियों को होश उड़ गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अधिकारी के घर से करीब 3.5 करोड़ रुपये का सोना बरामद हुआ है।

इस कार्रवाई के बाद वन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। लोकायुक्त की टीम अधिकारी की संपत्तियों, निवेश और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। पचमढ़ी में तैनात एसडीओ संजीव शर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।

अधिकारी के घर से निकला करोड़ों का खजाना

मध्य प्रदेश लोकायुक्त की स्पेशल पुलिस एस्टेब्लिशमेंट ने शनिवार (14 नवंबर) को भोपाल की प्रोफेसर कॉलोनी स्थित संजीव कुमार शर्मा के आवास पर छापेमारी की। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों से जुड़े मामले में की गई। लोकायुक्त की टीम ने अधिकारी के घर के अलावा उनसे जुड़े अन्य ठिकानों पर भी एक साथ तलाशी अभियान चलाया।

NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, तलाशी के दौरान अधिकारियों को 26 लाख 36 हजार 800 रुपये कैश मिले। इसके अलावा 2.528 किलोग्राम सोना बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपये बताई गई है। वहीं, 1.656 किलोग्राम चांदी भी मिली, जिसकी कीमत लगभग 2.94 लाख रुपये आंकी गई है।

4 गाड़ियां भी मिलीं, 50 लाख का घरेलू सामान

लोकायुक्त की कार्रवाई में सिर्फ सोना-चांदी और कैश ही नहीं, बल्कि कई महंगी गाड़ियां भी सामने आई हैं। रिपोर्ट के अनुसार, तलाशी के दौरान चार वाहन मिले हैं। इनमें एक स्कॉर्पियो, एक महिंद्रा KUV, एक रॉयल एनफील्ड बुलेट और एक स्कूटर शामिल है। इन गाड़ियों की कुल अनुमानित कीमत करीब 31.2 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा अधिकारी के घर से लगभग 50 लाख रुपये कीमत का घरेलू सामान भी मिलने का दावा किया गया है। लोकायुक्त की टीम संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज, बैंकिंग लेनदेन, निवेश और अन्य फाइनेंशियल रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

आय से अधिक संपत्ति के आरोपों पर जांच

लोकायुक्त को संजीव कुमार शर्मा के खिलाफ आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। इसी शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जांच एजेंसी अब अधिकारी की घोषित आय, सैलरी, निवेश और संपत्तियों का मिलान कर रही है। इसका मकसद यह पता लगाना है कि बरामद नकदी, सोना-चांदी, गाड़ियां और अन्य संपत्तियां उनकी वैध कमाई के अनुपात में हैं या नहीं।

MP में पहले भी सामने आया था आय से अधिक संपत्ति का मामला

एमपी में लोकायुक्त पुलिस ने हाल ही में एक अन्य मामले में भी बड़ी कार्रवाई की थी। 4 नवंबर को धार जिले के नालछा में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के मैनेजर शेर सिंह ठाकुर से जुड़े तीन ठिकानों पर छापेमारी की गई थी। यह कार्रवाई शिकायत के आधार पर की गई थी। लोकायुक्त इंस्पेक्टर आशुतोष मिथास के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया कि ठाकुर की करीब 20 साल की नौकरी के दौरान अनुमानित सैलरी लगभग 65 लाख रुपये था। जबकि इस अवधि में उन्होंने अपने और अपनी पत्नी के नाम पर करीब 2.41 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी खरीदी थीं।

छापेमारी में मकान, जमीन और मशीनरी का भी खुलासा

शेर सिंह ठाकुर से जुड़े ठिकानों पर तलाशी के दौरान कई महंगी प्रॉपर्टी की जानकारी सामने आई थी। इनमें करीब 2,400 वर्ग फीट का दो मंजिला मकान, 1,350 वर्ग फीट की कमर्शियल बिल्डिंग और अलग-अलग स्थानों पर 3.17 हेक्टेयर कृषि लायक जमीन शामिल थी। इसके अलावा एक अर्थ मूविंग मशीन और कई गाड़ियां भी मिले थे। जांच के दौरान एक अन्य कथित बेनामी इमारत की जानकारी भी सामने आई, जिसका सत्यापन किया जा रहा था। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था। उसके बाद से इस मामले पर पहले से ही अधिकारियों की नजर बनी हुई थी।

ये भी पढ़ें- Lalit Modi: भारत से ब्रिटेन तक का सफर! IPL के जनक ललित मोदी ने ली ब्रिटिश नागरिकता, FEMA केस में मिली थी राहत