Imtiaz Ali: आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’, जिसमें रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं, पिछले साल दिसंबर में रिलीज हुई और बॉक्स ऑफिस पर छा गई। इसके बाद मार्च में इसका सीक्वल ‘धुरंधर द रिवेंज’ आया। इन दोनों फिल्मों ने मिलकर इतिहास रच दिया। यह पहली ऐसी भारतीय फिल्म फ्रैंचाइजी बन गई जिसने ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर 3,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया।
हाल ही में एक बातचीत के दौरान इम्तियाज अली ने ‘धुरंधर’ का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे कोई फिल्म इंडस्ट्री की उम्मीदों को झुठलाते हुए सफल हो सकती है। उन्होंने कहा कि भले ही पहले उसे सफल होने के लायक न माना गया हो। उन्होंने याद करते हुए बताया कि रिलीज से पहले बॉलीवुड में कई लोगों को यह फिल्म ‘अव्यावहारिक’ (impractical) लगी थी और उन्हें नहीं लगा था कि यह सफल हो पाएगी, खासकर इसकी लंबी अवधि को देखते हुए। हालांकि यह फिल्म एक बहुत बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हुई।
लोगों को फिल्म पर था शक
24वें हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट में बोलते हुए इम्तियाज़ अली ने कहा- “मुझे लगता है कि फिल्म इंडस्ट्री में कुछ बहुत दिलचस्प हो रहा है। हम एक ऐसे दौर से गुज़र रहे हैं जहां लोग कह रहे हैं कि कुछ भी काम नहीं कर रहा है। क्या हमें बड़े स्टार के साथ जाना चाहिए या बिना स्टार के… आखिर क्या काम करेगा?
लोग कहते हैं कि दर्शकों का ध्यान टिके रहने का समय (attention span) कम हो गया है, लेकिन जो फिल्में अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं, वे तीन घंटे लंबी हैं। कहा जाता है कि लंबी फिल्में नहीं चलतीं। लोग ‘धुरंधर’ का उदाहरण देते हैं कि यह सफल रही, लेकिन जरा उस फिल्म की लंबाई तो देखिए!”
उन्होंने याद किया कि कैसे लोग ‘धुरंधर’ पर शक कर रहे थे और इसे सबसे अव्यावहारिक फिल्म बता रहे थे। उन्होंने आगे कहा- “लोग यह भूल जाते हैं कि जब ‘धुरंधर’ का विचार आया था और इसे अलग-अलग स्टूडियो में ले जाया जा रहा था, तब लोगों को लगा था कि यह सबसे अव्यावहारिक फिल्म है, जिसके सफल होने की संभावना सबसे कम है! लेकिन इसने सारे नियम तोड़ दिए और अब हर कोई ऐसी ही फिल्म बनाना चाहता है। हम सभी सोच रहे हैं कि आखिर क्या काम करेगा। हो सकता है कि भाषा बदल जाए, लेकिन मुझे लगता है कि फिल्म इंडस्ट्री अभी आत्म-मंथन (introspection) के दौर से गुजर रही है।”

