हूती हमले के बाद सऊदी अरब में फंसे मध्य प्रदेश के यात्री, वीडियो जारी कर सरकार से लगाई मदद की गुहार

हूती हमले के बाद सऊदी अरब में फंसे मध्य प्रदेश के यात्री, वीडियो जारी कर सरकार से लगाई मदद की गुहार

भोपाल। सऊदी अरब पर हूती हमले के बाद उड़ानें रद्द होने से मध्य प्रदेश के कई जिलों के यात्री खाड़ी देशों में फंस गए हैं। उमरा करने के लिए सऊदी अरब गए यात्रियों ने वीडियो जारी कर केंद्र सरकार से मदद की गुहार लगाई है। यात्रियों ने सरकार से स्पेशल विमान चलाकर उन्हें सुरक्षित भारत वापस लाने की अपील की है।

 

यात्रियों के मुताबिक मध्य प्रदेश के करीब 300 लोग खाड़ी देशों में फंसे हुए हैं। इनमें भोपाल, इंदौर, सीहोर और शुजालपुर समेत प्रदेश के कई जिलों के लोग शामिल हैं, जो धार्मिक यात्रा यानी उमरा के लिए सऊदी अरब गए थे। फंसे यात्रियों का आरोप है कि एयरलाइंस ने उनकी टिकटें रद्द कर दीं, लेकिन उनके लिए आगे की यात्रा या ठहरने की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की। यात्रियों का कहना है कि अगर एयरलाइन टिकट रद्द करती है, तो यात्रियों के रहने और उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की जानी चाहिए।

 

यात्रियों के अनुसार, दूसरी एयरलाइंस से टिकट लेने पर सामान्य किराए से चार से पांच गुना अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है। ऐसे में सभी यात्रियों के लिए तत्काल दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था करना मुश्किल हो रहा है। मुश्किलों का सामना कर रहे यात्रियों ने केंद्र सरकार से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकार विशेष विमान की व्यवस्था करे, ताकि वे जल्द से जल्द सुरक्षित अपने देश लौट सकें।

 

यात्रियों ने वीडियो के माध्यम से अपनी परेशानी साझा करते हुए कहा है कि उन्हें भारत वापस लाने के लिए सरकार तत्काल कदम उठाए। अब सभी की निगाहें सरकार की ओर हैं कि फंसे हुए यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए क्या व्यवस्था की जाती है।