300 Alert ! ऑकलैंड का स्टेडियम है इंदौर जैसा छोटा, रिकॉर्ड 40 हजार टिकट बिके

INDvsNZ अभी तक भारतीय टीम न्यूजीलैंड के बड़े मैदानों पर खेल रही थी जिनकी औसत बाउंड्री 72 मीटर तक की थी। हैमिलटन के बाद वैलिंगटन भी उतना ही बड़ा मैदान था। लेकिन एक बाउंड्री 56 मीटर की थी। ऑकलैंड में माना जा रहा है कि यह इंदौर के होलकर स्टेडियम जितना छोटा मैदान है।

ऐसे में पहले 3 मैचों में विस्फोटक बल्लेबाजी करने वाली भारतीय टीम से फैंस को उम्मीद है सबसे छोटे प्रारुप में 300 का आंकड़ा शुक्रवार को पार हो सकता है। पिछले मैच में भारतीय सलामी बल्लेबाजों ने पहले 6 ओवरों में ही रिकॉर्ड 118 रन बना लिए थे। यह आंकड़ा ऑकलैंड में पार हो सकता है।

रिकॉर्ड 40 हजार टिकट बिके
भले ही भारत बनाम न्यूजीलैंड की टी-20 सीरीज को भारत ने पहले 3 मैच जीतकर कब्ज में ले लिया हो लेकिन भारत की विस्फोटक बल्लेबाजी देखने के लिए रिकॉर्ड 40 हजार टिकट बिक चुके हैं। यह वित्तीय संकटों से गुजर रही न्यूजीलैंड क्रिकेट के लिए एक बड़ी संजीवनी है। इस छोटे स्टेडियम में मेजबान टीम को मेहमान टीम की तूफानी बल्लेबाजी रोकने की चुनौती रहेगी।

क्या बदलाव कर सकता है भारत

चौथे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत की ओर से कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। भारत चाहेगा की नीतिश कुमार रेड्डी को एकदिवसीय सीरीज से पहले थोड़ा आराम मिल जाए क्योंकि पहला एकदिवसीय मैच भी ऑकलैंड में ही है। उनकी जगह टीम शिवम दुबे को मौका दे सकती है।

इसके अलावा नमनधीर को भी आराम दिया जा सकता है ताकि वह एकदिवसीय सीरीज के लिए तैयार रहें। बैंच पर बैठे वरुण चक्रवर्ती या कुलदीप यादव को दौरे का पहला मैच मिल सकता है।

12 ओवर में 139 रन दे चुके 4 साल बाद टी-20 में वापसी कर रहे भुवनेश्वर कुमार की जगह मयंक यादव खेल सकते हैं, लेकिन इसकी संभावना कम दिख रही है।

न्यूजीलैंड के लिए बल्लेबाजी से लेकर गेंदबाजी तक का सिरदर्द

न्यूजीलैंड के लिए  भारत के खिलाफ बल्लेबाजी से लेकर गेंदबाजी तक का सिरदर्द है। टीम के पास विकल्पों की कितनी कमी है इसका अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि बेहद खराब फॉर्म से जूझ रहे टिम सिफर्ट को टीम इस कारण बाहर नहीं कर सकती क्योंकि वह टीम के इकलौेते कीपर है।

टीम ने किसी भी मोड़ पर बल्लेबाजी क्रम में बदलाव नहीं किया है यह कप्तानी में लचीलेपन की कमी भी दर्शाता है। ग्लेन फिलिप्स और बेवॉन जैकब्स ने ही मिलकर कीवियों को जैसे तैसे सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया है।

वहीं टीम की गेंदबाजी सबसे बड़ी समस्या है। जैकब डफी और काइल जैमिसन जैसे गेंदबाज पिट रहे हैं तो युवा गेंदबाजों से क्या ही आस लगाई जाए। अकेले मिचेल सेंटनर बीच के ओवरों में विकेट लेकर अकेला किला लड़ा रहे हैं।

क्या हो सकता है टॉस में?

टॉस भारत जीते या न्यूजीलैंड कल पहले भारत की बल्लेबाजी आ सकती है क्योंकि भारत चाहेगा कुछ मैच टीम को गेंदबाज भी जिताए। अगर कहीं न्यूजीलैंड ने टॉस जीता तो भी वह गेंदबाजी चुनेंगे ताकि भारत की कमजोर कड़ी का फायदा उठाकर सीरीज में खाता खोला जाए।

टीम इस प्रकार हैं:

भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, नमन धीर, तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, मयंक यादव, कुमार कुशाग्र, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव।

न्यूजीलैंड: फिन एलन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), बेवन जैकब्स, डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, डेवोन कॉनवे, मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रैसवेल, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, मैट फिशर, काइल जैमीसन, जैकब डफी, एडम मिल्ने, जोश क्लार्कसन।

 समय:  दोपहर 12:30 बजे

कहां देखें– सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क या सोनी लिव पर