डेब्यू ODI मैच में ही इस बांग्लादेशी गेंदबाज का एक्शन निकला संदिग्ध

बांग्लादेश के ऑफ स्पिनर एलिस अल इस्लाम के गेंदबाजी एक्शन को संदिग्ध बताते हुए शिकायत की गई है। यह शिकायत यहां अफगानिस्तान के खिलाफ उनकी टीम के एकदिवसीय त्रिकोणीय शृंखला के मैच के बाद की गई।बुधवार को 29 वर्षीय एलिस ने इस मुकाबले के साथ अपना एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था। उन्होंने 8.3 ओवर में 47 रन दिए। बांग्लादेश को अफगानिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

मैच अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट में एलिस के गेंदबाजी एक्शन की वैधता को लेकर चिंता जताई। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अवैध गेंदबाजी एक्शन संबंधी नियमों के तहत आईसीसी से मान्यता प्राप्त परीक्षण केंद्र में उनके एक्शन का स्वतंत्र आकलन किया जाएगा।

आईसीसी ने बयान में कहा, ‘‘अफगानिस्तान के खिलाफ हार के बाद मैच अधिकारियों की रिपोर्ट में एलिस के गेंदबाजी एक्शन की वैधता को लेकर चिंता जताई गई है।’’

गेंदबाजों को गेंद डालते समय कोहनी को अधिकतम 15 डिग्री तक मोड़ने की अनुमति होती है। परीक्षण के नतीजे आने तक एलिस मैचों में गेंदबाजी करना जारी रख सकते हैं।एलिस को इस महीने की शुरुआत में श्रीलंका के खिलाफ बांग्लादेश के एशियाई खेलों के मुकाबले के दौरान पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलने का मौका मिला था।

बांग्लादेश को त्रिकोणीय श्रृंखला में अब तक अपने दोनों मुकाबलों में जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। अब जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान के बीच 23 अक्टूबर को फाइनल खेला जाएगा।