
देश में सुरक्षा एजेंसियों को एक बार फिर हिला देने वाली धमकियों का सिलसिला सामने आया है। मुंबई में महानायक अमिताभ बच्चन के बंगले और मशहूर गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। कोलकाता एयरपोर्ट और दिल्ली के तीन प्रतिष्ठित स्कूलों को भी निशाना बनाए जाने के धमकी भरे संदेश मिले हैं। एक ही दिन में एक साथ कई जगहों पर बम की धमकियों से देश की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं और ताबड़तोड़ जांच जारी है।
अमिताभ के बंगले को उड़ाने की धमकी
मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और अन्य अधिकारियों को धमकी भरा ईमेल भेजा गया है। इस ईमेल में अभिनेता अमिताभ बच्चन और गायक दिलजीत दोसांझ का भी नाम लिया गया है। एक ओर जहां बिग बी के बंगले को निशाना बनाने की धमकी दी गई है वहीं दूसरी ओर गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में बम धमाका करने की धमकी मिली है। ALSO READ: अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी पुलिस
कोलकाता एयरपोर्ट को बम की धमकी
कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बम की धमकी मिली है। अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट के शौचालय में हाथ से लिखा एक नोट बरामद हुआ, जिसमें लिखा है कि एयरपोर्ट के बोर्डिंग गेट पर बम है। धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षाबल जांच में जुटे हैं। हालांकि अभी तक कोई संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ है।
दिल्ली के तीन स्कूलों को धमकी भरे ईमेल
दिल्ली के तीन स्कूलों को शुक्रवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिले। इसके बाद अधिकारियों ने तलाशी अभियान शुरू किया। अब तक तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।


