दीपावली से पहले भोपाल में मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग का शिकंजा, मिठाई-नमकीन से लेकर बादाम तक के सैंपल लिए

दीपावली से पहले भोपाल में मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग का शिकंजा, मिठाई-नमकीन से लेकर बादाम तक के सैंपल लिए

भोपाल। दीपावली के त्योहार से पहले मिठाई और खाद्य सामग्री में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। राजधानी भोपाल में विभाग की टीम ने अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए मावा, मिठाई, नमकीन, तेल और बादाम के नमूने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। वहीं, एक प्रोविजनल स्टोर पर भी छापेमारी की गई।

 

खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने न्यू मार्केट क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न दुकानों से खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र किए गए। ग्वालियर गजक एंड स्वीट्स भंडार पर शिकायत मिलने के बाद यहां से पेंशन के लड्डू का नमूना लिया गया। वहीं आदर्श नमकीन सेंटर से नमकीन सेव और उसे बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे सोयाबीन तेल का नमूना लिया गया।
 

सागर जलेबी कॉर्नर से टीम ने जलेबी और मावा जलेबी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। इसके साथ खाद्य विभाग की टीम ने राजधानी के अन्य इलाकों में मिठाई की दुकानों पर कार्रवाई करते हुए  मावा मिठाई के नमूने भी एकत्र किए।

 

दरअसल त्योहारी सीजन में मिठाई, नमकीन और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करना विभाग के लिए महत्वपूर्ण हो जाता है। खाद्य प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही संबंधित खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उनमें किसी तरह की मिलावट की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

मिठाई और नमकीन खरीदते इन बातों का रखें ध्यान

– खुली मिठाई खरीदने से बचें और ढंककर रखे गए खाद्य पदार्थों को प्राथमिकता दें।

– अखबार पर रखकर बेची जा रही मिठाई या नमकीन न खरीदें।

– खाद्य पदार्थ के रंग, गंध या स्वाद में असामान्यता महसूस हो तो उसका सेवन न करें।

– पैकेटबंद मिठाई खरीदते समय पैकिंग, निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि जरूर जांचें।

 

मिलावट की आशंका हो तो यहां करें शिकायत-

फोन नंबर : 0755-2660662
(मध्य प्रदेश खाद्य सुरक्षा विभाग के उपभोक्ता शिकायत संपर्क कर सकते हैं)

ईमेल: fdampbhopal@gmail.com

आनलाइन शिकायत : https://fdamp.mponline.gov.in/

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा हेल्पलाइन : 1800-11-2100

राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला ईदगाह हिल्स- फोन नंबर : 0755-2666058

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा हेल्पलाइन- 1800-11-2100

सीएम हेल्पलाइन-181

फूड सेफ्टी कनेक्ट एप : भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के एप से भी शिकायत दर्ज कर उसकी स्थिति देखी जा सकती है।