तीसरे वनडे में बांग्लादेश से वाइटवॉश से बाल बाल बची ऑस्ट्रेलिया (Video)

AUSvsBAN सलामी बल्लेबाज कूपर कॉनली (149) के बेहतरीन शतक से ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को तीसरे वनडे में रविवार को तीन गेंद शेष रहते एक विकेट से हराकर अपना सम्मान बचा लिया। बांग्लादेश ने यह मैच हारने के बावजूद तीन मैचों की सीरीज 2-1 से जीती।जीत के लिए अंतिम 9 रन पाने के पड़ाव पर खड़ी ऑस्ट्रेलिया के 5 विकेट बाकी थे लेकिन 4 विकेट गंवाकर ऑस्ट्रेलिया तीसरा वनडे भी हार जाती लेकिन अंतिम ओवर में एडम जैम्पा के चौके ने विश्व विजेता को शर्मसार होने से बचा लिया।

बांग्लादेश ने 50 ओवर में पांच विकेट पर 274 रन बनाये जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 49.3 ओवर में नौ विकेट पर 277 रन बनाकर रोमांचक जीत हासिल की। प्लेयर ऑफ द मैच कूपर कॉनली ने एकतरफा मुकाबला करते हुए 134 गेंदों पर 13 चौकों और छह छक्कों की मदद से शानदार 149 रन बनाये।ऑस्ट्रेलिया ने जीत के साथ वनडे सीरीज़ खत्म की और बांग्लादेश को क्लीन स्वीप करने से रोक दिया, जबकि मेज़बान टीम ने बारिश से प्रभावित शुरुआती दो मैच जीते थे।

लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया के ओपनर्स ने तेज़ शुरुआत की, लेकिन साझेदारी टूटने के बाद पारी की रफ़्तार थोड़ी धीमी पड़ गई। जोश इंगलिस और मैथ्यू रेनशॉ जल्दी-जल्दी आउट हो गए, जबकि एलेक्स कैरी कोई खास योगदान नहीं दे पाए। कूपर कॉनली और मार्नस लाबुशेन के बीच अहम साझेदारी से टीम को संभलने में मदद मिली, जिससे लक्ष्य का पीछा करने की गति स्थिर हुई; इसके बाद कैमरन ग्रीन ने भी अच्छा साथ दिया।

दूसरे छोर पर विकेट गिरते रहे, लेकिन कॉनली बिना घबराए खेलते रहे, लगातार बाउंड्री लगाते रहे और ऑस्ट्रेलिया को जीत की राह पर बनाए रखा। वह 49वें ओवर में आउट हुए, लेकिन ज़म्पा ने शानदार कवर ड्राइव लगाकर ऑस्ट्रेलिया को जीत दिलाई। शोरिफुल इस्लाम की शानदार गेंदबाज़ी और लगातार कोशिशों के बावजूद, कोनोली का बेहतरीन शतक निर्णायक साबित हुआ और उनके प्रदर्शन पर भारी पड़ा। शोरिफ़ुल इस्लाम ने 48 रन देकर छह विकेट लिए।

इससे पहले मो. तौहीद हृदोय (83), मोसद्दक हुसैन (नाबाद 56) और लिटन कुमार दास ( नाबाद 58) की शानदार पारियों के दम पर बांग्लादेश ने पांच विकेट पर 274 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया।बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का किया फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और उसने 61 रन के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिये। सौम्य सरकार (दो), तंजिद हसन (19) और कप्तान नजमुल शांतो (24) रन बनाकर आउट हुये।

इसके बाद मो. तौहीद हृदोय और लिटन कुमार दास चौथे विकेट के लिए 92 रन जोड़कर बड़े स्कोर की नींव रखी। लिटन कुमार दास (48) रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया। शतक की ओर बढ़ रहे मो. तौहीद हृदोय को 46वें ओवर में बेन ड्वारश्विस ने आउट कर पवेलियन भेज दिया। मो. तौहीद हृदोय ने 88 गेंदों में आठ चौकों की मदद से (83) रन बनाये।

49वें ओवर में मेहदी हसन (तीन) रन पांचवें विकेट के रूप में आउट हुये। इसके बाद लिटन कुमार दास फिर से बल्लेबाजी के लिए उतरे और (नाबाद 58) रन बनाये। मोसद्दक हुसैन ने 51 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से (नाबाद 56) रनों की पारी खेली। बांग्लादेश की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में पांच विकेट पर 274 रनों का स्कोर बनाया। ऑस्ट्रेलिया के लिए मैट शॉ और जेवियर बार्टलेट को दो-दो विकेट मिले।

भारत के खिलाफ मैन ऑफ द सीरीज पाने वाला यह बल्लेबाज लेगा केन विलियमसन की जगह

न्यूजीलैंड टेस्ट क्रिकेट की रीढ़ बनने का सुनहरा अवरस विल यंग को मिला है जो भारतीय जमीन पर न्यूजीलैंड के लिए 3-0 की टेस्ट सीरीज जीत में मैन ऑफ द सीरीज का अवार्ड अर्जित कर चुके हैं।इंग्लैंड के खिलाफ़ सीरीज़ के बीच में केन विलियमसन के रिटायरमेंट के बाद विल यंग को  बाकी बचे दो टेस्ट मैचों के लिए न्यूज़ीलैंड की टीम में शामिल किया गया है।सिर्फ लाल गेंद ही नहीं कीवी टीम के लिए वह एकदिवसीय योजना में भी शामिल है।

यंग 14 जून को यूके पहुँचे और सोमवार से टीम के साथ ट्रेनिंग शुरू कर दी। इसके बाद ओवल में दूसरा टेस्ट मैच होगा, जो 17 जून से शुरू होगा। 33 साल के यंग ने आखिरी बार दिसंबर 2025 में टेस्ट मैच खेला था, लेकिन इंग्लैंड दौरे के लिए उन्हें टीम में नहीं चुना गया था। दिसंबर 2020 में डेब्यू करने के बाद से यंग ने सिर्फ़ 23 टेस्ट मैच खेले हैं। टीम में उन्हें कभी भी लगातार खेलने का मौका नहीं मिला, फिर भी टॉप-3 में बैटिंग करते हुए उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है।

उनकी सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक 2024 में भारत में न्यूज़ीलैंड की ऐतिहासिक 3-0 से जीत थी। केन विलियमसन की गैर-मौजूदगी में नंबर 3 पर बैटिंग करते हुए, उन्होंने छह पारियों में 244 रन बनाए और ‘प्लेयर ऑफ़ द सीरीज़’ चुने गए। उन्होंने मुश्किल पिचों पर भारतीय स्पिनरों का बहुत आसानी से सामना किया था। विलियमसन ने कहा कि टीम से अलग होने से पहले वह कुछ समय तक टीम के साथ बने रहेंगे।

विलियमसन ने अपनी रिटायरमेंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, “मैं कुछ समय तक टीम के साथ रहूँगा, लेकिन हाँ, टीम को थोड़ा स्पेस भी दूँगा।यह एक संवेदनशील मामला है। टीम में कुछ लोगों के लिए यह नई खबर है और कई लोगों के लिए भी, और यह एक बदलाव है, इसलिए हम आने वाले कुछ दिनों में इस स्थिति को संभालेंगे।” “इसमें आगे बढ़ने का मौका भी है; मैं काफी समय से टीम का अहम हिस्सा रहा हूँ और उस ग्रुप में कई लीडर हैं। मुझे वह दिन याद है जब हमारी टीम के दूसरे लीडर चले गए थे और आगे बढ़ने के लिए कदम उठाने पड़ते हैं, और मुझे लगता है कि मेरे हटने से भी ऐसा करने का मौका मिलेगा।”

पाकिस्तान को 64 रनों से हराकर टीम इंडिया ने किया महिला T-20I विश्वकप का आगाज

INDvsPAK

INDvsPAK महिला टी-20 विश्वकप के पहले मैच में भारत ने चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को 64 रनों से हराकर आगाज किया है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर  170 रन बनाए इसके जवाब में पाकिस्तान की पूरी पारी 17 ओवर में 106 रनों पर आउट हो गई। 

गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा ने 4 ओवर में 10 रन देकर 5 विकेट झटके साथ ही एक रन आउट भी किया। 170 रनों का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने पहले 6 ओवर में तो 52 रन बनाकर सिर्फ एक ही विकेट खोया था लेकिन स्पिन के सामने उनकी कमजोरी सामने आ गई और 7वें से 17वें ओवर तक वह सिर्फ 54 रन बनाकर 9 विकेट गंवा गए। पाक की ओर से सर्वाधिक 41 रन मुनीबा ने बनाए।

श्री चरनी ने 21 रन पर तीन विकेट लेकर दीप्ति का बखूबी साथ दिया।पाकिस्तान की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत की थी और मुनीबा को दो जीवनदान भी मिले। लेकिन दीप्ति शर्मा ने आक्रमण पर आने के बाद पाकिस्तान को दोहरा झटका दिया और इसके बाद भारतीय स्पिनरों ने पाकिस्तान की टीम पर शिकंजा कस लिया और भारत ने जीत के साथ विश्व कप का आग़ाज़ किया। मुनीबा 41 रन बनाकर पाकिस्तान की तरफ से संघर्ष करने वाली एकमात्र खिलाड़ी रहीं।आलिया रियाज ने 17 गेंदों पर 18 रन बनाये। दीप्ति ने 17 वें ओवर में तीन विकेट लेकर पाकिस्तान की पारी समेट दी।

इससे पहले सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना के अर्धशतक से भारत ने आईसीसी टी20 महिला विश्व कप के ग्रुप एक मैच में रविवार को यहां पाकिस्तान के खिलाफ छह विकेट पर 170 रन बनाए। यह भारत का टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ सर्वोच्च स्कोर है।

स्मृति ने दो जीवनदान का फायदा उठाते हुए 44 गेंद में नौ चौकों और दो छक्कों से 68 रन की पारी खेलने के अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर (36 रन, 35 गेंद, चार चौके) के साथ तीसरे विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी भी की। ऋचा घोष ने अंत में 17 गेंद में पांच चौकों और एक छक्के से 34 रन की पारी खेली। उन्होंने दीप्ति शर्मा (नाबाद 12) के साथ छठे विकेट के लिए सिर्फ 21 गेंद में 45 रन की तेजतर्रार साझेदारी भी की।

पाकिस्तान की ओर से कप्तान फातिमा सना ने 33 जबकि बाएं हाथ की स्पिनर सादिया इकबाल ने 41 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए। रमीन शमीन (30 रन पर एक विकेट) और तस्मिया रुबाब (41 रन पर एक विकेट) ने एक-एक विकेट हासिल किया।

ALSO READ: स्मृति मंधाना की 68 रनों की विस्फोटक पारी से भारत पाकिस्तान के खिलाफ पहुंचा 170 रनों तक

स्मृति मंधाना की 68 रनों की विस्फोटक पारी से भारत पाकिस्तान के खिलाफ पहुंचा 170 रनों तक

INDvsPAK ओपनर स्मृति मंधाना (68), कप्तान हरमनप्रीत कौर (36) और ऋचा घोष (34) की शानदार पारियों से भारत ने महिला टी 20 विश्व कप में रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ छह विकेट पर 170 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बना लिया।

भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए खराब शुरुआत की और 18 रन तक दो विकेट गंवा दिए। लेकिन मंधाना ने 44 गेंदों में नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से 68 रन की शानदार पारी खेली। कप्तान हरमनप्रीत ने 35 गेंदों पर 36 रन में चार चौके लगाए। ऋचा ने आखिर में आतिशी तेवर दिखाते हुए मात्र 17 गेंदों पर 34 रन में पांच चौके और एक छक्का मारा।

भारत को शेफ़ाली वर्मा और जेमिमा रॉड्रिग्स के रूप में शुरुआती झटके लगे । हालांकि इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना के बीच साझेदारी पनप गई। पहले 10 ओवर में भारत ने दो विकेट के नुक़सान पर 65 रन बना लिए थे और इसके बाद मंधाना और हरमनप्रीत दोनों ने मिलकर भारत की पारी को गति दी। मंधाना ने मात्र 34 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। हालांकि मंधाना को दो जीवनदान भी मिले।

मंधाना के आउट होने के बाद जल्द ही भारती फ़ुलमाली और हरमनप्रीत के रूप में भारत को झटका लगा। लेकिन घोष की 17 गेंदों पर 34 रनों की आक्रामक पारी की बदौलत भारत ने एक बड़ा स्कोर खड़ा कर लिया जो कि टी20 में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ भारत का सर्वोच्च स्कोर भी है। पाकिस्तान ने टी20 में सर्वश्रेष्ठ चेज़ 156 के लक्ष्य का किया है।

रिचा घोष की 17 गेंदों में 34 रन की पारी और आखिरी दो ओवरों में बने 38 रनों की बदौलत भारत एक अच्छा स्कोर बनाने में कामयाब रहा। भारत ने 19 वें ओवर में कुल 23 रन बटोरे जिसमें ऋचा ने तीन चौके और एक छक्का लगाया।

धर्मशाला एकदिवसीय मैच में भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया

AFGvsIND पदार्पण करने वाले गुरनूर बरार और हर्ष दुबे (3-3 विकेट) की शानदार गेंदबाजी के बाद कप्तान शुभमन गिल (नाबाद 84) के बेहतरीन अर्धशतक से भारत ने शनिवार को वर्षा बाधित पहले वनडे में अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।

बारिश के कारण देर से शुरू हुए मैच में ओवरों की संख्या घटाकर 25-25 ओवर कर दी गयी। अफगानिस्तान ने रहमानउल्लाह गुरबाज़ (102) के शानदार शतक से 24.5 ओवर में 194 रन बनाये लेकिन भारत ने 22.5 ओवर में तीन विकेट पर 195 रन बनाकर आसान जीत अपने नाम की। गिल ने 66 गेंदों पर नाबाद 84 रन की मैच विजयी पारी में 11 चौके और दो छक्के लगाए।

रोहित शर्मा और गिल की जोड़ी ने मिलकर ठोस शुरुआत भी की थी। हालांकि गफ़लत के चलते रोहित रन आउट हो गए लेकिन गिल ने अंत तक एक छोर संभाले रखा। किशन ने नंबर तीन पर आते हुए 34 रनों की आक्रामक पारी खेली और गिल के साथ मिलकर 70 रन की साझेदारी कर उन्होंने भारत को मज़बूत स्थिति में पहुंचाया।

श्रेयस अय्यर (12) कुछ ख़ास नहीं कर पाए लेकिन पांचवें नंबर पर आते हुए राहुल, गिल के साथ मिलकर भारत को जीत की दहलीज़ पार करा गए। गिल 84 रनों पर नाबाद रहे और उन्होंने एक कप्तानी पारी खेली। राहुल ने 19 गेंदों पर चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 39 रन बनाये। गिल और राहुल ने 32 गेंदों पर नाबाद 53 रन जोड़कर भारत को जीत की मंजिल पर पहुंचाया।

दर्शक 50 ओवर का मैच देखने आए थे, लेकिन इस 25 ओवर के मैच में भी उनका खूब मनोरंजन हुआ। 194 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को अच्छी शुरुआत की ज़रूरत थी और रोहित ने अच्छी शुरुआत की भी। गिल उनके साथ जुड़े और दोनों ने ओपनिंग विकेट के लिए 46 रन जोड़े। एक बड़ी गलतफहमी के कारण रोहित आउट हो गए, लेकिन गिल ने बाउंड्री लगाना जारी रखा। ईशान किशन ने भी शानदार खेल दिखाते हुए 22 गेंदों में 34 रन बनाए, और उनके बाद केएल राहुल ने 19 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाए।

अफ़गानिस्तान की गेंदबाज़ी में कभी भी लय नहीं दिखी और उन्हें विकेट लेने के लिए संघर्ष करना पड़ा। राशिद खान थोड़े महंगे साबित हुए, लेकिन उन्होंने एक विकेट ज़रूर लिया। तेज़ गेंदबाज़ों ने काफ़ी रन लुटाए और वनडे में अफ़गानिस्तान के ख़िलाफ़ भारत का अजेय क्रम जारी रहा। मेहमान टीम अपने आखिरी 10 ओवरों की बल्लेबाज़ी, खासकर रहमानुल्लाह गुरबाज़ के आउट होने के बाद के खेल पर ज़रूर सोचेगी। वे कुछ रन पीछे रह गए और अंततः उन्हें इसका खामियाज़ा भुगतना पड़ा।

इससे पहले भारत ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। ओपनर रहमानउल्लाह गुरबाज़ ने टीम को शानदार शुरुआत देते हुए 51 गेंदों की अपनी शतकीय पारी में आठ चौके और आठ छक्के लगाए। अफगानिस्तान के बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते नजर आये। हशमतउल्लाह शहीदी (27) और अज़मतउल्लाह ओमरजई (26) दहाई की संख्या में पहुंचने वाले दो अन्य बल्लेबाज रहे। पदार्पण मैच खेल रहे गुरनूर बरार और हर्ष दुबे ने तीन-तीन विकेट लिए।

अफ़ग़ानिस्तान की पूरी पारी 194 पर सिमट गई, हालांकि यह स्कोर और छोटा हो सकता था अगर गुरबाज़ ने शतक नहीं लगाया होता। एक ख़राब शुरुआत के बीच गुरबाज़ ने सिर्फ़ एक छोर पर डटे रहे बल्कि उन्होंने आक्रामण भी जारी रखा और मात्र 25 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया, गुरबाज़ ने अपनी आक्रामक लय को छोड़ा नहीं और मात्र 48 गेंदों पर शतक पूरा किया। हालांकि नीतीश कुमार रेड्डी ने उन्हें पवेलियन भेजा।

अफ़ग़ानिस्तान एक बड़े स्कोर की ओर बढ़ रहा था लेकिन अंतिम चार ओवर में भारत ने मात्र 18 रन दिए और गुरनूर ने अंतिम ओवर में दो विकेट हासिल किए। गुरनूर ने आज डेब्यू पर अपने पहले ओवर में ही इब्राहिम ज़दरान के रूप में विकेट निकाला। हर्ष दुबे भी डेब्यू कर रहे थे और उन्होंने भी तीन विकेट हासिल किए। अर्शदीप ने दो विकेट लिए।

जबलपुर रॉयल लायंस ने लगातार तीन जीत के साथ MPL T20I सीजन 3 में बनाई अपनी मजबूत पकड़

जबलपुर रॉयल लायंस लगातार तीन जीत के साथ सीजन की बेहतरीन शुरुआत करके एमपीएल (MPL) टी20 में अपना वर्चस्व कायम करने की कोशिश में है। टीम के इस शानदार प्रदर्शन के बारे में बात करते हुए कप्तान राहुल बाथम ने कहा, “यह टीम अब तक की सबसे सर्वश्रेष्ठ टीम है। मुझ जैसे अनुभवी खिलाड़ियों, रितिक और पुनीत के साथ-साथ नए चेहरों के आने से हमें अनुभव और ऊर्जा का सही मिश्रण मिला है। लगातार 3 मैचों में अजेय रहने से हमें यह विश्वास मिला है कि हम एमपीएल के इस सीजन में अपना दबदबा बनाए रखेंगे।”

जबलपुर की टीम टूर्नामेंट में अब तक अपराजित रही है और तीनों मैचों में जेआरएल (JRL) ने अच्छे अंतर से जीत दर्ज की है। पहले मैच में पुनीत दांते और पंकज पटेल ने इंदौर की टीम के टॉप ऑर्डर को पहले दो ओवरों में ही ढेर कर मैच पर पकड़ बना ली थी। बल्लेबाजी में अजय रोहेरा और रितिक टाडा ने शानदार पारियां खेलकर टीम को पहली जीत दिलाई।

वहीं, दूसरे मैच में पुनीत ने उज्जैन के खिलाफ गेंदबाजी में एक बार फिर बेहतरीन शुरुआत की। दूसरी पारी में 211 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए जेआरएल ने 98 रनों पर 5 विकेट खो दिए थे। ऐसे में आकर्ष सिंह परिहार ने 21 गेंदों में 40 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को संभाला। लेकिन मैच के असली हीरो रितिक टाडा और कप्तान राहुल बाथम साबित हुए, जिन्होंने 114 रनों की नाबाद मैच जिताऊ साझेदारी की। इसमें रितिक ने मात्र 32 गेंदों में 91 रन और राहुल ने 23 गेंदों में 46 रन बनाए।

मालवा स्टालियंस के खिलाफ तीसरे मैच में जबलपुर को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया गया। अच्छी शुरुआती साझेदारी के बाद जबलपुर की टीम संकट में फंस गई जब उन्होंने 10 ओवर में 74 रन पर 4 विकेट खो दिए। लेकिन जेआरएल के 'संकटमोचक' अजय रोहेरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक महत्वपूर्ण शतक जड़ा और संजोग सिंह निज्जर के साथ अहम साझेदारी की। स्कोर बोर्ड पर 205 रन टांगने के बाद टीम ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। पुनीत और नयनराज मेवाड़ा ने लगातार विकेट झटके और टीम को 54 रनों से जीत दिलाई।

जबलपुर रॉयल लायंस ने हर मैच में एक संपूर्ण टीम प्रदर्शन दिखाया है और कभी भी वे दबाव में नजर नहीं आए। रितिक टाडा ने आगे कहा, “चाहे हमारे कोच और सहयोगी स्टाफ हो या प्रबंधन, हमें हर किसी से सही समर्थन मिल रहा है और यह प्रदर्शन उसी का परिणाम है।”

उनका अगला मुकाबला 15 जून को इंदौर में भोपाल लेपर्ड्स के खिलाफ होगा, जो प्रशंसकों के लिए एक रोमांचक मैच होने वाला है।

धर्मशाला में मौसम नहीं साफ, क्या पूरा हो पाएगा भारत बनाम अफगानिस्तान मैच

AFGvsIND हिमाचल के धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में मौसम साफ नहीं है जिससे भारत बनाम अफगानिस्तान मैच में खलल पड़ सकता है। उत्तरी भारत के कई हिस्सों में बारिश शुरु हो चुकी है और मौसम का बदलाव धर्मशाला में भी देखने को मिल सकता है क्योंकि आमतौर पर 42 फीसदी वर्षा धर्मशाला में जून के महीने में ही होती है।

यही कारण है कि कल जब कप्तान शुभमनगिल और हशमतुल्लाह शाहिदी टॉस के लिए उतरेंगे तो दोनों कप्तानों के जहन में गेंदबाजी चुनना होगा।

मौसम विभाग के अनुसार 22 सेलसियस तापमान के साथ 51 फीसदी संभावना बारिश की बनी रहेगी। हालांकि यह पूरे मैच को धोने के लिए काफी नहीं रहेगी लेकिन खिलाड़ियों को कई बार अंदर बाहर होना पड़ सकता है। अच्छी बात यह है कि 90 फीसदी बारिश दोपहर 2 से 4 के बीच होने की है तो उसके बाद फैंस मैच का लुत्फ उठा सकते हैं।

भारतीय टीम की बात करें तो टीम में कई नए चेहरे हैं। यशस्वी जायसवाल को विराट कोहली की जगह मौका मिला है। वहीं नीतिशकुमार रेड्डी और प्रिंस यादव की गेंदबाजी पर प्रबंधन की निगाहें रहेंगी। बल्लेबाजी में टीम के पास कई बड़े नाम है लेकिन रोहित शर्मा के प्रदर्शन पर सबकी निगाहें होंगी जिनका पिछला न्यूजीलैंड दौरा खास नहीं गया था। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह अगुआ होंगे और उनका साथ प्रसिद्ध कृष्णा को निभाना होगा।

शुभमन गिल की कप्तानी में भारत ने तीन वनडे श्रृंखला खेली हैं जिनमें से दो में उसे हार का सामना करना पड़ा था। मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ मिलकर वह इस रिकॉर्ड में सुधार करने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेंगे।
गिल और रोहित के पारी की शुरुआत करने की उम्मीद है, जबकि कोहली की अनुपस्थिति में तीसरे नंबर पर ईशान किशन और यशस्वी जायसवाल में से किसी एक को उतारा जा सकता है।

वहीं अफगानिस्तान टीम की बात करें तो यह टीम समेद गेंद में उतनी कमजोर नहीं है जितनी लाल गेंद में। टीम के पास इब्राहिम जादरान और रहमतुल्लाह गुरबाज जैसे बल्लेबाज और अजमतुल्लाह उमरजाई और राशिद खान जैसे ऑरलाउंडर है। हालांकि टीम का तेज गेंदबाजी आक्रमण कमजोर दिख रहा है जो टीम को धर्मशाला के मैदान पर चुभ सकता है।चंडीगढ़ में खेले गए टेस्ट मैच में छह विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम को वनडे टीम में शामिल कर लिया गया है।

टीम इस प्रकार हैं:

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, कुलदीप यादव, नितीश कुमार रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा, श्रेयस अय्यर, रोहित शर्मा, हार्दिक पंड्या, वॉशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, इशान किशन, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़, प्रिंस यादव।

अफगानिस्तान: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), सेदिकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेटकीपर), इकराम अलिखिल (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह उमरजई, बिलाल सामी, नांगेयालिया खरोती, फरीद अहमद मलिक, एएम ग़ज़नफ़र, मोहम्मद नबी, राशिद खान, दरविश रसूली, इब्राहिम जादरान, जिया उर रहमान शरीफी।

समय:- दोपहर 1.30 बजे

FAB Four बल्लेबाज केन विलियमसन ने कहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा

Kane Williamson

टेस्ट के फैब फोर बल्लेबाजों में से एक केन विलियमसन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। इस समय वह कीवी टेस्ट टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर है। पहले टेस्ट में उनका बल्ला नहीं चल पाया था और न्यूजीलैंड को बड़ी हार का सामाना करना पड़ा था।तत्काल प्रभाव से लिए गए इस निर्णय का मतलब यह है कि वह दूसरे टेस्ट में शामिल नहीं होंगे।विराट कोहली की तरह ही केन विलियमसन भी दस हजार टेस्ट रनों के मुहाने पर खड़े थे लेकिन उन्होंने इससे पहले ही कोहली की तरह ही बल्ला टांग दिया।

विलियमसन ने न्यूजीलैंड क्रिकेट द्वारा जारी बयान में कहा ,‘‘ मैने इस पर काफी सोचा और पिछले कुछ दिन से लग रहा था कि यह सही समय है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिये मेरे भीतर हमेशा मजबूत इच्छाशक्ति और ललक रही है और मुझे इस बात में गर्व है कि न्यूजीलैंड के लिये हर मैच में मैने अपना सब कुछ दिया है।’’ न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कहा ,‘‘ हमारे महानतम खिलाड़ियों में से एक विदा हो रहा है। केन विलियमसन ने त्वरित प्रभाव से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का फैसला किया है।’’

केन विलियमसन ने न्यूजीलैंड के लिए बतौर कप्तान विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल जीता जो इस सदी की न्यूजीलैंड का दूसरा आईसीसी खिताब है।साल 2019 में केन विलियमसन अपनी टीम को एकदिवसीय विश्वकप जिताने के भी बेहद नजदीक आ गए थे लेकिन उस दिन फाइनल मैच और सुपर ओवर दोनों टाई हो गया और विश्वकप पर इंग्लैंड का कब्जा हो गया।

करियर की बात करें तो उनके 9515 टेस्ट रन हैं, 7526 एकदिवसीय रन हैं और 2572 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन हैं। उन्होंने 2016 से 2024 के बीच एक सुनहरे दौर में तीनों प्रारूपों में न्यूज़ीलैंड का नेतृत्व किया। उनकी कप्तानी में टीम ने दो ICC विश्व कप फ़ाइनल और तीन सेमीफ़ाइनल खेले, जबकि 2021 में पहला आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का ख़िताब जीता। विलियमसन ने साल 2010 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था और पिछले साल नवंबर में उन्होंने टी20 क्रिकेट को अलविदा कहा था। उन्होंने न्यूज़ीलैंड के लिए 378 मैचों में रिकॉर्ड 19,346 रन बनाए, जिसमें 48 शतक और छह दोहरे शतक शामिल हैं। इस संन्यास के बाद विलियमसन अब इंग्लैंड के ख़िलाफ़ जारी मौजूदा टेस्ट सीरीज़ के बाक़ी मैचों में हिस्सा नहीं लेंगे।

रोहित शर्मा ने नेट्स पर पसीना बहाकर साबित की अपनी फिटनेस

अफगानिस्तान के खिलाफ धर्मशाला में खेले जाने वाले पहले एकदिवसीय मैच से पहले रोहित शर्मा ने नेट्स पर पसीना बहाकर फिटनेस संबंधी समस्याओं को दरकिनार कर दिया है। रोहित शर्मा इंडियन प्रीमियर लीग के कई मैचों से बाहर थे और इस सीरीज में भी उनका चयन फिटनेस साबित करने पर ही होना था।

रोहित ने सबसे पहले तेज़ गेंदबाज़ों का सामना किया। नीतीश कुमार रेड्डी की पहली गेंद ऑफ़ स्टंप के गुड लेंथ से अंदर आई और उनके पैड पर लगी। इसके बाद उन्होंने अर्शदीप सिंह और गुरनूर बराड़ की बाहर जाती गेंदों को बल्ला उठाकर जाने दिया। इसके बाद प्रिंस यादव की गेंद को वह पहली बार बल्ले से छू पाए, हालांकि यह भी बल्ले पे मिडल नहीं हुआ था और अंदरूनी किनारा लेकर मिडविकेट की ओर गया।

हालांकि इसके बाद वह थोड़ी लय में आते दिखे। कुछ गेंदों पर उन्होंने रक्षात्मक और कुछ गेंदों पर आक्रामक शॉट लगाए। इस दौरान उनके बल्ले से ड्राइव, हुक, पुल, फ़्लिक, कट सहित अन्य सभी शॉट निकले, जिसमें प्रिंस के ऊपर लगाया गया उनका पसंदीदा पुल शॉट सबसे दर्शनीय था। तेज गेंदबाज़ों का सामना करने के बाद रोहित ने स्पिनरों का भी सामना किया, जिसमें भारतीय टीम में शामिल हुए युवा हर्ष दुबे सहित अन्य स्थानीय नेट्स स्पिनर शामिल थे।

रोहित ने लगभग एक घंटे तक बल्लेबाज़ी का अभ्यास किया। उनके साथ श्रेयस और किशन अलग-अलग नेट्स पर बल्लेबाज़ी करते नज़र आए। जहां श्रेयस को रोहित की तरह लय में आने में समय लगा, वहीं किशन ऐसे लगा कि वह अपनी आईपीएल की फ़ॉर्म को जैसे लेकर आए हों। उन्होंने सबसे पहले स्पिनरों का सामना किया और सीधे, आड़े सभी तरीकों से मैदान के चारों तरफ़ शॉट लगाए। आगे निकलकर गेंदबाज़ के ऊपर से लगाया गया सीधा शॉट और पैर तोड़कर लगाए गए स्लॉग स्वीप उनके कुछ दर्शनीय शॉट थे।

जहां एक घंटे के बाद रोहित और श्रेयस वापस लौट गए, वहीं किशन ने अपनी बल्लेबाज़ी आधे घंटे और जारी रखी। स्पिनरों के बाद उन्होंने तेज़ गेंदबाज़ों का सामना किया और फिर थ्रोडाउन भी लिया। इस दौरान यशस्वी जायसवाल भी बगल के नेट्स में अपने टेस्ट मैचों वाले सफ़ेद और चौड़े पैड के साथ बल्लेबाज़ी करते नज़र आए।

सोमवार को समाप्त हुए टेस्ट के भारतीय एकादश में शामिल वह एकमात्र क्रिकेटर थे, जो इस अभ्यास सत्र में नज़र आए। बाक़ी के खिलाड़ियों में कप्तान शुभमन गिल, केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा ने इस अभ्यास सत्र में हिस्सा नहीं लिया। युवा स्पिन ऑलराउंडर हर्ष ने गेंदबाज़ी के साथ-साथ बल्लेबाज़ी का भी अभ्यास किया और स्पिनरों पर कुछ शानदार शॉट्स लगाए।

गेंदबाज़ी में बराड़ ने अपनी लंबाई का फ़ायदा उठाते हुए कुछ बेहतरीन गेंदें की और रोहित को परेशान किया। वहीं प्रिंस यादव ने भी अपने सटीक लाइन और लेंथ से बल्लेबाज़ों को बांधे रखा। बराड़ और प्रिंस में से किसी एक का डेब्यू धर्मशाला वनडे में हो सकता है।

Under 19 टीम में हुआ पूर्व कोच और कप्तान राहुल द्रविड़ बेटे का चयन

भारत के पूर्व कप्तान और प्रमुख कोच राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे, अन्वय द्रविड़ को अगले महीने श्रीलंका के दौरे के लिए इंडिया अंडर-19 की वनडे टीम में शामिल किया गया है। इस पूरे दौरे पर तीन वनडे मैच और दो चार-दिवसीय मैच खेले जाएंगे।अन्वय दाएं हाथ के बल्लेबाज़ और विकेटकीपर हैं।

जिन्होंने नवंबर 2025 में बेंगलुरु के सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस में वनडे ट्राई-सीरीज़ के हिस्से के रूप में अफ़ग़ानिस्तान अंडर-19 के ख़िलाफ़ इंडिया B अंडर-19 के लिए एक मैच खेला है। उस मैच में वह पहली ही गेंद पर शून्य पर आउट हो गए थे और विकेट के पीछे दो कैच लपके थे।

अन्वय ने हाल ही में वीनू मांकड़ ट्रॉफ़ी के क्वार्टर फ़ाइनल में कर्नाटक की अंडर-19 टीम की कप्तानी की थी। उन्होंने इस टूर्नामेंट में छह पारियों में 55.00 की औसत से 220 रन बनाए जो उनकी टीम की ओर से दूसरे सबसे ज़्यादा रन थे।

आगामी दौरे के लिए चुनी गई दोनों अंडर-19 टीमों की कप्तानी मध्य प्रदेश के यशवर्धन सिंह चौहान करेंगे, जबकि उत्तराखंड के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज लक्ष्य रायचंदानी को उप-कप्तान नियुक्त किया गया है। 17 वर्षीय रायचंदानी पहले ही अपना फ़र्स्ट-क्लास डेब्यू कर चुके हैं और उन्होंने 2025-26 रणजी ट्रॉफ़ी सीज़न में पांच पारियों में तीन अर्धशतक बनाए हैं।

दौरे की शुरुआत तीन वनडे मैचों से होगी, जो 4, 6 और 9 जुलाई को हंबनटोटा में स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे से खेले जाएंगे। पहला चार-दिवसीय मैच 13 से 16 जुलाई तक गॉल में और दूसरा 20 से 23 जुलाई तक कोलंबो में खेला जाएगा।

द्रविड़ के बड़े बेटे, समित द्रविड़, जो 20 वर्ष के हैं उन्हें भी 2024 में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के ख़िलाफ़ खेलने के लिए इंडिया अंडर-19 टीम में चुना गया था, लेकिन घुटने की चोट के कारण वह बाहर हो गए थे। समित ने कर्नाटक की टी20 लीग, महाराजा टी20 ट्रॉफ़ी में शानदार प्रदर्शन करने के बाद अंडर-19 टीम में जगह बनाई थी।

भारत पुरुष Under-19 वनडे टीम:सागर विर्क, लक्ष्य रायचंदानी (उप-कप्तान), यशवर्धन सिंह चौहान (कप्तान), विनीत वी के, अर्जुन राजपूत, कुशाग्र ओझा, रजत बघेल (विकेटकीपर), अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), अनमोलजीत सिंह, वुटकुर यशवीर गौड़, रोहित अनिल यादव, शाविन वी, काव्य पारस पटेल, मोहित उल्वा, ईशान सूद।

भारत पुरुष Under-19 चार दिवसीय टीम:सागर विर्क, लक्ष्य रायचंदानी (उप-कप्तान), यशवर्धन सिंह चौहान (कप्तान), पटेल कुश, मनाल चौहान, कुशाग्र ओझा, मानव कृष्णा (विकेटकीपर), आर्यन संदेश सकपाल (विकेटकीपर), हेमचुडेशन जे, बीके किशोर, रोहित अनिल यादव, काव्य पारस पटेल, प्रियंशु सिंह, प्रणव राघवेंद्र, चिगुरुपति वेंकट।