अयोध्या के श्री रामलला मंदिर पर लोभ का साया

Image showing a scene related to the theft of donations from the Ayodhya Ram Mandir

अयोध्या में जब राम मंदिर के दानपात्र से चोरी और वित्तीय हेराफेरी का मामला सामने आया, तो सहज ही मन में विचार कौंधा कि त्रेतायुग में प्रभु श्री राम ने रावण संहार और लंका विजय के लिए मानव सेना से ज्यादा, वानर सेना पर भरोसा क्यों जताया होगा। संभव था कि यदि प्रभु राम मनुष्यों को ले जाते, तो वे सोने की लंका और वैभव देखकर, लोभवश निष्ठा को दरकिनार करके रावण के पक्ष में हो जाते। वानर सेना निश्छल, लोभहीन और राम-भक्त थी, तभी राम जी की जीत संभव हुई।ALSO READ: अयोध्या राम मंदिर दान घोटाला, आस्था के केंद्र पर 'चंदा चोरी' का साया, SIT जांच से मचा हड़कंप

 

आज कलयुग में जब 500 वर्षों के संघर्षों के बाद बने श्री रामलला के मंदिर से भक्तों की समर्पण राशि में हेराफेरी की खबरें आती हैं, तो मानव जाति का वही आदिम लोभ और छलावा पुनः उजागर हो जाता है। आस्था के परम केन्द्र से जून 2026 के प्रारंभ में इस घटना की खबर से करोड़ों रामभक्तों को कष्ट पहुंचा है। इसने हमारी व्यवस्थागत शुचिता पर बड़ा प्रश्न-चिन्ह खड़ा किया है। इस संवेदनशील मामले में राम मंदिर ट्रस्ट के आंतरिक और सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच में नियमित ऑडिट के दौरान मंदिर को मिले दान के रिकॉर्ड और बैंक लेजर बैलेंस में गंभीर विसंगतियां पाई गईं हैं। 

 

जब शक की सूई घूमी और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो कुछ कर्मचारियों की संदिग्ध गतिविधियां कैमरे में कैद मिलीं। फिर ट्रस्ट ने पुलिस की मौजूदगी में आंतरिक जांच और संदिग्ध कर्मियों से पूछताछ की तो इसने बड़े घोटाले का रूप ले लिया क्योंकि कर्मचारियों के पास से लाखों रुपये नकदी बरामद हुए। इस खुलासे के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हड़कंप मच गया।

 

जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, तो इस वित्तीय जालसाजी का मुख्य सूत्रधार अनुकल्प मिश्रा और दान राशि गिनने वाला लवकुश मिश्रा माना जा रहा है। इन दोनों के पास से जांच टीम ने लाखों की नकदी बरामद की है। इसके अलावा, ट्रस्ट के रसूखदार पदाधिकारी का पूर्व ड्राइवर और सेवादार रहा रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू भी गंभीर आरोपों के घेरे में है। टिन्नू पर कम समय में करोड़ों रुपये की बेनामी संपत्ति बनाने और मंदिर प्रबंधन में अवैध हस्तक्षेप का आरोप है। हालांकि उसने इन आरोपों को खारिज किया है।

 

यूं तो मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने त्वरित कार्रवाई की और कमिश्नर विजय विश्वास पंत एवं आईजी किरण एस. की अध्यक्षता में तीन-सदस्यीय उच्च स्तरीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। वर्तमान में एसआईटी और एसओजी की टीमें हिरासत में लिए गए कर्मचारियों, सेवादारों और संबंधित बैंक कर्मियों से सघन पूछताछ कर रही हैं।ALSO READ: अयोध्या राम मंदिर के उप-मंदिरों में दर्शन शुरू, ऑनलाइन पास की मची होड़

 

एसआईटी ने चंपत राय और गोपाल राव जैसे वरिष्ठ पदाधिकारियों से भी मंदिर की व्यवस्था को लेकर पूछताछ की है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने मीडिया में तो कोई औपचारिक बयान नहीं दिया, लेकिन अनौपचारिक रूप से राम जी के एक-एक पैसे के लिए ट्रस्ट की पूरी जवाबदेही स्वीकार की है। उन्होंने एसआईटी की पूछताछ में भी पूरा सहयोग दिया है। 

 

इस विवाद के बाद विपक्षी दलों और कुछ स्थानीय संतों ने उनके प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग भी की थी। वहीं निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जैसे वरिष्ठ नेताओं ने चंपत राय की अटूट निष्ठा और ईमानदारी का खुलकर बचाव किया है।

 

इस विवाद ने अयोध्या की सियासत को पूरी तरह गरमा दिया है। यह विवाद कई बड़े सवाल खड़े कर रहा है कि पिछले 11 महीनों में मंदिर की सुरक्षा और प्रबंधन पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद इतनी बड़ी मानवीय और तकनीकी चूक कैसे हो गई?

 

इस पूरे घटनाक्रम पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार और भाजपा का रुख पूरी तरह स्पष्ट, पारदर्शी और कड़ा है। सरकार की नीयत और कार्रवाई की दिशा में रत्ती भर भी ढील या पोल नहीं है, बल्कि यह कृत्य चंद लोभी और अनैतिक मानसिकता वाले लोगों की निजी करतूत है, जिसे किसी भी स्तर पर संरक्षण नहीं मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही सरकार में सभी के लिए एक ही दंड संहिता है और गलत पाए जाने पर न्याय होना पूरी तरह सुनिश्चित है। 

 

ऐसे में विपक्षी दलों द्वारा इस संवेदनशील मामले को राजनीतिक रूप से भुनाने की कोशिशें बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। जो विपक्ष कभी आमंत्रण मिलने पर भी प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर में दर्शन करने तक नहीं गया, जिसने राम जी के दानपात्र में एक रुपया दान नहीं किया, आज उसका इस मुद्दे पर सियासत करना केवल खोखला अवसरवाद है, इसलिए प्रबुद्ध जनता सब समझ रही है।

 

इस संकट से उबरने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अब कुछ कड़े और दूरगामी कदम उठाना अत्यंत आवश्यक है। निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने इस संदर्भ में एक बेहद महत्वपूर्ण सुझाव दिया है कि मंदिर व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, पेशेवर और पारदर्शी बनाने के लिए एक स्वतंत्र सीईओ (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) की नियुक्ति की जानी चाहिए। 

 

साथ ही, अब मंदिर की पूरी वित्तीय प्रणाली को कैशलेस और डिजिटल मॉडल पर ले जाना होगा। दान काउंटर पर केवल डिजिटल रसीदें और सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर की व्यवस्था हो, ताकि मानवीय हस्तक्षेप न्यूनतम हो सके। नोटों की गिनती की प्रक्रिया को पूरी तरह से बायोमेट्रिक सुरक्षा, हाई-डेफिनिशन कैमरों की लाइव निगरानी और तीसरे पक्ष (थर्ड पार्टी) के ऑडिट के अधीन किया जाना चाहिए। इसके अलावा, कर्मचारियों की नियुक्ति से पहले उनका कड़ा पुलिस वेरिफिकेशन और बैकग्राउंड चेक अनिवार्य होना चाहिए।

 

हम राम भक्तों के लिए रामलला का मंदिर केवल पाषाणों पर सुंदर नक्काशीदार ढांचा नहीं है, बल्कि यह सभी सनातनियों की अटूट आस्था का जीवंत प्रतीक है। एक गरीब से गरीब भक्त ने भी अपनी गाढ़ी कमाई का अंश प्रभु के चरणों में इस विश्वास के साथ अर्पित किया था कि उसका उपयोग धर्म और समाज के उत्थान में होगा। वहां से एक भी पैसे की चोरी सीधे तौर पर जनमानस की पवित्र आस्था पर आघात है। 

 

राजनीतिक नफा-नुकसान से परे, एसआईटी की जांच के माध्यम से इस मामले में दूध का दूध और पानी का पानी जल्द होना अनिवार्य है ताकि दोषियों को ऐसी सख्त और नजीर बनने वाली सजा मिले, जिससे व्यवस्था की शुचिता बनी रहे। योगी सरकार के कड़े रुख से यह पूरी तरह साफ है कि न्याय हर हाल में होकर रहेगा और प्रभु के दरबार की पवित्रता तथा भक्तों का अटूट विश्वास सदैव अक्षुण्ण रहेगा।ALSO READ: अयोध्या राम मंदिर दान चोरी कांड, अब सर्विलांस स्टाफ रडार पर! RMO की भी खुलेगी कुंडली

 

(इस लेख में व्यक्त विचार/विश्लेषण लेखक के निजी हैं। 'वेबदुनिया' इसकी कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेती है।)