लोन की आखिरी किस्त जमा हो चुकी है। रसीद आपकी जेब में है। आप बैंक की ब्रांच में अपना गिरवी रखा हार लेने पहुंचते हैं, और जवाब मिलता है कि सोना अभी नहीं मिलेगा, अगले हफ्ते आइए। फिर अगला हफ्ता भी निकल जाता है। अगर आपके साथ ऐसा हो, तो चुपचाप इंतजार करने की जरूरत नहीं है। RBI के नियमों के मुताबिक, गोल्ड लोन पूरा चुकाने के बाद सोना लौटाने में कर्ज देने वाले की गलती से देरी हुई, तो उसे आपको हर दिन 5000 रुपये का मुआवजा देना होगा।
यह नियम ऐसे वक्त में और अहम हो जाता है, जब देश में गोल्ड लोन का बाजार 23.3 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है और लाखों परिवार अपने गहनों के बदले कर्ज ले रहे हैं।
7 कार्यदिवस में लौटाना होगा सोना
RBI के नए नियम बैंकों और दूसरे रेगुलेटेड कर्जदाताओं पर साफ जिम्मेदारी डालते हैं। लोन का पूरा भुगतान या सेटलमेंट होते ही उन्हें गिरवी रखा सोना और चांदी उसी दिन लौटाने की कोशिश करनी चाहिए। अगर किसी वजह से उसी दिन ऐसा नहीं हो पाता, तब भी ज्यादा से ज्यादा 7 कार्यदिवस के भीतर सोना लौटाना जरूरी है।
कार्यदिवस का मतलब है बैंक के कामकाज वाले दिन। छुट्टियां और साप्ताहिक अवकाश इसमें नहीं गिने जाते। यानी लोन चुकाने के बाद कोई भी संस्थान बिना वजह आपको कई हफ्तों तक दौड़ा नहीं सकता।
सोना लौटाते वक्त बैंक या NBFC को यह भी पक्का करना होगा कि आपको वही सोना वापस मिले, जो आपने गिरवी रखा था। इसके लिए सोने का वजन, शुद्धता और बाकी डिटेल उस सर्टिफिकेट से मिलाई जानी चाहिए, जो सोना जमा करते वक्त आपको दिया गया था।
देरी हुई तो रोज 5000 रुपये, पर एक शर्त है
अगर आपने लोन का पूरा पैसा चुका दिया है और फिर भी बैंक या NBFC की गलती से तय वक्त में सोना नहीं लौटा, तो कर्जदाता को देरी के हर दिन के लिए 5000 रुपये देने होंगे।
एक उदाहरण से समझिए। आपने लोन पूरा चुका दिया। 7 कार्यदिवस की मियाद बीत गई और कर्जदाता की गलती से सोना लौटाने में 3 दिन की और देरी हो गई। ऐसे में बैंक को आपको 15000 रुपये का मुआवजा देना होगा।
यहां ध्यान देने वाली बात ये है कि यह पैसा हर देरी पर अपने आप नहीं मिलेगा। यह नियम तभी लागू होगा, जब देरी के लिए बैंक या कर्जदाता जिम्मेदार हो और तय समयसीमा पार हो चुकी हो। अगर देरी किसी ऐसी वजह से हुई है, जो बैंक के बस में नहीं थी, तो बैंक को आपको उस देरी की वजह बतानी होगी। इसलिए हर मामले में हालात और रिकॉर्ड देखे जाएंगे।
सोना खो गया या चोरी हो गया तो क्या होगा
गोल्ड लोन में आप अपना कीमती सोना भरोसे के साथ बैंक या NBFC के पास रखते हैं। इसलिए उसकी हिफाजत की जिम्मेदारी भी कर्जदाता की होती है।
RBI के नियमों के मुताबिक, अगर गिरवी रखा सोना या चांदी खो जाता है, तो कर्जदाता को ग्राहक या उसके कानूनी वारिसों को उचित मुआवजा देना होगा। ऐसी घटना की जानकारी ग्राहक को तुरंत दी जानी चाहिए और मुआवजा पाने का तरीका भी बताया जाना चाहिए।
यहां एक बात पर गौर करना जरूरी है। रोज 5000 रुपये वाला नियम सिर्फ सोना लौटाने में देरी के लिए है। सोना खोने या चोरी होने पर यह रकम तय नहीं है, उस हालत में उचित मुआवजा मिलेगा। इसलिए अगर बैंक कहे कि सोना चोरी हो गया है या मिल नहीं रहा, तो लिखित में घटना की पूरी जानकारी, मुआवजे का आधार और पैसा कब तक मिलेगा, यह जरूर मांगिए।
चेन हल्की निकली या शुद्धता घटी तो
मान लीजिए आपने 22 कैरेट की सोने की चेन गिरवी रखी थी। लोन चुकाने के बाद चेन हाथ में आई, तो उसका वजन कम निकला या शुद्धता पहले जैसी नहीं रही। ऐसे में भी आप शिकायत कर सकते हैं।
RBI के निर्देशों के मुताबिक, अगर कर्जदाता के पास रहते हुए सोने को नुकसान पहुंचा है, तो उसकी मरम्मत का खर्च कर्जदाता उठाएगा। वजन या शुद्धता में गड़बड़ी या गिरावट मिलने पर भी ग्राहक या उसके कानूनी वारिसों को उचित मुआवजा देना होगा।
यहीं पर वह सर्टिफिकेट आपका सबसे बड़ा हथियार बनता है, जो लोन लेते वक्त मिलता है। इसमें सोने का कुल वजन, शुद्ध वजन, शुद्धता और दूसरी जरूरी डिटेल दर्ज होनी चाहिए। सोना वापस लेते वक्त इन्हीं जानकारियों से मिलान कीजिए।
सोना लेने जाएं तो क्या साथ ले जाएं
लोन पूरा चुकाने के बाद बैंक या NBFC की ब्रांच जाइए और साथ में लोन अकाउंट की डिटेल, भुगतान की रसीद, पहचान पत्र और सोना जमा करते वक्त मिला सर्टिफिकेट रखिए।
सोना हाथ में आते ही वहीं खड़े होकर कुछ बातें जांच लीजिए। देखिए कि वजन उतना ही है या नहीं, जितना जमा करते वक्त दर्ज हुआ था। शुद्धता और कैरेट में कोई फर्क तो नहीं है। गहने में कोई टूट-फूट तो नहीं हुई। बैंक ने सोना लौटाने की रसीद या जरूरी कागज दिए या नहीं। और आपका लोन अकाउंट पूरी तरह बंद हुआ या नहीं।
अगर सोना नहीं मिला या उसमें गड़बड़ी है, तो बैंक या NBFC को लिखित शिकायत दीजिए और उसकी कॉपी के साथ शिकायत मिलने का सबूत अपने पास रखिए।
बैंक न सुने तो कहां जाएं
अगर बैंक या NBFC तय वक्त में सोना नहीं लौटाता, मुआवजा देने से मना करता है या आपकी शिकायत का हल नहीं निकालता, तो पहले उस संस्थान के शिकायत निवारण अधिकारी से संपर्क कीजिए।
वहां बात नहीं बनी, तो RBI के कंप्लेंट मैनेजमेंट सिस्टम यानी CMS पोर्टल पर शिकायत दर्ज की जा सकती है। RBI की इंटीग्रेटेड ओम्बड्समैन स्कीम के दायरे में आने वाले संस्थानों के खिलाफ यहां शिकायत हो सकती है। आम तौर पर संस्थान से शिकायत करने के 30 दिन तक जवाब न मिले या जवाब से संतोष न हो, तब यह रास्ता अपनाया जाता है। शिकायत के साथ लोन बंद होने का सबूत, भुगतान की रसीद, सोना जमा करने का सर्टिफिकेट, बैंक से हुई बातचीत और पहले की शिकायतों की कॉपी लगाइए।
लोन लेने से पहले ही रहिए सावधान
गोल्ड लोन लेते वक्त सिर्फ ब्याज दर और मिलने वाली रकम देखना काफी नहीं है। सोना जमा करते वक्त उसका वजन, शुद्धता और गहनों की गिनती लिखे सर्टिफिकेट को ध्यान से पढ़िए। सोने की जांच बैंक कर्मचारी के सामने कराइए और रसीद जरूर लीजिए।
लोन एग्रीमेंट में ब्याज, भुगतान की तारीख, समय पर पैसा न चुकाने पर लगने वाले चार्ज और सोने की नीलामी से जुड़े नियम भी पढ़िए। समय पर लोन नहीं चुकाया, तो कर्जदाता तय प्रक्रिया के तहत आपके सोने की नीलामी कर सकता है। पर इसके लिए उसे आपको पहले से पूरी सूचना देनी होगी और RBI के नियम मानने होंगे।
कितना बड़ा है गोल्ड लोन का बाजार?
ये नियम कितने अहम हैं, यह गोल्ड लोन बाजार के साइज से समझ आता है। CRIF High Mark के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर 2026 के आखिर तक देश में गोल्ड लोन का बकाया 23.3 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया, जो एक साल में 60.6 फीसदी की बढ़त है। रिटेल कर्ज में यह सबसे तेज बढ़ने वाला सेगमेंट है। इसी दौरान सिक्योर्ड बिजनेस लोन 45.2 फीसदी बढ़कर 19.6 लाख करोड़ रुपये, कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन 44.5 फीसदी बढ़कर 1.3 लाख करोड़ रुपये और पर्सनल लोन 13.8 फीसदी बढ़कर 17.5 लाख करोड़ रुपये पर पहुंचे।
पर इस उछाल के पीछे लोगों के ज्यादा कर्ज लेने से बड़ी वजह सोने का महंगा होना रहा। दूसरी तिमाही में नए गोल्ड लोन की वैल्यू 27.2 फीसदी बढ़कर 8.15 लाख करोड़ रुपये हो गई, लेकिन नए लोन अकाउंट 4.1 फीसदी घटकर 369.4 लाख रह गए। यानी लोन की गिनती घटी, पर रकम बढ़ी। नए गोल्ड लोन की वैल्यू में NBFC की हिस्सेदारी तिमाही आधार पर करीब 4 पर्सेंटेज पॉइंट बढ़कर 31.4 फीसदी हो गई।
Muthoot Finance इसकी अच्छी मिसाल है। तिमाही आधार पर इसका गोल्ड लोन पोर्टफोलियो 9 फीसदी बढ़ा, जबकि गिरवी रखे सोने की असल मात्रा सिर्फ 4 फीसदी बढ़ी। बाकी काम सोने की बढ़ी कीमत ने किया।
भारतीय परिवारों के पास कितना सोना है?
भारतीय परिवारों के पास 30000 टन से ज्यादा सोना होने का अनुमान है, पर इंडस्ट्री रिसर्च के मुताबिक इसका सिर्फ करीब 10 फीसदी ही अभी कर्ज के बदले गिरवी रखा है। यानी संगठित गोल्ड लोन कंपनियों के लिए अभी बहुत बड़ा बाजार खाली पड़ा है। फिलहाल निवेशकों की नजर सोने के दाम पर उतनी ही है, जितनी कर्जदाताओं की।

