Ola Electric Share: इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने वाली कंपनी Ola Electric अपनी बैटरी खुद बनाने की तैयारी में है। कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर भाविश अग्रवाल का कहना है कि सही स्तर पर प्रोडक्शन पहुंचने के बाद इससे लागत में करीब 20% तक की बचत हो सकती है। इससे कंपनी को अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर की कीमत और लागत पर बेहतर नियंत्रण मिलेगा।
12 नवंबर को Q2 FY27 के नतीजों पर हुई कॉन्फ्रेंस कॉल में अग्रवाल ने यह बात कही। उन्होंने बताया कि फिलहाल कंपनी बाहरी सप्लायर्स से 2170 बैटरी सेल खरीदती है। अब वह अपनी LFP (लिथियम आयरन फॉस्फेट) सेल का उत्पादन बढ़ा रही है।
इसी वित्त वर्ष में स्कूटर में लगेंगी अपनी सेल
ओला इलेक्ट्रिक की योजना वित्त वर्ष 2027 के अंत तक अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर में स्वदेशी LFP सेल लगाने की है। कंपनी ने बताया कि उसकी LFP टेक्नोलॉजी तैयार है और इस तिमाही से प्रोडक्शन बढ़ाने का काम शुरू हो गया है।
कंपनी को उम्मीद है कि मार्च 2027 तक मैन्युफैक्चरिंग यील्ड करीब 70% पहुंच जाएगी। इस स्तर पर अपनी सेल बनाना बाहरी सप्लायर्स से खरीदने के मुकाबले लागत के लिहाज से बराबर पड़ने लगेगा। वहीं, 85% यील्ड होने पर बाहरी खरीद के मुकाबले 10-15% तक बचत हो सकती है। आगे चलकर यील्ड 90% तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
बैटरी प्रोडक्शन बढ़ाने पर जोर
भाविश अग्रवाल ने बताया कि कंपनी की NMC सेल की मैन्युफैक्चरिंग यील्ड फिलहाल 75% के आसपास है। इसे अगले कुछ महीनों में 85% तक ले जाने की योजना है।
हालांकि, भारत में बैटरी सेल बनाना अभी भी चीन से आयात करने के मुकाबले महंगा पड़ता है। इंडस्ट्री के जानकारों के मुताबिक, घरेलू सेल की लागत चीनी आयात से करीब 20% ज्यादा हो सकती है। ऐसे में भारतीय कंपनियों के सामने लागत घटाने की चुनौती है।
ओला इलेक्ट्रिक के शेयर
ओला का स्टॉक बुधवार को 2.23% की गिरावट के साथ 32.50 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक 5.25% गिरा है। वहीं, एक साल में यह 21.44% नीचे आया है। आईपीओ के बाद से यह 63.71% क्रैश हो चुका है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

