Azam Khan: ‘मुसलमान ने शिक्षा का मंदिर बनाया ये उसी की सजा है’; आजम खान का डासना जेल से बाहर आते ही बड़ा बयान

Azam Khan Released from Ghaziabad jail: समाजवादी पार्टी (SP) के वरिष्ठ नेता आजम खान को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के एक दिन बाद बुधवार (18 नवंबर) शाम गाजियाबाद की डासना जिला जेल से रिहा कर दिया गया। आजम खान के वकील मोहम्मद यासिर अब्बासी ने बताया कि अदालत ने बुधवार दोपहर उनकी रिहाई का आदेश जारी कर दिया। अब्बासी के मुताबिक, अदालत ने 50-50 हजार रुपये के दो जमानत बांड जमा करने की शर्त पर रिहाई का आदेश दिया। उन्होंने बताया कि बचाव पक्ष ने अदालत में खान का मेडिकल रिकॉर्ड भी पेश किया था। जमानत बांड के सत्यापन के बाद रिहाई आदेश जारी करने का अनुरोध किया था।

इस मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट में अगली सुनवाई 10 दिसंबर को निर्धारित है। खान को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उनके मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 31 अक्टूबर को हिरासत में लिया था। उसी दिन उन्हें रामपुर जेल से एक अन्य आपराधिक मामले में रिहा किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें गाजियाबाद की PMLA अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

ED ने 12 नवंबर को आजम से चार दिन की पूछताछ के लिए हिरासत मांगी थी, जिसे अदालत ने मंजूरी दे दी थी। उनकी हिरासत 16 नवंबर की शाम को खत्म हुई थी। उसी दिन अदालत में पेश किए जाने के बाद ED ने हिरासत बढ़ाने की मांग नहीं की, जिसके बाद उन्हें दोबारा न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया गया था।

‘मुसलमान ने शिक्षा का मंदिर बनाया ये उसी की सजा है’

आजम खान जेल से रिहा होने के बाद एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं। जेल से बाहर आने के बाद खान ने कहा, “मुझे वही बात कहनी है जो मैं हमेशा कहता आया हूं। एक मुसलमान ने शिक्षा का मंदिर बनाया… और यह उसी की सजा है।” ED ने 78 वर्षीय आजम खान को 31 अक्टूबर को रामपुर जिला जेल से गिरफ्तार किया था। वह इसी दिन ड्यूल PAN कार्ड धोखाधड़ी मामले में जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आए थे। जेल से बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद ED ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद से आजम खान न्यायिक हिरासत में थे। अब इलाहाबाद हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने और सुप्रीम कोर्ट की ओर से तत्काल रोक नहीं लगाए जाने के बाद उनकी रिहाई संभव हो सकी है।

क्या है मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट से जुड़ा मामला?

आजम खान लंबे समय से इस यूनिवर्सिटी और ट्रस्ट से जुड़े विवादों के कारण कानूनी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। हालांकि, जांच एजेंसी की ओर से लगाए गए आरोपों को अदालत में साबित होना अभी बाकी है। उनके खिलाफ ED की मनी लॉन्ड्रिंग जांच मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट से जुड़ी हुई है। यह ट्रस्ट आजम खान ने स्थापित किया था। इसका नियंत्रण भी उन्हीं के पास बताया जाता है।

ED की जांच में कथित तौर पर सरकारी पैसे के दुरुपयोग, जमीन अधिग्रहण में अनियमितताओं और मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण से जुड़े आरोपों की पड़ताल की जा रही है। आजम खान इस यूनिवर्सिटी के मानद कुलाधिपति हैं। जांच एजेंसी को संदेह है कि ट्रस्ट से जुड़े वित्तीय लेनदेन में अनियमितताएं हुई हैं। सरकारी धन का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल किया गया। इसी मामले को लेकर ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के तहत कार्रवाई की थी।

ये भी पढ़ें- Lateef Bhat Killed: मस्जिद में छिपा था लश्कर कमांडर लतीफ भट, सरेंडर की अपील और लंबी वीडियो कॉल भी बेअसर; ऐसे हुआ खूंखार आतंकी का खात्मा