
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान (IGP) में आयोजित होने वाले भव्य ‘पांचवें कौशल दीक्षा समारोह’ में शिरकत करेंगे और देशभर के मेधावी ITI टॉपर्स को सम्मानित करेंगे। यह पहला मौका है जब इस राष्ट्रीय समारोह का आयोजन राजधानी दिल्ली से बाहर किसी अन्य शहर में किया जा रहा है। विधानसभा चुनाव की बढ़ती सरगर्मियों के बीच प्रधानमंत्री के इस प्रस्तावित दौरे को लेकर शासन-प्रशासन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
समारोह से जुड़ी मुख्य बातें
- पहली बार दिल्ली से बाहर आयोजन : कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय की ओर से वर्ष 2022, 2023, 2024 और 2025 में यह समारोह नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया गया था। अब 21 नवंबर की दोपहर बाद इसकी मेजबानी लखनऊ का इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान करेगा।
- यूपी के 6 होनहारों को मिलेगा सम्मान : प्रशिक्षण महानिदेशालय (DGT), भारत सरकार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में अखिल भारतीय शिल्पकार प्रशिक्षण योजना (CTS) के 37 और शिल्पकार अनुदेशक प्रशिक्षण योजना (CITS) के 15 यानी कुल 52 ऑल इंडिया टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा। इनमें उत्तर प्रदेश के 6 प्रशिक्षार्थी शामिल हैं, जिनमें से 4 अकेले लखनऊ के हैं, जबकि 1-1 प्रशिक्षार्थी अयोध्या (फैजाबाद) और देवरिया से हैं।
- देशभर से जुटेंगे 1500 विद्यार्थी : समारोह में देशभर के 40 ट्रेड और छह जोन के करीब 64 टॉपर विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इस भव्य कार्यक्रम में देशभर की विभिन्न आईटीआई से करीब 1500 विद्यार्थी हिस्सा लेंगे, जिनकी भागीदारी और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
यूपी की युवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश कौशल विकास के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। लखनऊ को इस राष्ट्रीय समारोह की मेजबानी मिलना प्रदेश की बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था और युवाओं की उपलब्धियों का प्रमाण है।
सुरक्षा को लेकर अलर्ट मोड पर एजेंसियां
प्रधानमंत्री की मौजूदगी को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। शुक्रवार को केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की टीम ने स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान का बारीकी से निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


