
भोपाल। मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन के चैयरमैन संजय नगाइच एक बार फिर विवादों को लेकर सुर्खियों में हैं। रीवा जिले के रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र स्थित जोगनई टोल प्लाजा पर टोल कर्मचारियों के साथ उनके विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में नगाइच कर्मचारियों से अपनी पहचान बताते हुए कहते सुनाई दे रहे हैं कि क्या वे मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष को नहीं पहचानते? इसके बाद वे कर्मचारियों से कलेक्टर को फोन लगाने की बात भी कहते नजर आ रहे हैं। इसके साथ नगाइच कहते सुनाई दे रहे है कि क्या रात में चढ़ा रखी है। वहीं जवाब में टोलकर्मी संजय नगाइच से कहता है कि हम वेयरहाउसिंग को जानते है ,साहब आपने पी रखी है।
यह पूरी घटना 17 और 18 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 12:10 बजे की बताई जा रही है। उस समय संजय नगाइच दौरे से लौट रहे थे। जोगनई टोल प्लाजा पर उनकी गाड़ी रोके जाने के बाद टोल शुल्क को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई। वायरल वीडियो में नगाइच और टोल कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक सुनाई दे रही है। टोल कर्मचारी उन्हें जवाब देता भी नजर आ रहा है।
टोल कर्मचारियों का आरोप है कि नगाइच शुरुआत में टोल शुल्क नहीं देना चाहते थे और अपने पद का हवाला देकर दबाव बना रहे थे। कर्मचारियों के मुताबिक बाद में टोल शुल्क का भुगतान कर दिया गया। दूसरी तरफ वीडियो के वायरल होने के बाद संजय नगाइच की ओर से दी सफाई दी गई है। उन्होंने कहा कि जोगनाई टोल नाके पर एडवांस शुल्क देने के बाद भी गेट नहीं खोले गए।
पन्ना पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया कि अध्यक्ष की मौजूदगी की जानकारी देने के बावजूद बैरियर काफी देर तक नहीं खोला गया। उनके वाहन चालकों ने टोल कर्मचारियों पर अभद्र व्यवहार, धमकी और जातिसूचक टिप्पणी करने के आरोप लगाए हैं।
पहले भी विवादों में रहे संजय नगाइच
संजय नगाइच का विवादों से पुराना नाता रहा है। वर्ष 2009 में विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के विरोध में काम करने के आरोप में उन्हें भाजपा से निलंबित किया गया था। इसके बाद वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव से जुड़ी पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोपों के चलते 6 जुलाई 2015 को तत्कालीन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार चौहान ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया था। । जून 2026 में इंदौर के एक वेयरहाउस के निरीक्षण को लेकर भी नगाइच और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के बीच राजनीतिक बयानबाजी हुई थी। निरीक्षण और कार्रवाई को लेकर दोनों पक्षों ने अपना-अपना पक्ष रखा था। अब रीवा के टोल प्लाजा का वीडियो सामने आने के बाद उनका नाम एक बार फिर प्रदेश की राजनीतिक और प्रशासनिक चर्चाओं में है।


