
ग्रेटर नोएडा में गौड़ सिटी-2 स्थित महागुन मायवुड्स सोसाइटी (Mahagun Mywoods Society) में शुक्रवार की सुबह एक अप्रत्याशित और भीषण हादसे ने पूरे परिवार को उजाड़ कर रख दिया। टॉवर-23 की 23वीं मंजिल की बालकनी से गिरकर एक 40 वर्षीय पिता और उनके 11 साल के इकलौते बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान रणदीप पात्रा और उनके बेटे आरव के रूप में हुई है।
खाटू श्याम जाने की थी तैयारी
परिवार के मुताबिक, शुक्रवार सुबह पूरे परिवार को खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए रवाना होना था। यात्रा की तैयारी और पूजा-पाठ के लिए रणदीप अपने बेटे आरव के साथ बालकनी में फूल तोड़ने गए थे। रात की बारिश के कारण बालकनी और फर्श काफी गीला था।
पैर फिसलने से गिरा आरव, बालकनी पर लटका
शुरुआती जांच और परिजनों के अनुसार, आरव सीढ़ी पर चढ़कर फूल तोड़ रहा था, तभी उसका पैर अचानक फिसल गया और वह संतुलन खो बैठा। गिरते-गिरते उसने किसी तरह बालकनी की रेलिंग पकड़ ली और मदद के लिए चिल्लाया। अपने बेटे को जान बचाने के लिए संघर्ष करते देख पिता रणदीप तुरंत दौड़े, लेकिन गीले फर्श पर उनका भी पैर फिसल गया। इससे पहले कि वे बेटे को संभाल पाते, दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे 23वीं मंजिल से नीचे आ गिरे।
घर के अंदर तैयार हो रही थीं पत्नी, चीख सुनकर उड़े होश
जिस वक्त यह हादसा हुआ, रणदीप की पत्नी घर के अंदर यात्रा के लिए तैयार हो रही थीं। अचानक बाहर से आई चीख-पुकार और धड़ाम की आवाज सुनकर जब वह बालकनी और नीचे की ओर दौड़ीं, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। नीचे दोनों के शव खून से लथपथ पड़े थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती तौर पर यह बारिश के कारण गीले फर्श पर पैर फिसलने से हुआ हादसा लग रहा है, फिर भी मामले के हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है।


