तबाही मचा रहा चक्रवात ‘अर्णब’: आंध्र प्रदेश तट से टकराया तूफान, कई पेड़ उखड़ें, सड़कें जलमग्न

तबाही मचा रहा चक्रवात 'अर्णब': आंध्र प्रदेश तट से टकराया तूफान, कई पेड़ उखड़ें, सड़कें जलमग्न

cyclone arnab

Cyclone Arnab : चक्रवाती तूफान अर्णब बुधवार सुबह आंध्र प्रदेश में काकीनाडा के पास यानम के नजदीक तट से टकरा गया। चक्रवात के तट से टकराने के बाद, काकीनाडा कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए और बिजली की लाइनें टूट गईं हैं। सड़कें जलमग्न हो गई हैं। आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का दौर जारी है। ALSO READ: Cyclone Arnab: समुद्र में कैसे पैदा होता है खतरनाक चक्रवात? जानिए ‘लैंडफॉल’ और तूफान से जुड़ी खास बात

 

चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से आंध्रप्रदेश के तटीय इलाकों में बहुत तेज हवाएं चल रही हैं और भारी बारिश हो रही है।काकीनाडा में रिहायशी इलाकों में समुद्र का पानी कई घरों में घुस गया। वहीं कोनासीमा में चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण तेज हवाएं चल रही हैं और समुद्र में ऊंची लहरें देखी गई।

खराब मौसम के चलते ओडिशा और आंध्र प्रदेश में कई उड़ानें प्रभावित हुई, रेलवे ने भी कई ट्रेनें रद्द कर दी है। चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सलाह दी गई है कि जब तक तूफान तट को पार न कर ले, वे अपने घरों के अंदर ही रहें। 

अर्णब गोपालपुर के करीब

ओडिशा के गोपालपुर में चक्रवात अर्णब के प्रभाव के कारण तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। इस चक्रवाती तूफान का केंद्र तट के बहुत करीब है और अगले कुछ घंटों तक इसके तट से टकराने (लैंडफॉल) की प्रक्रिया जारी रहेगी।

 

क्या बोले ओडिशा के मंंत्री?

ओडिशा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा, “लैंडफॉल की प्रक्रिया करीब 1:30 बजे काकीनाडा में शुरू हुई और यह आंध्र प्रदेश राज्य की ओर बढ़ने लगी। आंध्र प्रदेश के तट पर पहुंचने के बाद यह उत्तर और उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा और मलकानगिरी तक पहुंचेगा…इसे ओडिशा पहुंचने में अभी कुछ और घंटे लगेंगे। स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए, हमने अलग-अलग जगहों पर 313 रिस्पॉन्स टीमें तैनात की हैं।

 

लैंडफॉल की प्रक्रिया अभी भी जारी है। जैसे ही यह ओडिशा की ओर बढ़ना शुरू करेगा, हमारे सिस्टम इस चक्रवाती तूफान से निपटने के लिए तैयार रहेंगे और हम लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाएंगे। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और न ही लोगों को किसी तरह की परेशानी होने की कोई सूचना मिली है। हम पूरी तरह से तैयार हैं।

 

पश्चिम बंगाल में भी भारी बारिश

चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई।