Cyclonic storm Arnab : चक्रवात ‘अर्णब’ को लेकर अलर्ट, आंध्रप्रदेश के तट से टकराने की आशंका, 53 ट्रेनें रद्द

Cyclonic storm Arnab : चक्रवात 'अर्णब' को लेकर अलर्ट, आंध्रप्रदेश के तट से टकराने की आशंका, 53 ट्रेनें रद्द

cyclone

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, तूफान पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। इसके 28 अक्टूबर की सुबह आंध्रप्रदेश के तट पर बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यानम के आसपास, टकराने की आशंका जताई गई है।

ALSO READ: Kinetic DX इलेक्ट्रिक स्कूटर, 102KM रेंज और 90KM/H की स्पीड, जानें फीचर्स

मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान के दौरान हवा की अधिकतम निरंतर रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि झोंकों की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है। तूफान को देखते हुए रेल और विमान सेवाओं के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। दक्षिण तटीय रेलवे ने एहतियात के तौर पर 27 और 28 अक्टूबर को 53 ट्रेन सेवाएं रद्द करने की घोषणा की है।

ALSO READ: Sonia Gandhi : सोनिया गांधी की किताब से मचेगा ‘तमाशा’! बोलीं- दशकों से दूसरे बताते रहे मेरी कहानी, अब मेरी बारी

इन राज्यों में भारी बारिश का अनुमान

IMD के पूर्वानुमान के अनुसार:

– आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके और यानम:   28 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश।

– ओडिशा: 28 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश।

– छत्तीसगढ़: 28 और 29 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश।

– पूर्वी उत्तर प्रदेश: 29 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश। 

प्रशासन ने तटीय इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है।  

चक्रवात ‘अर्णब’ की ताजा स्थिति

मौसम विभाग के अनुसार, 27 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे तूफान पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था। पिछले छह घंटों में यह लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम की ओर बढ़ा। इसके शाम तक पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और फिर उत्तर-पश्चिम की ओर मुड़ने का अनुमान है। तूफान के प्रभाव से कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। 

 

आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका

IMD के अनुसार, चक्रवात 28 अक्टूबर की सुबह बापटला और विशाखापत्तनम के बीच यानम के नजदीक तट पार कर सकता है। इस दौरान तेज हवाएं और भारी बारिश परेशानी बढ़ा सकती हैं।

53 ट्रेन सेवाएं रद्द

चक्रवात के खतरे को देखते हुए दक्षिण तटीय रेलवे ने 27 और 28 अक्टूबर को 53 ट्रेन सेवाएं रद्द करने की घोषणा की है। विजयवाड़ा, मछलीपट्टनम, काकीनाडा, विशाखापत्तनम, राजमुंदरी और आसपास के मार्गों पर चलने वाली कुछ ट्रेनें प्रभावित हैं। यात्रियों को स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन का नंबर, यात्रा की तारीख और परिचालन स्थिति जांचने की सलाह दी गई है।

 एयर इंडिया ने जारी की एडवाइजरी

एयर इंडिया ने यात्रियों को चेतावनी दी है कि चक्रवात से जुड़े खराब मौसम के कारण विशाखापत्तनम और विजयवाड़ा आने-जाने वाली उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों को उड़ान की स्थिति जांचने और एयरपोर्ट पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय रखने की सलाह दी गई है।  

आंगनवाड़ी लाभार्थियों तक पहुंचाया जाएगा राशन

प्रशासन ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को अपने निर्धारित क्षेत्रों में उपलब्ध रहने के निर्देश दिए हैं। केंद्र बंद रहने की स्थिति में लाभार्थियों के घर तक सूखा राशन या टेक-होम राशन पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि पोषण सहायता बाधित न हो।
 

 ओडिशा सरकार ने मीडिया को दी सलाह

ओडिशा सरकार ने मीडिया संस्थानों और डिजिटल प्लेटफॉर्म से चक्रवात को लेकर अपुष्ट, भ्रामक या अटकलों पर आधारित पूर्वानुमान और चेतावनियां प्रसारित नहीं करने की अपील की है।

अंडमान-निकोबार में स्कूल बंद

चक्रवात के खतरे के बीच अंडमान और निकोबार प्रशासन ने 27 अक्टूबर तक दो दिनों के लिए स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है। लोगों को सावधानी बरतने और आधिकारिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।