उत्तर भारत में अचानक बदला मौसम का मिजाज; पहाड़ों पर सीजन की पहली बर्फबारी

उत्तर भारत में अचानक बदला मौसम का मिजाज; पहाड़ों पर सीजन की पहली बर्फबारी

snowfall on mountains

Weather Update : पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम बदल गया है। कश्मीर से लेकर हिमाचल तक सीजन की पहली बर्फबारी हुई है, जबकि दिल्ली-NCR और पंजाब-हरियाणा में बारिश का अलर्ट है।

 

राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में आज सुबह बारिश हुई। जम्मू कश्मीर के डोडा जिले के ऊपरी इलाकों में इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई। ताजा हिमपात के बाद तापमान में काफी गिरावट आई है और पहाड़ बर्फ की चादर से ढक गई है। पीर पंजाल रेंज की ‘पीर की गली’ में भी इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई जिसके बाद सड़कों पर बर्फ जमा हो गया। अभी मुगल रोड से बर्फ हटाने का काम जारी है। हिमाचल प्रदेश के भरतपुर, बारालाचा और सूरज ताल क्षेत्र में बर्फबारी शुरू हुई। हिमपात को देखते हुए सरचू चेकपोस्ट पर वाहन रोके गए।

 

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में काफी बड़े इलाकों में बारिश हो रही है। दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। कुछ जगहों पर 40-50 किमी/घंटा या इससे तेज हवाएं, गरज-चमक और ओले की भी संभावना है।

उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश के साथ ही गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका है। पूर्वी राजस्थान में भी कुछ जगहों पर बारिश और ओलावृष्टि संभव है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पूर्वोत्तर में भी बारिश का अलर्ट है।

 

दक्षिण भारत के केरल एवं माहे तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी एवं कराईकल में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ ही 40-50 किमी/घंटे की हवाएं चलने की भी संभावना है। 

 

इन राज्यों में बर्फबारी

गुलमर्ग, पहलगाम, सोनमर्ग, जोजिला, राजदान टॉप, गुरेज समेत जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो रही है। यह सीजन की शुरुआती बर्फबारी है। लद्दाख के लेह और कारगिल जैसे जगहों पर हल्की बर्फबारी की वजह से तापमान तापमान शून्य से नीचे पहुंचे गया।

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी हो रही है। उत्तराखंड के 3500-3800 मीटर या उससे ऊंचे इलाकों (चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी आदि) में बर्फबारी की संभावना हैं। इससे निचले इलाकों में बारिश और ठंड बढ़ेगी।